Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 1 जुलाई 2022

कलेक्टर एवं एसपी ने देखा द्वितीय चरण के निर्वाचन की व्यवस्थाएं

मतदान केंद्रों एवं कानून व्यवस्था का लिया जायजा

 

मण्डला 1 जुलाई 2022

            कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने द्वितीय चरण के अंतर्गत 1 जुलाई को मंडला जिले की तीन जनपद मंडला, मोहगांव और घुघरी क्षेत्र के मतदान एवं निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों में पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए मतदानकर्मियों से केन्द्र की व्यवस्थाएं, मतदाताओं की जानकारी एवं अन्य आवश्यक जानकारी ली। कलेक्टर एवं एसपी ने मंडला जनपद के अंतर्गत देवदरा पंचायत, कटरा, बिंझिया, बड़ीखैरी, राजीवकॉलोनी, जंतीपुर, बिनैका, सेमरखापा, फूलसागर, बकौरी, बबैहा, जुझारी, ग्वारी एवं पौंड़ीलिंगा के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मोहगांव में कन्या माध्यमिक तथा बालक शाला मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया। इसी प्रकार घुघरी जनपद के टिकरिया, कन्या माध्यमिक शाला एवं कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुघरी में बनाए गए मतदान केन्द्र की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी ली। साथ ही स्थानीय क्षेत्र में कानून व्यवस्था के बारे में जाना।

 

 

 

 

 

 

 

 

दिव्यांग, वृद्ध एवं युवा मतदाताओं ने उत्साह के साथ किया मतदान

 

मण्डला 1 जुलाई 2022

            त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2022 के अंतर्गत द्वितीय चरण के तहत मंडला जिले की मंडला, मोहगांव तथा घुघरी जनपद में 1 जुलाई को मतदान किया गया। द्वितीय चरण के तहत 1 जुलाई को हुए मतदान में शामिल सभी 503 मतदान केंद्रों में प्रातः 7 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। लोकतंत्र के इस उत्सव में पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं ने बढ़चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। युवा मतदाता सुबह से ही अपना वोट डालने अपने नजदीकि केन्द्रों में पहुंचे तथा सेल्फी भी ली। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने में किसी से पीछे नहीं रहे। घुघरी में 80 वर्षीय गिरीश पाठक तथा 71 वर्षीय इंद्राणी पाठक ने मतदान केन्द्र पहुंचकर अपना वोट डाला। इसी प्रकार मतदान केन्द्र क्रमांक-117 इलाही घुघरी में 95 वर्ष की बुजुर्ग माता ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। झालपानी में दिव्यांग बहनों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रसन्नता व्यक्त की। मातृशक्तियों ने भी बड़े उत्साह के साथ अपने घरों से निकलकर अपने नजदीकी मतदान केंद्रों में वोट डाला।

 

 

 

 

 

 

प्रेक्षक ने किया द्वितीय चरण के तीनों जनपदों में मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण

 

मण्डला 1 जुलाई 2022

            राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मंडला जिले के लिए नियुक्त प्रेक्षक श्री मदनलाल कौरव ने त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत द्वितीय चरण में शामिल तीनों जनपदों का निरीक्षण किया। प्रेक्षक श्री कौरव ने अपने भ्रमण के दौरान मंडला, मोहगांव तथा घुघरी के मतदान केन्द्रों में पहुंचकर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में आवश्यक निर्देश भी दिए।

 

 

 

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 1 जुलाई 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 1 जुलाई के दौरान 152.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 249.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 97.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जुलाई को मंडला में 24.6 मि.मी., नैनपुर में 16.8 मि.मी., बिछिया में 2.7 मि.मी., निवास में 2.4 मि.मी., घुघरी में 1.5 मि.मी. एवं नारायणगंज में 12.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 1 जुलाई को 10.0 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना

 

मण्डला 1 जुलाई 2022

            अधीक्षक डाकघर मंडला से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय डाक विभाग फिलाटेली छात्रवृत्ति योजना “दीन दयाल स्पर्श योजना” वर्ष 2022-23 के अंतर्गत कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित करता है, जिसमें कक्षा 6 से कक्षा 9 तक प्रत्येक कक्षा में चयनित 10-10 विद्यार्थियों को छात्रवृति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि रु 6 हजार एक वर्ष के लिए होगी। विस्तृत जानकारी भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट http://www.indiapost.gov.in से अथवा मंडला व डिंडोरी जिले के प्रतिभागी अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग मंडला के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।

 

योजना के लिए पात्रता शर्तें

 

आवेदक को सम्बंधित विद्यालय में स्थित सक्रिय फिलाटेली क्लब का सदस्य होना चाहिए, यदि किसी विद्यालय में फिलाटेली क्लब नही है तो विद्यार्थी व प्रतियोगी का किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलाटेली जमा खाता होना चाहिए, बिना फिलाटेली जमा खाते के आवेदन पर विचार नही किया जायेगा। प्रतियोगी का विगत परीक्षा का परिणाम 60 प्रतिशत अथवा समान्तर ग्रेड से अधिक होना चाहिए। एससी, एसटी प्रतिभागियों के लिए 5 प्रतिशत की रियायत प्रदान की जायेगी।

 

चयन प्रक्रिया

 

चयन प्रक्रिया में 2 स्तर होंगे। स्तर 1 – लिखित क्विज परीक्षा 18 सितम्बर 2022 को आयोजित की जायेगी, जिसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न समसामयिकी, इतिहास, भूगोल, विज्ञान, खेल व संस्कृति प्रत्येक से 5 प्रश्न एवं स्थानीय व राष्ट्रीय फिलाटेली से सम्बंधित क्रमशः 10 एवं 15 प्रश्न रहेंगे। लिखित क्विज की समयावधि एक घंटा रहेगी। लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र द्वारा स्थान एवं समय की सूचना दी जायेगी। लिखित परीक्षा में उपस्थित होने के लिए कोई भी यात्रा व्यय देय नही होगा। स्तर 2 – लिखित क्विज में चयनित विद्यार्थियों को स्तर 2 में भाग लेने के लिए फिलाटेली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करना होगा, फिलाटेली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2022 तक रहेगी। फिलाटेली प्रोजेक्ट हेतु विषय अलग से सूचित किये जायेंगे।

 

आवेदन प्रक्रिया

 

उक्त छात्रवृति योजना में भाग लेने के लिए आवेदन पत्र नजदीकी डाकघर में उपलब्ध होंगे तथा निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र अंतिम तारीख को समय 4 बजे तक या उससे पहले अधीक्षक डाकघर मंडला संभाग मंडला 481661 के कार्यालय के पते पर रजिस्टर्ड, स्पीड पोस्ट व साधारण डाक के माध्यम से भेजा जाना है। आवेदन पत्र के लिफाफे पर स्पष्ट रूप से दीन दयाल स्पर्श छात्रवृति योजना वर्ष 2022-23 लिखा हुआ होना आवश्यक है। आवेदन पत्र प्रेषित करने की समय सीमा 18 जुलाई 2022 से 26 अगस्त 2022 समय 4 बजे तक है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नही किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

श्रमोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 3 जुलाई को

 

मण्डला 1 जुलाई 2022

            श्रम पदाधिकारी ने बताया कि श्रमोदय आवासीय विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2022-23 में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए श्रमोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2022 म.प्र. राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जा रही है। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 3 जुलाई 2022 को होना निर्धारित है। जिले में उक्त आयोजित परीक्षा का केन्द्र शासकीय रानी आवंती बाई कन्या उच्च.माध्यमिक विद्यालय मंडला है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 1 जुलाई 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 30 जून की शाम 3 बजे से 1 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

1 कोरोना केस मिले

 

मण्डला 1 जुलाई 2022

            30 जून 2022 की शाम 3 बजे से 1 जुलाई 2022 की शाम 3 बजे तक जिले में 1 नया कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनपुर के वार्ड नंबर-6 निवासी 39 वर्षीय पुरूष की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। संक्रमित को आईसोलेशन में रखा गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनसामान्य से मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने का आव्हान किया है।

Related posts

राज्यपाल से अंडर-17 राष्ट्रीय उपविजेता गर्ल्स फ़ुटबॉल टीम ने की शिष्टाचार भेंट

Reva India News

प्रशिक्षण/क्षमता संवर्धन वन स्टॉप सेंटर के द्वारा कार्यशाला का आयोजन इंद्राजी वार्ड मण्डला में किया गया

Reva India News

राज्य स्तरीय विश्वकर्मा पुरस्कार के लिये चयनित कलाकृतियों को लेकर आपत्ति आमंत्रित

Reva India News

Leave a Comment