छात्रवृत्ति भुगतान की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें – डॉ. सिडाना
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक संपन्न
मंडला 28 मई 2024
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति के भुगतान की कार्यवाही जल्द पूर्ण करें। छात्रवार समीक्षा करते हुए समस्याओं का चिन्हांकन कर निदानात्मक कार्यवाही करें। सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारी संबंधित संस्थाओं में भ्रमण करते हुए कार्य में प्रगति लाएं। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, समस्त एसडीएम तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सिडाना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति से जुड़े प्रकरणों को बैंकर्स भी प्राथमिकता के साथ एक सप्ताह में निराकृत करें। विभागीय जांच के शेष बचे प्रकरणों को 30 मई तक पूर्ण करें तथा आदेश की प्रति कार्यालय कलेक्टर में जमा करें। वनग्रामों की सूची फसल बीमा पोर्टल पर जोड़ने की कार्यवाही करें ताकि वन ग्राम के किसान भी फसल बीमा का लाभ ले सकें। गिरदावरी के कार्य को जल्द पूर्ण करें। मूंग, उड़द उपार्जन के लिए पंजीयन केन्द्र निर्धारित किए गए हैं जिसकी जानकारी किसानों तक पहुंचाएं। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरण, खाद्यान्न उठाव, समग्र ईकेवाईसी, आयुष्मान पंजीयन, स्वामित्व योजना, टीएल प्रकरण आदि की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

टीम बनाकर करें प्राईवेट अस्पतालों की जाँच
बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी प्राईवेट अस्पतालों में टीम बनाकर फायर एनओसी आदि की जाँच कराएं। सभी अस्पतालों में शासन के सुरक्षा संबंधी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराएं। इसी प्रकार समस्त एसडीएम अपने क्षेत्रांतर्गत एडवेंचर पार्क, गेमिंग जोन एवं वेकेंट हॉल आदि की जांच कराना सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने की स्थिति में संबंधितों पर नियमानुसार कार्यवाही करें।

पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण करें
पेयजल की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने निर्देशित किया कि जिला, अनुविभाग एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए त्वरित पहल करें। कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाएं। आवश्यकतानुसार नलजल योजनाओं तथा हेंडपंपों में सुधार कराएं। कलेक्टर ने हालोन परियोजना की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

’लक्ष्य’ के मापदंड पूर्ण कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएं – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने की लक्ष्य असेसमेंट तैयारियों की समीक्षा
मंडला 28 मई 2024
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला चिकित्सालय मंडला, सिविल अस्पताल नैनपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिछिया में लक्ष्य असेसमेंट की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इन्टरनल असेसमेंट के आधार पर प्रसूति कक्ष एवं मेटरनिटी ओटी में उपलब्ध सुविधाओं एवं संसाधनों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य कार्यक्रम के तहत निर्धारित मापदंडों को पूरा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएं। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में सीएमएचओ डॉ. केसी सरौते, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।

असेसमेंट को सकारात्मक रूप में स्वीकार करें
कलेक्टर ने कहा कि यह कार्यक्रम रिस्पेक्टफुल मेटरनिटी केयर के लिए आवश्यक है, जिसमें पूरी गंभीरता से कार्य करें। लक्ष्य कार्यक्रम के अनुरूप मापदंड पूरा करते हुए गर्भवती महिलाओं को बेहतर उपचार एवं सेवाएं प्रदान करें। विभागीय इंजीनियर रोस्टर तैयार कर स्वास्थ्य केन्द्रों का भ्रमण करें तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर में आवश्यकतानुसार सुधार कार्य सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि राज्य स्तरीय टीम द्वारा किये जाने वाले असेसमेंट को सकारात्मक रूप में स्वीकार करें तथा चिन्हित कमियों को दूर करें।

चिकित्सक वार्डों में राउंड लें तथा केसशीट को पूर्ण करें
डॉ. सिडाना ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सक नियमित रूप से वार्डों में राउंड लेते हुए केसशीट को अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। स्वास्थ्य केन्द्रों में पावर बेकअप का इंतजाम रखें। जिला चिकित्सालय के वार्डों में अटेंडर की संख्या कम करें। मरीज के परिजनों के बैठने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं। कलेक्टर ने नैनपुर तथा बिछिया के स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

मतगणना स्थल पर तीन स्तर पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
कलेक्टर एवं एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
मंडला 28 मई 2024
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अंतर्गत जिले की बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गणना 4 जून 2024 को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मंडला में की जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर अरविंद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। प्रत्येक कमरों में कूलर, पंखें एवं एक्जास्ट फेन की व्यवस्था करें। सभी कक्षों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। बिजली की आपूर्ति निर्बाध रखना सुनिश्चित करें। मतगणना स्थल पर अस्थाई अस्पताल बनाएं जिसमें आवश्यक दवाईयों सहित चिकित्सकों की ड्यूटी लगाएं। उन्होंने कहा कि मतगणना कक्ष में गणना अधिकारी तथा अभिकर्ताओं के बैठने के लिए बेहतर व्यवस्था करें। उन्होंने ईव्हीएम लाने ले जाने के मार्ग के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि अभ्यर्थी, अभिकर्ता एवं गणना अधिकारियों की सुविधा की दृष्टि से मतगणना स्थल पर पर्याप्त मात्रा में संकेतक लगाएं। मतगणना कक्ष में भी आवश्यक सूचनाएं अंकित करें। साथ ही राउंडवार परिणाम अंकित करने के लिए समुचित बोर्ड की व्यवस्था करें। मीडिया सेंटर में टेलीविजन लगाएं। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने मतगणना स्थल पॉलीटेक्निक परिसर के गेट, गणना कक्ष, ईव्हीएम, पार्किंग सहित अन्य स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

गणना सुपरवाईजर एवं सहायकों का प्रशिक्षण संपन्न
मंडला 28 मई 2024
लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के तहत 4 जून को होने वाली मतगणना के लिए नियुक्त गणना सुपरवाईजर एवं गणना सहायकों का प्रशिक्षण रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि मतगणना का कार्य अत्यंत संवेदनशील होता है जिसमें गलती के लिए कोई स्थान नहीं होता है। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से समझें। अपनी शंकाओं तथा जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त करें तथा पूरी सजगता एवं निष्पक्षता के साथ 4 जून को मतगणना के कार्य को संपन्न कराएं।

ईव्हीएम तथा डाक मतपत्र से गणना के लिए पृथक-पृथक आयोजित किए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट सहित संबंधित उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में कुशल प्रशिक्षक डॉ. टीपी मिश्रा एवं डॉ. श्रीकांत श्रीवास्तव द्वारा पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से मतगणना की प्रक्रिया बतलाई गई।

कोदो-कुटकी की खेती में कम लागत पर अधिक लाभ मिलता है
विजयपुर एवं कुम्हर्रा में कृषक संगोष्ठी संपन्न
मंडला 28 मई 2024
बीजाडांडी विकासखंड के ग्राम विजयपुर तथा मोहगांव विकासखंड के कुम्हर्रा में कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें किसानों को जैविक खेती के बढ़ते महत्व तथा कोदो-कुटकी, चिया, रागी आदि मिलेट्स की खेती को व्यावसायिक रूप प्रदान करने के संबंध मंे जानकारी प्रदान की गई। संगोष्ठी में विषय-विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि कोदो-कुटकी सहित अन्य मोटे अनाजों में पौष्टिक तत्व होते हैं, जो हमें विभिन्न प्रकार के रोगों से बचाते हैं। वैज्ञानिक भी कोदो-कुटकी, चिया, रागी आदि मिलेट्स के उपयोग की सलाह देते हैं जिसके कारण इनकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है। कुम्हर्रा में आयोजित कृषक संगोष्ठी में परियोजना अधिकारी आत्मा आरडी जाटव एवं प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी आरके मांडले तथा विजयपुर में आयोजित संगोष्ठी में अनुविभागीय अधिकारी कृषि निवास देवेन्द्र बारस्कर एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी संगीता श्रीवास्तव सहित संबंधित उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में बताया गया कि मोटे अनाज की खेती में पानी की कम आवश्यकता होती है जबकि मुनाफा अधिक होता है। संगोष्ठी के माध्यम से किसानों को कोदो-कुटकी की खेती में उन्नत किस्म के बीज लगाने तथा खेती में वैज्ञानिक तरीकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। खेती में उन्नत प्रमाणित बीज के उपयोग और कतार में बोनी करने मात्र से 15 से 20 प्रतिशत उपज बढ़ जाती है। कतार पद्धति से बोनी करने पर बीज की मात्रा कम लगती है वहीं छिड़काव पद्धति से बीज अधिक लगता है जिससे कृषि की लागत बढ़ती है। कोदो-कुटकी, रागी, आदि मोटे अनाज की खेती में रसायनिक खाद की आवश्यकता नहीं है। जैविक खाद का उपयोग कर मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाई जा सकती है। इन फसलों के लिए गोबर खाद, केंचुआ खाद, जीवामृत का उपयोग किया जा सकता है जो मिट्टी की उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मददगार होते है। प्रशिक्षण में कोदो-कुटकी की खेती में कृषि यंत्रों के उपयोग तथा उपलब्धता तथा कोदो-कुटकी के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं मार्केटिंग आदि के संबंध में भी चर्चा करते हुए समुचित मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्य प्रारंभ न करने पर होगी राशि वापिस
मंडला 28 मई 2024
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) बी.एल.सी. घटक के अंतर्गत ऐसे हितग्राही जिनको आवास योजना की प्रथम किस्त प्राप्त हो चुकी है उन्हें नोटिस, सूचना पत्र कार्य प्रारंभ करने हेतु जारी किया गया है। वे निर्माण कार्य प्रारंभ कर निकाय को सूचित करते हुये 7 दिवस में प्लींथ, लेंटर लेबल तक कार्य पूर्ण करें। ऐसे हितग्राही जिनको आवास योजना के द्वितीय किस्त (दो लाख) रूपये प्राप्त हो चुके हो आगामी 7 दिवस में आवास के सामने छपाई-पुताई एवं पी.एम.ए.वाय. का लोगो नाम सहित कार्य कराकर निकाय को सूचित करें जिसमें कम्पलीट लेबल की जियो टेगिंग की जा सके। उपरोक्तानुसार निर्माण कार्य न करने पर प्रकरण सरेंण्डर, निरस्त करते हुये राशि वापसी एवं राशि वापसी न करने की स्थिति में संपत्ति कुर्की की कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी।

मूंग, उड़द उपार्जन हेतु पंजीयन के लिए 20 केन्द्र निर्धारित
मंडला 28 मई 2024
केंद्र सरकार की मूल्य समर्थन योजना के तहत् विपणन वर्ष 2024-25 के लिए मूंग एवं उड़द फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उर्पाजन हेतु पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। जिले के किसान सहकारी समितियों, एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा गारंटी से 5 जून तक पंजीयन करवा सकते हैं। पंजीयन करने से पहले किसानों के द्वारा नंबर का वेरिफिकेशन लिंक्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी या बायोमेट्रिक डिवाइश से किया जाना आवश्यक है। पंजीयन के समय किसानों को बैंक खाते और आईएफएससी कोड की जानकारी भी उपलब्ध करवानी होगी। किसानों का पंजीयन भू अभिलेख में दर्ज खाता एवं खसरे में दर्ज नाम का मिलान आधार में दर्ज नाम से होने पर ही हो सकेगा। सिकमी एवं बटाईदार श्रेणी के कृषकों का पंजीयन सहकारी समिति या सहकारी विपणन संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केंद्र में ही किया जाएगा। पंजीयन के लिए बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (बी-पैक्स) मर्यादित मानादेई, मानेगांव, नारायणगंज, निवास, पिंडरई, बम्हनी, ककैया, डिठौरी, चिरईडोंगरी रेल्वे, मोहगांव, पड़ाव वार्ड मंडला, नैनपुर, बिछिया मंडी, मुनू, मलारा, अंजनिया, घुघरी, घुटास, बीजाडांडी, मवई पंजीयन केंद्रो का निर्धारण किया गया है।

खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण
मंडला 28 मई 2024
मिलावट से मुक्ति अभियान के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन ऋतु के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही किए जाने के संबंध में खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की टीम के द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत पैकेज ड्रिंकिंग वाटर, कोल्डड्रिंक्स, फ्रूट जूश, दूध एवं दुग्ध उत्पाद सहित अन्य खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम के द्वारा बड़ी खैरी स्थित वाधवानी फूड्स एण्ड बेवरेजेस पर कार्यवाही करते हुए 500 बोरी पानी पाउच जप्त कर पानी पाउच का नमूना जांच हेतु लिया जाकर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न अनियमिता एवं बिना खाद्य रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस के खाद्य प्रतिष्ठान संचालित करने पर प्रतिष्ठान सील किया गया है।

