मंडला 26 जुलाई 2025
जिला योजना भवन मंडला के सभागार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कुटीर एवं ग्रामोद्योग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता एवं केबिनेट मंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्रीमती संपतिया उइके एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की विशेष उपस्थिति में जिले के निर्माण कार्यों एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ।

बैठक में प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल को विभागीय अधिकारियों द्वारा उनके विभाग अंतर्गत किए जा रहे निर्माण कार्यों की विस्तार से जानकारी पीपीटी प्रजेन्टेशन के माध्यम से दी गई। प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण, जल जीवन मिशन में चल रहे निर्माण कार्यों की बिन्दुवार जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जायेगा। विभाग प्रमुख अपने अमले के साथ सतत रूप से इनकी मॉनिटरिंग करते रहें। निर्माण कार्यों में अनुबंध अनुसार कार्य पूर्ण करने की जो समयावधि निर्धारित की गई है उसी अवधि में कार्य पूर्ण हो इस बात का विशेष ध्यान रखें। साथ ही जिन निर्माण कार्यों में रूकावटें आ रही है, उसके निराकरण के लिए जनप्रतिनिधियों से बात कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराएं। निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाना सुनिश्चित करें। विकास कार्यों के दौरान स्कूल भवन, छात्रावास आदि तक पहुंचने वाले एप्रोच मार्ग की स्थिति भी संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसी अवश्य देखें ताकि बच्चों को आवागमन में कठिनाई न हो।

समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि जिले में लगातार बारिश हो रही है, ऐसी स्थिति में पुल, पुलिया एवं सड़क पर गड्ढ़ों की मरम्मत समय पर हो ताकि जनहानि की स्थिति नहीं बने। इसके अलावा जिन-जिन क्षेत्रों में विभागों द्वारा मरम्मत के कार्य किए जा रहे हैं उनकी सूची तैयार कर जनप्रतिनिधियों को प्रदान की जाए। केन्द्र सरकार द्वारा जारी प्रधानमंत्री जनमन योजना में शामिल घटकों पर चर्चा करते हुए कहा कि इस योजना से विशेष पिछड़ी जनजातीय बसाहटों में बदलाव आया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि पीएम जनमन योजना में प्रदेश की पहली आंगनवाड़ी मंडला जिले में बनाई गई है। इस पर मंत्री द्वय एवं सांसद श्री कुलस्ते द्वारा प्रशंसा व्यक्त की गई। जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में प्रगतिरत नलजल योजनाओं की विस्तार से जानकारी लेते हुए कार्यपालन यंत्री पीएचई को निर्देश दिए कि वर्षाकाल में जल स्त्रोतों जैसे हेंडपंप, नलकूप, कुओं आदि में क्लोरीनेशन का कार्य सुचारू रूप से जारी रहे। एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत जिले में वन विभाग द्वारा वृहद स्तर पर पौधारोपण किए जाने के लिए स्थान चिन्हित कर कार्ययोजना बनाएं।

कृषि विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तिका का किया विमोचन
बैठक के पूर्व अतिथियों द्वारा कृषि विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तिका प्राकृतिक खेती को अपनाएं हम का भी विमोचन किया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, डीएफओ सुश्री प्रीता एसएम, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। आभार प्रदर्शन सीईओ नैनपुर श्री विनोद मरावी एवं कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया।

