Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मंत्री संपतिया उइके ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किया ध्वजारोहण पुलिस लाईन मैदान मंडला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वाधीनता दिवस

मंडला 15 अगस्त 2025

            15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस का पर्व जिला मुख्यालय पुलिस लाईन मैदान मंडला में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण, हर्षफायर, मार्चपास्ट एवं परेड की सलामी ली। मंत्री श्रीमती उइके ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों/लोकतंत्र सेनानी/परिजनों का सम्मान किया। कार्यक्रम में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री प्रफुल्ल मिश्रा,नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री अखिलेश कछवाहा,जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा सहित अन्य विशिष्ट जनप्रतिनिधि कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह,सहायक कलेक्टर आकिप खान (आईएएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी,स्कूली छात्र और छात्राएँ मौजूद थे।
          मुख्य समारोह में शामिल सभी प्लाटून ने हर्ष फायर के पश्चात् अपने सधे कदमों से शानदार मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। मंच के सामने से गुजरते हुए इन प्लाटून दस्तों ने राष्ट्रभक्ति, एकता और अनुशासन का संदेश दिया। मंत्री श्रीमती उइके ने इसके बाद सभी दलों के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में नगर के अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सरस्वती स्कूल के विद्यार्थियों ने संगीतमय देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद महर्षि विद्या मंदिर, निर्मला सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मॉन्टफोर्ट हायरसेकेंडरी स्कूल, ज्ञानदीन इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा जगन्नाथ उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
          मुख्य समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का भोपाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह से लाईव लिंक के माध्यम से प्रसारण किया गया जिसे उपस्थितजनों ने देखा एवं सुना। इसके पश्चात कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई मंत्री श्रीमती उइके ने विगत जिले की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों से जुड़ा उद्बोधन दिया। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐतिहासिक महत्व को संजोए हुए हमारे जिले में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, चौगान की मढिया, विष्णु मंदिर, काला पहाड़, राय भगत की कोठी, मोतीमहल, रानीमहल, डोंगरमंडला की बावड़ी जैसे अनेक पुरातत्व महत्व के पर्यटक स्थल हैं। इसके साथ ही पुण्यसलीला मां नर्मदा के तट पर माहिष्मती घाट, सहस्त्रधारा, नर्मदा बंजर संगम, कुम्भेश्वर घाट, करोड़ी तीर्थ तथा देवगांव जैसे पवित्र स्थल के रूप में पहचाने जाते हैं। अपने उद्बोधन में उन्होंने सामाजिक योजनाओं, स्कूल शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों, मिशन नेत्रज्योति पायलट प्रोजेक्ट, अपराजिता अभियान, पंच चौकी महाआरती, प्रोजेक्ट स्वाध्याय (कोड योगी), नवीन सड़क निर्माण, सिंचाई सुविधा, शैक्षणिक तथा पाठ्येत्तर नवाचार जैसे विभिन्न विषयों को शामिल करते हुए विगत एक वर्ष की उपलब्धियों के विषय में विस्तार से बताया।
             स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान से सम्मानित किया गया। जिसमें ज्ञानदीन इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा जगन्नाथ उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों को शानदार प्रस्तुति के लिए संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, मॉन्टफोर्ट हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों को द्वितीय स्थान तथा महर्षि विद्या मंदिर की टीम को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में प्रस्तुत परेड के लिए 4 विभिन्न कैटेगरी में प्लाटून दस्तों को पुरूस्कृत किया गया। मंत्री श्रीमती उइके एवं अन्य अतिथियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी, उच्चतम अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं और जिले की तरफ से खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

Related posts

एएनएमटीएसटी प्रवेश परीक्षा के आवेदन की अंतिम तिथि 29 मई

Reva India News

किसी का मकान नहीं तोड़ा गया, चारा भी नहीं जलाया गया वनविभाग ने बताई वस्तुस्थिति

Reva India News

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने 35 लाख की लागत से बने टेनिस कोर्ट का शुभारंभ किया टेनिस कोर्ट के माध्यम से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा

Reva India News

Leave a Comment