मंडला 25 सितंबर 2025
तकनीकी शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश शासन तथा पैन आईआईटी एलुमिनाई फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित परम फाउंडेशन द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं को औद्योगिक प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए विशेष पहल की जा रही है। इसी पहल के तहत मंडला में आयोजित प्रवेश परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर जबलपुर संभाग की 76 छात्राओं का चयन किया गया।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने गुरुवार को इन छात्राओं को धार जिले के आईटीआई कौशल कॉलेज, सरदारपुर के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने छात्राओं को अध्ययन के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं के परिजनों से चर्चा करते हुए कहा कि छात्राओं को पढ़ाई के दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। परिवारजन भी बच्चियों का हौसला बढ़ाएं जिससे बिना किसी रूकावट के वह अपनी शिक्षा पूरी करे और सुनहरे भविष्य की ओर आगे बढ़े। इस अवसर पर जनजातीय सहायक आयुक्त, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला परियोजना अधिकारी, परम फाउंडेशन के क्षेत्रीय समन्वयक श्री राहुल रंजन सिंह, सहयोगी पार्टनर प्रदान के सदस्यगण तथा छात्राओं के अभिभावकगण भी उपस्थित रहे। चयनित छात्राएँ एक वर्षीय मैन्युफैक्चरिंग आईटीआई कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत उन्हें परम कौशल कॉलेज के प्लेसमेंट नेटवर्क के माध्यम से सुनिश्चित रोजगार प्रदान किया जाएगा।

क्षेत्रीय समन्वयक श्री राहुल रंजन सिंह ने बताया कि अब तक डिंडोरी, मंडला और बालाघाट की 100 से अधिक छात्राओं को इस पहल से प्रशिक्षण व रोजगार दिलाया जा चुका है और आने वाले समय में यह संख्या लगातार बढ़ाई जाएगी।
