Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर के प्रयासों से साकार हुआ ज्ञानदीप विद्यालय का नया नार्थ विंग भवन 43 वर्षों की गौरवशाली यात्रा में शिक्षा का एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ा

मंडला, 1 नवंबर 2025

जिले के प्रतिष्ठित ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नार्थ विंग भवन का निर्माण कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के विशेष प्रयासों से संभव हुआ है। शिक्षा के प्रति उनकी संवेदनशीलता और दूरदृष्टि ने विद्यालय को एक नया स्वरूप दिया है।

विदित है कि कलेक्टर श्री मिश्रा के पदभार ग्रहण करने के बाद जब वे पहली बार विद्यालय पहुंचे थे, तब स्कूल प्रबंधन ने उन्हें कक्षा संचालन में आ रही कठिनाइयों से अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की संख्या ज्यादा होने और सीमित जगह पर कक्षाएं संचालित नहीं हो पा रही है। उसी समय उन्होंने विद्यालय परिसर में नया भवन निर्माण करने की बात कही। उनकी इस पहल पर केवल पंद्रह दिनों के भीतर भवन का भूमिपूजन संपन्न हुआ और उनकी निरंतर मॉनिटरिंग के चलते मात्र नौ माह में यह दो मंजिला भवन तैयार हो गया।

नये भवन में आधुनिक सुविधाएँ

 

दो मंजिला इस भवन में कुल आठ सुसज्जित कक्षाएँ बनाई गई हैं, जिनमें प्रथम तल पर चार और द्वितीय तल पर चार कमरे हैं। प्रत्येक कक्षा में स्मार्ट टच स्क्रीन पैनल लगाए गए हैं, जिससे डिजिटल शिक्षण को नया आयाम मिला है। इसके अतिरिक्त लगभग चार हजार वर्ग फीट में विशाल कॉन्फ्रेंस हॉल का निर्माण किया गया है। भवन में एक अत्याधुनिक कम्प्यूटर लैब भी स्थापित की गई है, जिसमें 20 कम्प्यूटर सिस्टम लगाए गए हैं। पूरा निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता और आधुनिक वास्तुकला के साथ किया गया है।

43 वर्षों की गौरवशाली यात्रा

 

ज्ञानदीप विद्यालय की स्थापना वर्ष 1983 में तत्कालीन कलेक्टर श्री एम.एम. दाहिमा के प्रयासों से हुई थी। भवन निर्माण के लिए उस समय समाजसेवियों और दानदाताओं ने सहयोग दिया था। प्रारंभिक वर्षों में विद्यालय में कक्षा बारहवीं तक की शिक्षा एक ही पाली में संचालित होती थी।

समय के साथ विद्यालय की लोकप्रियता और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने लगी। बेहतर परीक्षा परिणामों और शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यालय ने जिले में उत्कृष्ट पहचान बनाई। विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने पर कक्षाओं का संचालन दो पालियों में किया जाने लगा। अब नये भवन के तैयार हो जाने से यह विद्यालय फिर से एक ही शिफ्ट में संचालित किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को सुविधा मिलेगी।

जिले का पहला इंग्लिश मीडियम विद्यालय

 

ज्ञानदीप विद्यालय जिले का पहला इंग्लिश मीडियम स्कूल है, जिसने मंडला में शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा दी। 43 वर्षों की इस गौरवशाली यात्रा में विद्यालय के अनेक विद्यार्थी आज प्रशासन, चिकित्सा, तकनीकी, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में जिले का नाम प्रदेश और देश में रौशन कर रहे हैं। कई विद्यार्थी विदेशों में भी अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। ज्ञानदीप विद्यालय का यह नया नार्थ विंग भवन न केवल शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि यह भविष्य में मंडला जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध होगा।

Related posts

महिष्मति गौ सेवा रक्तदान संगठन के तत्वाधान में 1 मार्च श्रमदान की विनम्र अपील

Reva India News

विशाल रथ में सवार होकर आ रहे भगवान जगन्नाथ स्वामी .1 जुलाई को मंडला में भव्य आयोजन

Reva India News

वृद्धाश्रम पहुंचकर एसडीएम श्री शैलेन्द्र चौधरी ने वृद्धजनों का जाना कुशलक्षेम

Reva India News

Leave a Comment