Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

बाल विवाह मुक्त मंडला अभियान में सभी के सहयोग और समन्वित प्रयास जरूरी- कलेक्टर बाल विवाह उन्मूलन की मजबूत पहल शुरू की

मंडला, 8 दिसंबर 2025

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के नेतृत्व में जिले में बाल विवाह मुक्त मण्डला अभियान को तेज गति से क्रियान्वित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने योजना भवन में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में स्वयं अभियान की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को सक्रिय सहभागिता, व्यापक जागरूकता और समन्वित कार्ययोजना के साथ बाल विवाह रोकथाम को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनजातीय कार्य को निर्देशित किया है कि सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाकर बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराध को पूरी तरह समाप्त करने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करें।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अभियान से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों, गांवों, आश्रमशालाओं, धार्मिक स्थानों और सामुदायिक केंद्रों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएँ। 18 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं और 21 वर्ष से कम आयु के बालकों, उनके अभिभावकों एवं समुदायों को अभियान से जोड़ा जाए। बाल विवाह को जड़ से समाप्त करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। विभागों, पंचायतों, स्कूलों और समाज की भागीदारी से मंडला निश्चित ही बाल विवाह मुक्त जिला बनेगा।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार बाल विवाह रोकथाम के लिए संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कलेक्टर मंडला द्वारा जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में प्रभावी गतिविधियों के संचालन पर विशेष जोर दिया गया है।

प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री रोहित बड़कुर ने अभियान के बारे में विस्तार से प्रस्तुतिकरण दिया और चरणबद्ध कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में निम्न लक्ष्य निर्धारित किए हैं, जिसमें बाल विवाह की रोकथाम और संबंधित कानूनों का कड़ाई से पालन, एनएफएचएस-5 के अनुसार 23.3 प्रतिशत बाल विवाह दर को घटाकर वर्ष 2025 तक 10 प्रतिशत करना, वर्ष 2030 तक मंडला को ‘बाल विवाह मुक्त जिला’ बनाना, समुदायों, पंचायतों, धार्मिक संस्थानों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और युवाओं को अभियान में जोड़ना, बाल विवाह की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई, कानूनी प्रवर्तन की मजबूती और एजेंसियों की क्षमता विकसित करना है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, समस्त एसडीएम एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Related posts

नारायणगंज के आंगनवाड़ी में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न  

Reva India News

कलेक्टर ने ली आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक

Reva India News

अब अवैध उत्खनन में होगा चार गुना जुर्माना, वाहन होगें राजसात

Reva India News

Leave a Comment