मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए निविदा की कार्यवाही पूर्ण, कार्यआदेश जारी
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चल रही जानकारी भ्रामक
मंडला 7 जनवरी 2024
मंडला में मेडीकल कॉलेज के निर्माण के संबंध में निविदा की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है तथा नोडल एजेंसी द्वारा कार्य आदेश भी जारी कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केसी सरौते ने बताया कि मेडीकल कॉलेज के लिए जमीन का चिन्हांकन कर लिया गया है। निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। कार्य पूर्ण करने की अवधि 30 माह निर्धारित है। सिविल कन्सट्रक्शन के लिए म.प्र. भवन विकास निगम लिमिटेड नोडल एजेंसी है एवं इनके द्वारा टेन्डर प्रक्रिया पूर्ण कर ठेकेदार को कार्य आदेश जारी कर दिया गया है। उक्त संबंध में कुछ समाचार पत्रों तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मेडीकल कॉलेज के संबंध में भ्रामक जानकारियां प्रकाशित, प्रसारित की जा रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मीडिया के कुछ साथियों ने मुझ से मेडिकल कॉलेज की प्रगति के संबंध में जानकारी ली गई चूँकि मुझे इस संबंध मे पूर्ण जानकारी नही थी, जिस कारण से दी गई जानकारी से भ्रम की स्थिति निर्मित हो रही है। इसकी नोडल एजेंसी मेडिकल कॉलेज जबलपुर है, जिसके पास अद्यतन जानकारी रहती है। इस संबंध में यदि किसी को ज्यादा जानकारी चाहिए तो नोडल एजेन्सी मेडिकल कॉलेज जबलपुर या नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण उईके से प्राप्त कर सकते हैं।
पीएम जनमन अभियान के तहत 4 स्थानों पर लगे शिविर
मंडला 7 जनवरी 2024
प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए सामाजिक, आर्थिक पिछड़ापन दूर करने हेतु विभिन्न गतिविधियां क्रियान्वित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिले की प्रत्येक बैगा बस्तियों में शिविरों का आयोजन कर बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। 7 जनवरी को मवई के सुरजपुरा, मोहगांव के उमरिया एवं खैरी माल तथा नारायणगंज के कापा ग्राम में विशेष शिविर आयोजित किए गए जिनमें बैगाओं को आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, पात्रता पर्ची, मुफ्त राशन, उज्ज्वला योजना, पोषण आहार, मध्यान्ह भोजन, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य योजनाओं से आच्छादित करने की कार्यवाही की गई। शिविरों के दौरान सिकलसेल एनीमिया की जांच की गई तथा दवाईयों का वितरण किया गया। साथ ही अन्य योजनाओं के लिए हितग्राहियों का चयन किया गया। शिविर में संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

आज इन ग्रामों में लगेंगे शिविर
बैगाओं के आधार कार्ड बनाने के लिए 8 जनवरी को जिले के 9 ग्रामों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार आज बिछिया के घोंट एवं सिझौरा, बीजाडांडी के मानिकसरा, घुघरी के बनिया, मवई के मझगांव, मोहगांव के सुडगांव एवं गिठार, नारायणगंज के मुकासखुर्द तथा निवास के भानपुर बिसौरा ग्राम में शिविर लगाए जाएंगे।

स्थानीय भाषा में दी जा रही योजनाओं की जानकारी
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जिले में किए जा रहे नवाचार
मंडला 7 जनवरी 2024
प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति के लिए सामाजिक, आर्थिक पिछड़ापन दूर करने हेतु विभिन्न गतिविधियां क्रियान्वित की जा रही हैं। जिले की प्रत्येक बैगा बस्तियों में शिविरों का आयोजन कर बैगा परिवारों को शासन की योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। बैगाओं को शासन की योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तर पर नवाचार के रूप में स्थानीय भाषा का उपयोग किया जा रहा है। बैगानी भाषा में योजनाओं से संबंधित नारे तैयार किए गए हैं जो ग्राम स्तरीय दलों द्वारा बैगा बस्तियों के प्रमुख स्थलों पर लिखे जा रहे हैं। साथ ही बैगानी भाषा में फ्लेक्स, पंपलेट तथा पोस्टर तैयार किए गए हैं, जिनमें शासन के 9 मंत्रालयों से संबंधित 11 महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केन्द्रित योजनाओं की जानकारी है। प्रत्येक बैगा के घर तक पंपलेट का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। पंपलेट में सबको पक्का घर, हर घर नल से जल, गांव-गांव तक सड़क, घर तक बिजली, शिक्षा के लिए हॉस्टल, कौशल विकास, मोबाईल मेडीकल यूनिट, सबको पोषण, उन्नत आजीविका, मोबाईल नेटवर्क, मुफ्त राशन, मुफ्त एलपीजी कनेक्शन, आयुष्मान भारत, गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता, गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार, संस्थागत प्रसव, सिकलसेल एनीमिया, 100 प्रतिशत टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, मध्यान्ह भोजन, प्रधानमंत्री जनधन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना आदि के संबंध में जानकारी दी गई है।

विकसित भारत संकल्प यात्रा में किया गया हितलाभों का वितरण,
भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की ली गई शपथ
मंडला 7 जनवरी 2024
विकसित भारत संकल्प यात्रा 7 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम दिवारा एवं करियागांव, बीजाडांडी में लहसर, घुघरी में नैझर एवं छिवलाटोला, मवई में मनोरी वनग्राम एवं भीमडोंगरी रैयत, नैनपुर में पिपरिया एवं पिंडरई, निवास में मेढ़ी पंचायत पहुंची जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए।

इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। साथ ही उपस्थितजनों को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणजनों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न योजनाओं के हितग्राही तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आज इन पंचायतों में पहुँचेगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
विकसित भारत संकल्प यात्रा 8 जनवरी 2024 को बिछिया विकासखंड के ग्राम जगनाथर एवं नारा, घुघरी में लाफन एवं इमलीटोला, मवई में कुम्हानी एवं भानपुर, नैनपुर में पुतर्रा एवं पोटिया, नारायणगंज के डोभी एवं बबलिया देवरी कला, निवास में खैरानी माल एवं झुरकी तथा मंडला में गूढ़ा अंजनिया एवं गुरारखेड़ा पंचायत पहुंचेगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर होगा।

सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम संबंधी बैठक आज
मंडला 7 जनवरी 2024
12 जनवरी स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिवस को ’युवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले के समस्त विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, आश्रम शालाओं, पंचायतों में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम एवं स्वामी विवेकानंद जी पर केन्द्रित प्रेरणादायी, शैक्षिक, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस आयोजन में स्वयंसेवी संगठनों तथा आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशिष्ट प्रयास किया जाकर इस आयोजन के प्रति जनसामान्य में चेतना जागृत किया जाना है। इस संबंध में 8 जनवरी 2024 को समय-सीमा की बैठक के तत्काल बाद कलेक्टर की अध्यक्षता में सामूहिक सूर्य नमस्कार के आयोजन से संबंधित आवश्यक बैठक आयोजित की गई है।

26 जनवरी के कार्यक्रम की तैयारी संबंधी बैठक आज
मंडला 7 जनवरी 2024
26 जनवरी के कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में 8 जनवरी 2024 को टीएल बैठक के पश्चात् जिला योजना भवन बैठक हॉल में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सभी संबंधितों से उपस्थिति का आग्रह किया गया है।

