Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

जनजातीय समाज के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध- मंत्री श्रीमती उइके ग्राम पंचायत भालीवाड़ा में आयोजित प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम में हुई शामिल गांव तक पहुंच मार्ग के लिए विधायक निधि से 18 लाख रुपये देने की घोषणा की

मंडला, 28 दिसंबर 2025

प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत भालीवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासन की योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने कहा कि प्रशासन आपके द्वार जैसे कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं, जिससे समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है और ग्रामीणों का विश्वास और मजबूत होता है।

मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व एवं प्रदेश सरकार के मुखिया डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। शासन की प्राथमिकता है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे और हर परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन मिले।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र व्यक्तियों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे अब ग्रामीणों को हर मौसम में सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास मिल सकेगा। वर्षों से पक्की छत का जो सपना था, वह अब साकार हो रहा है। मंत्री ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत भालीवाड़ा में अब तक 320 व्यक्तियों को पक्के मकान मिल चुके हैं तथा आने वाले समय में यहां 165 अतिरिक्त आवासों का निर्माण किया जाएगा।

मंत्री श्रीमती उइके ने शिक्षा के क्षेत्र में आए सकारात्मक परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन द्वारा विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। स्थानीय विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भालीवाड़ा में शासकीय हाईस्कूल भवन निर्माण के संबंध में प्रभारी मंत्री एवं शासन स्तर पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

ग्रामीण अधोसंरचना के विकास की दिशा में उन्होंने गांव तक पहुंच मार्ग के लिए विधायक निधि से 18 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही रमपुरी से भालीवाड़ा, डुड़ुमरैयत, डूडूममाल, मानेगांव, पांडीवाड़ा चौकी तक के पहुंच मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल किए जाने की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्र के आवागमन को नई गति मिलेगी।

मंत्री श्रीमती उइके ने ग्राम पंचायत भालीवाड़ा में शराबबंदी को लेकर किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे गांव में शांति व्यवस्था कायम रहेगी, आपसी विवाद कम होंगे और सामाजिक वातावरण और अधिक सकारात्मक बनेगा। स्थानीय स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अनूठी प्रस्तुति करने पर मंत्री श्रीमती उइके ने मंच से एक हजार रूपए की राशि प्रदान की। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शालिनी साहू एवं टिकरवारा सरपंच श्रीमती श्रद्धा उइके करवेती ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा की और ग्रामीण विकास के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य श्री लालजू सिंह मर्सकोले, भालीवाड़ा सरपंच, एसडीएम, सीईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे। प्रशासन आपके द्वार कार्यक्रम में कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा संचालित की जा रही शासकीय योजनाओं के स्टॉल भी लगाए गए थे। कार्यक्रम में पेंशन, संबल, कर्मकार, प्रधानमंत्री आवास, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं के आवेदन ग्रामीणों ने मंत्री श्रीमती उइके को दिये, जिस पर उन्होंने संबंधित विभाग को समुचित निराकरण करने के निर्देश दिए।

Related posts

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनजाति परंपरानुसार ध्वज स्थल में किया पूजन-अर्चन

Reva India News

जिले में अब तक 155.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

Reva India News

परंपरागत मिट्टी से निर्मित प्रतिमाओं का ही उत्पादन व विक्रय किया जा सकेगा रासायनिक व विषाक्त रंगों का इस्तेमाल पूर्णतः प्रतिबंधित

Reva India News

Leave a Comment