Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 18 फरवरी 2026

जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा ने बुधवार को शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला में स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखी ईवीएम एवं वीवीपेट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने वेयरहाउस में सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा अभिलेखों के संधारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, निर्वाचन अधीक्षक श्री अरूण कुशवाहा तथा श्री सी.के. तिवारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक सम्पन्न

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना की अध्यक्षता में गोलमेज कक्ष में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले बैठक के प्रतिवेदन के साथ नवीन औद्योगिक प्रक्षेत्रों मोहनिया पटपरा और गुंदलई के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही विधानसभा क्षेत्र बिछिया अंतर्गत ग्राम पड़रिया में 10.98 हे. भूमि चिन्हाकित की गयी।

बैठक में औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने देवदरा औद्योगिक प्रक्षेत्र में पावर कट की समस्या से अवगत कराते हुए, फीडर सेपरेशन, देवदरा में पानी की टंकी, पम्प हाउस एवं अतिक्रमण को हटाने का प्रस्ताव रखा। समीक्षा बैठक में जीएम डीआईसी श्री दिनेश कुमार मर्सकोले, श्री दीपक ब्रजपुरिया (अध्यक्ष- माहिष्मती उद्योग संघ), श्री रीतेश अग्रवाल (समन्वयक, लघु उद्योग भारती), सहायक संचालक श्री बलराम यादव, एलडीएम श्री सुजय कुमार सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

बुधवार एवं गुरुवार को आयोजित होंगे आरोग्यम मंडला जन स्वास्थ्य शिविर

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले में आमजन को ग्राम पंचायत स्तर पर ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के सहयोग से “आरोग्यम मंडला 2.0” अभियान संचालित किया जा रहा है। गुरुवार 19 फरवरी को जिले भर में कुल 33 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन विभिन्न विकासखंडों के ग्राम पंचायतों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एन. मोहंती ने बताया कि शिविरों में सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं की जांच, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कुपोषित बच्चों की जांच, जन्मजात विकृति की पहचान, किशोर बालक-बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण, मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण, वृद्धजनों की जांच तथा टीबी, कुष्ठ एवं मलेरिया के मरीजों की जांच की जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि “आरोग्यम 2.0” के अंतर्गत 6 प्रकार की अतिरिक्त सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी, जिनमें हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत प्रबंधन, सिकल सेल मरीजों का उपचार, एसएनसीयू से डिस्चार्ज बच्चों का फॉलोअप, कुपोषित बच्चों का कम्युनिटी फॉलोअप, असंक्रामक रोगों की जांच एवं उपचार तथा पूर्व शिविरों में चिन्हित मरीजों का फॉलोअप शामिल है। शिविरों में आवश्यकतानुसार सिकल सेल, एचआईवी, यूरिन एल्बुमिन, यूरिन शुगर, ब्लड शुगर, मलेरिया, टायफाइड, हेपेटाइटिस बी एवं सी सहित कुल 14 प्रकार की जांच की जाएगी।

जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी प्रकार की बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो तो आयोजित आरोग्यम 2.0 स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर निःशुल्क जांच एवं उपचार का लाभ उठाएं। शिविर की तिथि एवं स्थान की जानकारी के लिए स्थानीय आशा, एएनएम एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ता से संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

बाल कल्याण समिति के नवनियुक्त अध्यक्षों के लिए आयोजित हुआ इंडक्शन प्रशिक्षण

सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान का आयोजन

बाल देखरेख संस्थाओं का कराया गया एक्सपोजर विजिट

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

बाल कल्याण समिति के नवनियुक्त अध्यक्षों के लिए इंडक्शन प्रशिक्षण आयोजित हुआ। इंदौर में आयोजित इस प्रशिक्षण में बाल कल्याण समिति जिला मंडला के अध्यक्ष गजेन्द्र गुप्ता ने सहभागिता की। इंडक्शन प्रशिक्षण का आयोजन सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान, पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र, इंदौर ने किया।

बारह दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़, गुजरात एवं मध्यप्रदेश राज्य की बाल कल्याण समिति के 34 नवनियुक्त अध्यक्ष एवं सदस्यों को प्रशिक्षण के लिए नामांकित किया गया था। प्रशिक्षण में विषय विशेषज्ञों ने किशोर न्याय अधिनियम (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 और बाल कल्याण समिति द्वारा संपादित किए जाने वाले कार्यों के संबंध में जानकारी प्रदान की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बाल देखरेख संस्थाओं- संजीवनी सेवा संगम द्वारा संचालित विशेष दत्तक ग्रहण एजेंसी, राजकीय बाल संरक्षण आश्रम और जीवन ज्योति बालिका गृह तथा बाल कल्याण समिति, इंदौर का अध्ययन भ्रमण कराया गया।

सावित्री बाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एक स्वायत्त संस्थान है। यह संस्थान मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं मिशन वात्सल्य के तहत प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रही है। यह संस्थान देश में महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में प्रशिक्षण, अनुसंधान, परामर्श एवं प्रलेखन का कार्य करने वाली एक अग्रणी संस्था है। संस्थान का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है और इसके छः क्षेत्रीय केन्द्र हैं, केन्द्र- बैंगलोर, लखनऊ, गुवाहाटी, इंदौर, मोहाली और रांची में संचालित है। वर्ष 2001 में स्थापित पश्चिमी क्षेत्रीय केंद्र, इंदौर, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र राज्यों एवं दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव केन्द्र शासित प्रदेशों को अपनी सेवाएं प्रदान करता है।

 

 

 

 

अनाधिकृत अनुपस्थिति पर तीन कर्मचारियों के विरुद्ध प्रकाशन की कार्रवाई

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतते हुए लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित चल रहे तीन कर्मचारियों के विरुद्ध विभाग द्वारा सख्त रुख अपनाया गया है। कार्यालय द्वारा कई बार कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर उन्हें उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, किंतु संबंधित कर्मचारी अब तक कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए।

अनुशासनात्मक कार्यवाही की प्रक्रिया के तहत अनुपस्थिति संबंधी सूचना समाचार पत्र में प्रकाशित कर संबंधित कर्मचारियों को अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे विज्ञापन प्रकाशन की तिथि से सात दिवस के भीतर अपने कर्तव्य पर उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।

जिन कर्मचारियों के विरुद्ध यह कार्रवाई की जा रही है, उनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी के सुपरवाइजर श्री गोविंद सिंह मरावी, मलेरिया कार्यालय मंडला के सहायक ग्रेड-2 श्री मुन्ना सिंह धुर्वे एवं मलेरिया कार्यालय मंडला के सहायक ग्रेड-3 श्री प्रताप सिंह मरावी शामिल हैं।

कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में उपस्थित न होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों की होगी।

 

 

 

 

 

 

 

हिरदेनगर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई, वाहन जब्त

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोकथाम के लिए मध्यप्रदेश शासन के खनिज साधन विभाग के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में खनिज विभाग, मंडला द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है।

प्राप्त शिकायतों के आधार पर 17 फरवरी 2026 को हिरदेनगर क्षेत्र में भ्रमण के दौरान खनिज रेत के ओवरलोड परिवहन में संलिप्त एक वाहन (हाईवा क्रमांक एमपी 20 जेडडब्ल्यू 6626 को खनिज विभाग की टीम ने जब्त किया। कार्रवाई के दौरान वाहन को शासकीय अभिरक्षा में लेकर संबंधित चौकी प्रभारी, हिरदेनगर की सुपुर्दगी में सौंपा गया।

उक्त वाहन के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश शासन खनिज साधन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप खनिज निरीक्षक एवं खनिज अमले द्वारा की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान अभियान: न्यून प्रगति पर जिला परिवहन अधिकारी को एससीएन जारी

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के द्वारा संकल्प से समाधान अभियान की विभागवार प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें पाया गया कि जिला परिवहन विभाग के अंतर्गत संचालित सेवाओं के क्रियान्वयन में प्रगति अत्यंत न्यून है। इसके अंतर्गत लर्निंग ड्रायविंग लायसेंस जारी करना के कुल आवेदन 376, स्वीकृत आवेदन 18, कुल निराकृत आवेदन 21 तथा लम्बित आवेदन 355, ड्रायविंग लायसेंस का नवीनीकरण के 7 आवेदन तथा 7 लंबित तथा वाहन पंजीयन का नवीनीकरण के कुल 2 आवेदन, 1 स्वीकृत तथा 1 निराकृत एवं 1 लंबित आवेदन है। संकल्प से समाधान अभियान को प्रारंभ हुए 20 दिन से अधिक की अवधि के बाद भी निर्धारित सेवाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की प्रगति अत्यंत न्यून है।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने जिला परिवहन अधिकारी, परिवहन विभाग श्री बी.के. गुप्ता को इस संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। आपके विभागीय दायित्वों एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि नहीं लिया जा रहा है, जो कि अत्यन्त खेदजनक है। आपका उक्त कृत्य कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं अनुशासनहीनता को प्रदर्शित करता है। आपका उपरोक्त कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3(1) उप नियम (एक) (दो) (तीन) के विपरीत होने से दण्डनीय कृत्य है। अतः उक्त संबंध में आप अपना लिखित उत्तर पत्र प्राप्ति के दो दिवस के अन्दर प्रस्तुत करें। निर्धारित समयवाधि में तथा संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होने की दशा में आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। जिसके लिये आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

संकल्प से समाधान विशेष अभियान: 20 फरवरी को 3 कलस्टर ग्राम पंचायत में लगाए जायेंगे शिविर

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

संकल्प से समाधान विशेष अभियान के अंतर्गत 20 फरवरी को 3 कलस्टर ग्राम पंचायतों में शिविर लगाया जायेगा। 20 फरवरी को जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम चिरईडोंगरी, जनपद पंचायत नारायणगंज के ग्राम भावल तथा जनपद पंचायत बीजाडांडी के ग्राम कालपी में कलस्टर स्तरीय शिविर लगाया जायेगा।

 

 

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

17 फरवरी को कलेक्टर सोमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य (एसएनसीयू, एनआरसी, पूर्ण टीकाकरण, सीडीआर), आयुष कार्यक्रम, एनसीडी, एमपी औषधि, आरोग्यम मंडला तथा मलेरिया कार्यक्रम की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय क्षय नियंत्रण कार्यक्रम में सीएचसी धुरी में कमी पाई गई। सिकल सेल कार्यक्रम के अंतर्गत सैंपुर, धुरी एवं मवई क्षेत्र में कार्य अपूर्ण पाए जाने पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा में एएनसी जांच की प्रगति लक्ष्य के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आगामी बैठक में पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित होने तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएनसीयू के संबंध में नवजात शिशुओं को आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन सपोर्ट उपलब्ध कराने तथा संक्रमण की स्थिति में प्राथमिक उपचार के बाद रेफर करने के निर्देश जारी किए गए। मलेरिया कार्यक्रम की समीक्षा में कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों से कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में राष्ट्रीय कार्यक्रमों के लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शाश्वत सिंह मीना, सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी, बीएमओ, डीपीएम, बीपीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू के प्रतिनिधियों ने किया मंडला सीवरेज परियोजना का निरीक्षण

कलेक्टर ने दिए कार्य में गुणवत्ता सुधार के निर्देश

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की पीआईयू जबलपुर के अंतर्गत निर्माणाधीन मंडला नगरपालिका सीवरेज परियोजना की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को जर्मन बैंक केएफडब्ल्यू के प्रतिनिधियों ने स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात दल ने जिला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के साथ परियोजना की वर्तमान स्थिति और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक के पूर्व केएफडब्ल्यू से आए प्रतिनिधि मि. लुकास और श्री राहुल मनकोटिया ने परियोजना के तकनीकी पहलुओं और निर्माण कार्य का अवलोकन किया। दल ने सीवरेज नेटवर्क और संबंधित इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्यों को बारीकी से देखा। निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने परियोजना की समीक्षा की। कलेक्टर ने विशेष रूप से रोड रेस्टोरेशन (सड़क बहाली) के कार्य में हो रही देरी और गुणवत्ता को लेकर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क रेस्टोरेशन का कार्य तत्काल मानक स्तर पर सुधारा जाए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने आम जनता को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना में बदलाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी समय की चुनौतियों को देखते हुए एक उत्कृष्ट और प्रभावी नीति के साथ कार्य को समयसीमा में पूर्ण करें। इस दौरान केएफडब्ल्यू से मि. लुकास एवं श्री मनकोटिया के साथ एमपीयूडीसी, पीएमयू, पीआईयू जबलपुर के अधिकारी, पीएमसी एवं संविदाकार के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

पुलिस चौपाल: हेलमेट, साइबर अपराध व नशा मुक्ति पर जागरूकता

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीण नागरिकों को हेलमेट अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक किया गया।

अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली (सेमरखापा), थाना घुघरी (लाटो व इलाही), थाना निवास (ग्वारा), थाना बिछिया (उमरिया), टिकरिया (अहिरवाड़ा), थाना मवई (सैदा व मझगांव) एवं चौकी पिंडरई (रामदेवरी), चौकी मनेरी (मेढी), चौकी अंजनिया (जगनाथर) क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अमानक साइलेंसर व प्रेशर हॉर्न वाले वाहनों पर 30 हजार तक जुर्माना

 

मंडला, 18 फरवरी 2026

पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में यातायात थाना मंडला द्वारा शहर में अमानक साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न लगाकर तेज शोर करने वाले दोपहिया वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विशेष रूप से बुलेट एवं अन्य मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड साइलेंसर और अनधिकृत प्रेशर हॉर्न लगाकर आमजन को परेशान करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान ऐसे वाहनों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ संबंधित वाहन चालकों पर 30 हजार रूपए तक का जुर्माना अधिरोपित कराया गया। साथ ही वाहनों में लगे अमानक साइलेंसर एवं प्रेशर हॉर्न को भी जब्त कर लिया गया।

यातायात पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अनाधिकृत हॉर्न एवं साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहनों की पहचान की जा रही है। कैमरों से प्राप्त वाहन नंबरों के आधार पर संबंधित चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें।

Related posts

निर्वाचन प्रक्रिया में सेक्टर अधिकारियों की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण – डॉ. सिडाना मतदान दलों के संपर्क में रहें, समय पर भेजें वांछित जानकारियाँ

Reva India News

सुपर 5000 योजना के आवेदन 30 तक

Reva India News

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 29 जुलाई 2022

Reva India News

Leave a Comment