Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मंडला में फसल विविधीकरण को मिल रहा बढ़ावा, किसानों को वितरित किए गए मूंगफली व तिल के बीज

मंडला, 21 मार्च 2026

मंडला जिला में कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित करने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है। जिला प्रशासन एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से अब किसान पारंपरिक खाद्यान्न फसलों के साथ-साथ तिलहन फसलों की ओर भी रुख कर रहे हैं। विभाग द्वारा ग्रीष्मकालीन (जायद) फसल के लिए किसानों को मूंगफली और तिल के बीज उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे खेती को अधिक लाभकारी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल के तहत मोहगांव विकासखंड के किसानों ने गेहूं की फसल के बाद मूंगफली और तिल की खेती करने का निर्णय लिया है।

किसानों के उत्साह को देखते हुए 20 मार्च को जनपद पंचायत मोहगांव की सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति की सदस्य श्रीमती प्रेमलता उइके द्वारा क्षेत्र के किसानों को प्रदर्शन के रूप में निःशुल्क मूंगफली एवं तिल के बीज वितरित किए गए। इसके साथ ही किसानों को स्प्रे पंप और अन्य कृषि आदान सामग्री भी प्रदान की गई।

उपसंचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया, सहायक संचालक कृषि श्रीमती माया रामटेके, मोहगाँव विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री आरके मंडाले तथा कृषि विस्तार अधिकारी किसानों के खेतों का दौरा कर उन्हें नरवाई प्रबंधन तथा मूंगफली और तिल की वैज्ञानिक बुवाई के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन दिया। इस पहल से किसानों की आय में वृद्धि, उत्पादन में विविधता और खेती में जोखिम को कम करने की उम्मीद जताई जा रही है। जिला प्रशासन का मानना है कि फसल विविधीकरण से किसानों को बेहतर बाजार अवसर प्राप्त होंगे और कृषि को अधिक टिकाऊ बनाया जा सकेगा।

Related posts

मंडला में “लाड़ली लक्ष्मी उत्सव” का आयोजन 2 मई को

Reva India News

दीवाली के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाईजरी

Reva India News

जिला शिक्षा अधिकारी ने किया निजी विद्यालयों का औचक निरीक्षण

Reva India News

Leave a Comment