मंडला, 16 अप्रैल 2026
मंडला जिले के विकासखंड मवई के ग्राम जमगांव में “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत एक व्यापक जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा मौके पर ही समस्याओं के निराकरण की पहल की गई। शिविर का उद्देश्य प्रशासन को गांव स्तर तक पहुंचाकर आमजन को त्वरित और सहज सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। इस शिविर में जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम सुश्री सोनाली देव, सीईओ, एसडीओपी सहित अन्य ब्लॉक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े और इसके लिए प्रशासन स्वयं गांव-गांव पहुंचकर कार्य कर रहा है।

कलेक्टर श्री धोटे ने स्पष्ट रूप से कहा कि “प्रशासन आपके द्वार” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यही है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या को प्राथमिकता से लिया जाएगा और संबंधित विभागों द्वारा त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं, जैसे आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजनाएं, राशन, रोजगार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। कलेक्टर श्री धोटे ने विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी है, इसलिए सभी पात्र लोग अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और अधिकतम मामलों का निराकरण स्थल पर ही किया जाए। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सक्रिय रूप से शिविर में भाग लें, अपनी समस्याएं खुलकर बताएं और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग कैम्प लगाए गए, जहां आवेदन प्राप्त किए गए, दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा कई मामलों में तत्काल समाधान भी प्रदान किया गया। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अनेक सेवाएं प्राप्त हुईं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हुई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें काफी सुविधा मिलती है और उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्रता से हो पाता है। यह कार्यक्रम शासन और आमजन के बीच संवाद और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

