मंडला, 16 अप्रैल 2026
मंडला जिले के अंतर्गत एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला टिकरिया एवं आंगनवाड़ी केंद्र का कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति, पोषण स्तर तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।

कलेक्टर श्री धोटे ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि जिन बच्चों का परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे और शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित करें। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि यदि क्षेत्र में पलायन की समस्या के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, तो उसकी समीक्षा कर अभिभावकों को समझाइश दी जाए ताकि बच्चों की शिक्षा बाधित न हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने विद्यालय में संचालित पीएम पोषण योजना (मध्याह्न भोजन) की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तायुक्त एवं पौष्टिक भोजन ही प्रदान किया जाए। उन्होंने भोजन तैयार करने वाले समूह की महिलाओं से आज बनाए जा रहे भोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त की और स्वच्छता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने शिक्षक श्री रवीन्द्र सिंह सैयाम द्वारा समर्पित भाव से किए जा रहे शिक्षण कार्य की सराहना की और उन्हें बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अन्य शिक्षकों से भी इसी प्रकार जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।

इसके पश्चात कलेक्टर श्री धोटे ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, पोषण स्तर एवं कुपोषित बच्चों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से बच्चों को दिए जाने वाले पूरक पोषण आहार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं देखभाल की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से पूछा और निर्देश दिए कि कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए शिक्षा एवं पोषण दोनों क्षेत्रों में प्रभावी कार्य करना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम सोनाली देव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

