Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

टीएल बैठक में “ज्ञान भारतम मिशन” व जनगणना को लेकर अहम निर्देश, सीएम हेल्पलाइन और पेयजल पर भी जोर

मंडला, 27 अप्रैल 2026

अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना ने संयुक्त रूप से जिला योजना भवन में आयोजित टीएल बैठक में “ज्ञान भारतम मिशन” सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में “ज्ञान भारतम मिशन” के अंतर्गत पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, दस्तावेजीकरण एवं डिजिटलीकरण कार्यों को तय समय-सीमा में प्रभावी ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि यह विशेष अभियान 16 मार्च से 15 जून तक संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण, सूचीकरण एवं डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने का कार्य पूरी गंभीरता के साथ किया जाए तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य सुनिश्चित करें। अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए।

जनगणना के प्रथम चरण को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे स्वयं अपने परिवार की गणना प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। साथ ही अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी स्व-गणना सुनिश्चित कराई जाए, ताकि कार्य समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण हो सके। अधिकारियों को बताया गया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करते हुए आमजन को समय पर राहत प्रदान करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों एवं आगामी आदि उत्सव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। “जल गंगा संवर्धन अभियान” एवं “जल शक्ति जन भागीदारी 2.0” के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन विभागों द्वारा जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियां संचालित की गई हैं, वे उनकी फोटो एवं जानकारी निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें, ताकि कार्यों का उचित दस्तावेजीकरण और मूल्यांकन किया जा सके। इस दौरान जन अभियान परिषद मंडला द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अन्य विभागों के लिए प्रेरणादायक बताया गया।

बैठक में “आदि उत्सव” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दो दिवसीय इस आयोजन में वीवीआईपी एवं वीआईपी आगमन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं। कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा, यातायात, आवास एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समुचित योजना बनाकर समय से क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराएं।

Related posts

नगर पालिका के टाउनहॉल में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित  

Reva India News

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बम्हनी बंजर में मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया

Reva India News

निजी क्षेत्रों में रोजगार के लिए युवाओं की काउंसलिंग करें – कलेक्टर

Reva India News

Leave a Comment