Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

आत्मनिर्भर गांव की दिशा में कदम आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक में कृषि नवाचारों पर जोर उन्नत खेती, मल्टी लेयर कृषि और किसानों की आय बढ़ाने पर हुई विस्तृत चर्चा

मंडला, 22 मई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में कृषि के क्षेत्र में नवाचार, उन्नत तकनीकों के विस्तार तथा स्थानीय कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए तैयार की जा रही कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि जिले में आत्मनिर्भर गांव की अवधारणा को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों के अनुभवों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जाए, ताकि अन्य किसान भी आधुनिक एवं लाभकारी खेती की तकनीकों से प्रेरित होकर उनका लाभ उठा सकें।

कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों तक वैज्ञानिक एवं नवीन कृषि तकनीकों की जानकारी निरंतर पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर कृषि प्रदर्शन और प्रशिक्षण गतिविधियों के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जाना चाहिए।

किसानों की आय में वृद्धि और खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री धोटे ने जिले में मल्टी लेयर कृषि को बढ़ावा देने के विशेष निर्देश दिए। बैठक में घटकवार लक्ष्य एवं उपलब्धियों, वार्षिक भौतिक एवं वित्तीय कार्ययोजना, कृषि प्रदर्शन, एलाइट प्रदर्शन, चारा उत्पादन, जिमीकंद की खेती, मुर्गी पालन, बकरी पालन तथा हरी खाद के उपयोग जैसे विषयों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उर्वरक वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए कि जिले के सभी निजी खाद विक्रेताओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही खाद उपलब्ध कराया जाए। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली अथवा कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, उपसंचालक कृषि श्री अश्वनी झरिया सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

Related posts

गुरुवार देर रात्रि अपर कलेक्टर ने मोहगांव में किया निरीक्षण जिले में एसआईआर का कार्य युद्ध स्तर पर जारी

Reva India News

उत्कृष्ट विद्यालय में की गई विद्यार्थियों कैरियर कांउसलिंग

Reva India News

पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय बड़ी खैरी में कानूनी जागरूकता शिविर संपन्न हुआ

Reva India News

Leave a Comment