Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

नाव-डोंगियों का होगा अनिवार्य पंजीयन, व्हाट्सऐप ग्रुप से साझा होगी मौसम की जानकारी संवेदनशील पुल-पुलियों पर बैरिकेटिंग और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश

मंडला, 22 मई 2026

आगामी वर्षाकाल के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा संसाधनों की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी विभाग पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ के कारण संपर्क टूटने वाले गांवों की सूची 31 मई तक तैयार की जाए। प्रत्येक गांव में स्थानीय तैराकों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करें।

कलेक्टर श्री धोटे ने जिले में संचालित सभी नाव एवं डोंगियों का अनिवार्य रूप से पंजीयन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाव-डोंगी संचालकों का एक समर्पित व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाए, जिसके माध्यम से मौसम संबंधी महत्वपूर्ण अलर्ट और सूचनाएं समय-समय पर साझा की जा सकें।

बैठक में वर्षाकाल के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित सुधार कार्य के लिए आवश्यक संसाधन एवं टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में इमरजेंसी दवाइयों, आवश्यक उपकरणों और मेडिकल स्टाफ की चौबीस घंटे उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर श्री धोटे ने संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न भंडारण की अग्रिम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पशुओं के लिए चारा, दवाइयों एवं उपचार की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा पशुहानि की स्थिति में आर्थिक सहायता संबंधी प्रकरण समय पर तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने वर्षाकाल के दौरान जलभराव और तेज बहाव वाले संवेदनशील पुल-पुलियों एवं मार्गों की पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड, संकेतक एवं बैरिकेटिंग लगाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना एवं समन्वय के लिए जिले में 24×7 जिला स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा, जिसके माध्यम से समय-समय पर मौसम एवं आपदा संबंधी अलर्ट जारी किए जाएंगे।

जिला योजना भवन में आयोजित बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं श्री संस्कार बावरिया, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम, एसएलआर श्री हीरालाल तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। सभी विकासखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक मेंशामिल हुए।

 

Related posts

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जागरूकता कार्यशाला का आयोजन साईबर अपराधों की दी जानकारी  

Reva India News

जिले में मिले 9 नए कोरोना पॉजीटिव केस

Reva India News

तीन दिवसीय हर्बल गुलाल निर्माण कार्यशाला सह प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण सम्पन्न

Reva India News

Leave a Comment