Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

आकस्मिक निरीक्षण में उजागर हुईं व्यवस्थागत कमियाँ, छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

मंडला, 31 मई 2026

जनजातीय कार्य विभाग मंडला के क्षेत्र संयोजक श्री विष्णु कुमार सिंगौर द्वारा 30 मई को नारायणगंज विकासखंड अंतर्गत संचालित छात्रावास एवं आश्रम संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता तथा आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया।

रानी दुर्गावती उत्कृष्ट कन्या छात्रावास एवं कन्या आश्रम, नारायणगंज में निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कन्या छात्रावास में 18 तथा कन्या आश्रम में 28 छात्राएं उपस्थित मिलीं। छात्राओं की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर अधीक्षिका को उपस्थिति बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

छात्रावास में भौतिकी, अंग्रेजी एवं जीवविज्ञान विषयों की कोचिंग कक्षाएं संचालित होती मिलीं। कक्षा 12वीं की जीवविज्ञान संकाय की छात्राओं से भौतिकी विषय के “कूलाम्ब का नियम” पर चर्चा की गई, जिसमें छात्राओं का शैक्षणिक स्तर अपेक्षित नहीं पाया गया। इस पर विषय को विस्तार से समझाया गया तथा अधीक्षिका को विषय शिक्षक एवं प्राचार्य के साथ समन्वय कर अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट कन्या छात्रावास एवं कन्या आश्रम एक ही परिसर में संचालित होने के कारण छात्राओं की संख्या की तुलना में शौचालयों की संख्या अपर्याप्त पाई गई।

शंकर शाह, रघुनाथ शाह बैगा आश्रम, मझगांव के निरीक्षण के दौरान संस्था में छात्रों की उपस्थिति शून्य पाई गई। पेयजल व्यवस्था के लिए स्थापित बोरवेल की मशीन फंस जाने के कारण जलापूर्ति बाधित मिली। साथ ही शौचालयों एवं स्नान कक्षों में साफ-सफाई का अभाव देखा गया। भवन की खिड़कियों के पल्ले तथा शौचालय एवं स्नान कक्षों के दरवाजे मरम्मत योग्य स्थिति में पाए गए।

संस्था प्रभारी को निर्देशित किया गया कि बोरवेल की शीघ्र मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था बहाल की जाए तथा शौचालयों, स्नान कक्षों एवं भवन की आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कर एक सप्ताह के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। निरीक्षण के दौरान संस्थाओं में शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया।

Related posts

निर्वाचन दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करेंगे अधिकारी – हर्षिका सिंह जारी कार्यविभाजन आदेश पर कलेक्टर के निर्देश

Reva India News

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का सतत निराकरण करें – प्रभारी कलेक्टर श्री कूमट

Reva India News

1 कोरोना मरीज स्वस्थ हुआ

Reva India News

Leave a Comment