Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक संपन्न 15 अगस्त तक चलेगा विशेष खाद्य सुरक्षा जागरूकता अभियान, मिलावटखोरी पर होगी सख्त कार्रवाई

मंडला, 18 जून 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, मिलावटखोरी पर नियंत्रण तथा आगामी वर्षाकाल में जनस्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों के पालन तथा जनजागरूकता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

 

अधिक खपत वाले क्षेत्रों में चलेगा विशेष जाँच अभियान

 

बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देश दिए कि जिले के सभी खाद्य प्रतिष्ठानों का अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की सप्लाई एवं खपत अधिक है, वहां विशेष जांच अभियान संचालित कर खाद्य सामग्रियों के नियमित सैंपल लिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

मानसून को देखते हुए 15 अगस्त तक चलेगा जागरूकता अभियान

 

आगामी वर्षा ऋतु में जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने जिले के सभी खाद्य ठेला व्यवसायियों, होटल संचालकों एवं छोटे दुकानदारों के लिए 15 अगस्त तक विशेष खाद्य सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से कूड़ेदान की व्यवस्था, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग तथा खाद्य सामग्री को ढंककर रखने के संबंध में व्यापक जागरूकता की जाएगी। उन्होंने इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए स्वयंसेवकों की टीम तैयार करने तथा इन्फोटेनमेंट आधारित वीडियो क्लिप्स एवं जनसंचार माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

 

एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री पर होगी कार्रवाई

 

कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को बाजार में विक्रय हो रहे पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट की नियमित जाँच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद भी उत्पाद बेचने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

बैठक में चाय दुकानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में प्रतिबंधित पॉलीथिन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उपायों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को ऐसे मामलों पर सतत निगरानी रखने और उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रहेगी विशेष निगरानी

 

बैठक में मिलावटखोरी के विरुद्ध अब तक की गई वैधानिक कार्रवाइयों तथा जुर्माना वसूली की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री धोटे ने बाजार में बिकने वाले संवेदनशील खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

इस दौरान रासायनिक अवशेषों से मुक्त फल एवं सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, एनर्जी ड्रिंक्स एवं सॉफ्ट ड्रिंक्स की गुणवत्ता, मिलावटी पनीर, मावा एवं मिठाइयों की जांच सहित अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री धोटे ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

जिले को कोरोना मुक्त करने शतप्रतिशत वैक्सीनेशन जरूरी – फग्गन सिंह कुलस्ते जिला स्तरीय क्राईसिस मैनेजमेंट कमेटी की बैठक संपन्न

Reva India News

16 मार्च तक होगा उपार्जन हेतु किसानों का पंजीयन

Reva India News

लोक सेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में बढ़ते कदम कार्यक्रम आज

Reva India News

Leave a Comment