मंडला, 17 जून 2026
नगर पालिका परिषद् मंडला एवं जनपद पंचायत मंडला के संयुक्त तत्वावधान में नगर पालिका परिषद् टाउनहॉल में 15 जून से 17 जून तक आयोजित जनकल्याण शिविर का समापन किया गया। समापन कार्यक्रम नगर पालिका परिषद् मंडला के अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना था। समापन अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।

हितलाभ वितरण
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 01 क्रेडिट कार्ड वितरित किया गया। 15 हजार के 20, 25 हजार के 06 तथा 50 हजार के 10 ऋण प्रकरणों सहित कुल 9.50 लाख की राशि वितरित की गई। पेंशन योजना के 10 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अंतर्गत 02 हितग्राहियों को सहायता राशि वितरित की गई। 01 दिव्यांग हितग्राही को ट्रायसाइकिल प्रदान की गई। संबल योजना के तहत 06 हितग्राहियों को कुल 12 लाख की सहायता राशि तथा 01 हितग्राही को 5,000 की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त, विश्व पर्यावरण पखवाड़ा (05 जून से 21 जून) के अंतर्गत 500 से अधिक पौधरोपण अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्व-सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम स्वनिधि योजना, स्वच्छता सेवाएं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, संपत्ति कर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कुल 863 प्रकरणों का निराकरण किया गया। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया।
समापन कार्यक्रम में उपाध्यक्ष श्री अखिलेश कछवाहा, पार्षद श्री सुधीर मिश्रा एवं सुश्री कृतिका चौरसिया, जनपद पंचायत मंडला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रतिमा शुक्ला, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री गजानन नाफड़े, तहसीलदार श्री अजय श्रीवास्तव, उपयंत्री सुश्री रुखसार अली एवं सुश्री प्रीति घरते, सिटी मिशन मैनेजर श्री महेंद्र सिंह सनोडिया, श्री मुबीन अहमद, सुश्री पूजा यादव, सामुदायिक संगठक श्रीमती आशु मरावी एवं श्री विकास पटेल, प्रभारी योजना श्री अजय बरकड़े एवं श्री प्रकाश सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्व-सहायता समूहों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
