मंडला, 18 जून 2026
विश्व योग दिवस 21 जून के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस मेगा कैंप में 500 यूनिट ब्लड कलेक्शन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रक्तदान शिविर के लिए माहिष्मती घाट, जिला चिकित्सालय और ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल तीन स्थान तय किए गए हैं।
सामूहिक योग के बाद रक्तदान से होगी शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को सुबह सामूहिक योगाभ्यास के समापन के पश्चात 8 बजे माहिष्मती घाट पर रक्त संग्रहण मोबाइल यूनिट में रक्तदान किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों एवं गायत्री परिवार के स्वयंसेवकों द्वारा रक्तदान कर शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इसके तुरंत बाद सुबह 9 बजे से जिला चिकित्सालय और ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल में आम नागरिकों के लिए विशेष रक्तदान शिविर शुरू हो जाएंगे। दोनों केंद्रों पर देर शाम तक रक्त संग्रहण का कार्य जारी रहेगा।
कलेक्ट्रेट में हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक
गुरुवार को कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में वृहद रक्तदान शिविर की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह ने की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रक्तदान शिविर की जानकारी दें और अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इस पुनीत कार्य में सभी की भागीदारी जरूरी है।
सीईओ ने दिए व्यवस्थाओं के निर्देश
सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना ने शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि माहिष्मती घाट पर सुबह आयोजन के साथ शिविर की औपचारिक शुरुआत कराई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय और ज्ञानदीप स्कूल में शिविर के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं एक दिन पहले यानी 20 जून तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। दोनों स्थानों पर पर्याप्त टेंट, कुर्सियों, स्वच्छ शीतल पेयजल, पंजीयन काउंटर और रक्तदाताओं के विश्राम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त संख्या में चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सामाजिक संगठनों से भी किया आग्रह
बैठक में शासकीय विभागों के अलावा सामाजिक संगठनों को भी इस अभियान से जोड़ा गया। जिला अधिवक्ता संघ, गायत्री परिवार, निजी बैंकों के समन्वयक, संत निरंकारी आश्रम, पूज्य सिंधी पंचायत, विश्व हिन्दू परिषद सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों से रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया गया। सभी संगठनों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीजे मोहंती, जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री अहाके, जिला परिवहन अधिकारी श्री बिमलेश गुप्ता, जिला कोषालय अधिकारी श्री अखिलेश नेटी, अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री सुजाय कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक श्री भगवान दास भैंसारे, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष एड. रामेश्वर झारिया, विश्व हिन्दू परिषद जिला अध्यक्ष एड. मनोज फागवानी, पूज्य सिंधी पंचायत जिला अध्यक्ष श्री पारस असरानी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और संगठन प्रतिनिधि मौजूद रहे।
