नॉन-अटेंड सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर लगेगा जुर्माना, 1000 दिन पुराने प्रकरण 30 जून तक होंगे निराकृत
रोजगार मेले की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश
मंडला, 23 जून 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिला योजना भवन में आयोजित समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जन कल्याण शिविर, रोजगार मेला, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण पर विशेष जोर
कलेक्टर श्री धोटे ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नॉन-अटेंड शिकायतों के लिए संबंधित जिला अधिकारियों पर नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी माह में कोई भी शिकायत नॉन-अटेंड श्रेणी में नहीं रहनी चाहिए। करंट मंथ के साथ-साथ 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का भी समानांतर रूप से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने 1000 दिवस से अधिक समय से लंबित सभी शिकायतों को 30 जून तक अनिवार्य रूप से निराकृत करने तथा निम्न गुणवत्ता में बंद किए गए प्रकरणों को पुनः ओपन कर संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की मासिक रैंकिंग में ए-ग्रेड प्राप्त करने वाले विभागों को कलेक्टर ने बधाई देते हुए अन्य विभागों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
जन कल्याण शिविरों के आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करें
कलेक्टर श्री धोटे ने निर्देश दिए कि सभी विभाग स्थापना संबंधी प्रकरणों को गंभीरता से लें तथा किसी भी कर्मचारी या अधिकारी के वेतन एवं अन्य स्वत्वों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने जन कल्याण शिविरों में प्राप्त आवेदनों की मंगलवार 23 जून तक पोर्टल पर प्रविष्टि एवं ऑनलाइन निराकरण दर्ज कराने के निर्देश दिए। सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए कहा गया।
रोजगार मेले के लिए युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
जिले में प्रस्तावित रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने मनेरी क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों से रिक्त पदों की जानकारी एकत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, जिससे रोजगार मेले के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
विभिन्न योजनाओं की समीक्षा
बैठक में टीएल पत्रों की प्रकरणवार समीक्षा करते हुए समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही श्रम योगी मानधन योजना, अपार आईडी, स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यक्रम, ई-सेवा पोर्टल, उल्लास साक्षरता अभियान, पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण, संबल योजना, जल गंगा संवर्धन अभियान तथा अनुकंपा नियुक्ति प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ एवं श्री संस्कार बावरिया, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के समस्त एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ, बीईओ एवं बीएमओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
शून्य जुताई ने बदली किसान लोचन भांवरे की तस्वीर
जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वैज्ञानिक खेती बनी सफलता की कुंजी
मंडला, 23 जून 2026
मंडला जिले के आदिवासी बहुल ग्राम रामपुर के किसान श्री लोचन भांवरे आज क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुके हैं। बदलते मौसम, अनियमित वर्षा और बढ़ती कृषि लागत जैसी चुनौतियों के बीच उन्होंने आधुनिक कृषि तकनीक को अपनाकर यह साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और नवाचार से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
कुछ वर्ष पहले तक श्री भांवरे पारंपरिक खेती पद्धति से खेती करते थे। धान की कटाई के बाद गेहूँ की बुवाई के लिए बार-बार जुताई करनी पड़ती थी, जिससे समय, श्रम और धन तीनों की अधिक आवश्यकता होती थी। मौसम की अनिश्चितता के कारण उत्पादन भी अपेक्षित नहीं मिल पाता था।
वर्ष 2024 में जलवायु अनुकूल कृषि परियोजना के तहत बीआईएसए एवं कृषि विभाग की टीम ने ग्राम रामपुर में किसानों को शून्य जुताई तकनीक और फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। वैज्ञानिकों के सुझाव और आत्मा परियोजना के अधिकारियों के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर श्री लोचन भांवरे ने अपने खेत में पहली बार शून्य जुताई तकनीक अपनाने का निर्णय लिया।
उन्होंने धान कटाई के बाद पराली को जलाने के बजाय खेत में ही संरक्षित रखा और हैप्पी सीडर मशीन की सहायता से सीधे गेहूँ की बुवाई की। इस तकनीक से खेत तैयार करने में लगने वाला समय कम हुआ, जुताई और मजदूरी का खर्च घटा तथा समय पर बुवाई संभव हो सकी। खेत में मौजूद फसल अवशेषों ने मिट्टी की नमी बनाए रखने, खरपतवार नियंत्रण और भूमि की उर्वरता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जब फसल कटाई का समय आया तो परिणाम उम्मीद से कहीं बेहतर थे। पहले जहाँ गेहूँ का उत्पादन 10 से 12 क्विंटल प्रति एकड़ मिलता था, वहीं शून्य जुताई तकनीक अपनाने के बाद उत्पादन बढ़कर 15 से 16 क्विंटल प्रति एकड़ तक पहुँच गया। अर्थात उत्पादन में लगभग 30 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई। धान और मूंग की फसलों में भी 10 से 15 प्रतिशत तक उत्पादन बढ़ा।
इस तकनीक ने केवल आर्थिक लाभ ही नहीं दिया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। पराली जलाने की आवश्यकता समाप्त होने से वायु प्रदूषण कम हुआ, मिट्टी के लाभकारी सूक्ष्मजीव सुरक्षित रहे तथा खेत की जलधारण क्षमता में सुधार हुआ।
अपनी सफलता के बारे में श्री लोचन भांवरे कहते हैं, “आज खेती की सबसे बड़ी चुनौती बदलता हुआ मौसम है। ऐसे समय में वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना ही किसानों की सफलता का मार्ग है। नई तकनीकें खेती को लाभकारी और जलवायु के अनुकूल बनाती हैं।”
आज उनकी सफलता से प्रेरित होकर ग्राम रामपुर सहित आसपास के अनेक किसान भी शून्य जुताई तकनीक अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं। श्री लोचन भांवरे की यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि वैज्ञानिक सोच, आधुनिक तकनीक और किसान का दृढ़ संकल्प मिलकर खेती को समृद्ध, टिकाऊ और भविष्य के लिए सुरक्षित बना सकते हैं।
श्री लोचन भांवरे की यह सफलता कहानी मंडला जिले के किसानों के लिए आशा, नवाचार और आत्मनिर्भरता का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का प्रवास कार्यक्रम
मंडला, 23 जून 2026
एससी, एसटी कल्याण संबंधी समिति, लोकसभा एवं सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते के निर्धारित प्रवास कार्यक्रम के अनुसार 24 जून को प्रातः 8:30 बजे जेवरा से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 9:30 बजे मंडला पहुंचकर रानी दुर्गावती बलिदान दिवस कार्यक्रम एवं स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। सांसद श्री कुलस्ते शाम 7 बजे मंडला से प्रस्थान कर रात्रि 8 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। श्री कुलस्ते 25 जून को दोपहर 2 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

