Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 8 जुलाई 2026

डीएमएफ के नवीन नियम लागू: खदान से 15 किमी तक का क्षेत्र सीधे प्रभावित, 5 वर्षीय कार्ययोजना तैयार होगी

डीएमएफ फण्ड से जिले में बड़े और दूरगामी प्रभाव वाले प्रोजेक्ट लिए जाएं – कलेक्टर

 

मंडला, 8 जुलाई 2026

जिला योजना भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास के अध्यक्ष श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में बुधवार को जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा 13 मई 2026 को जारी डीएमएफ के नवीन दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि नवीन नियमों के अनुसार खनन गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों को अब दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। खदान क्षेत्र से 15 किलोमीटर की परिधि में आने वाले ग्रामों को प्रत्यक्ष प्रभावित क्षेत्र तथा 15 किलोमीटर से 25 किलोमीटर तक के क्षेत्र को परोक्ष रूप से प्रभावित क्षेत्र के रूप में परिभाषित किया गया है।

कलेक्टर श्री धोटे ने बताया कि नवीन प्रावधानों के तहत अब डीएमएफ फण्ड की कुल राशि का 70 प्रतिशत भाग सीधे प्रभावित क्षेत्रों में तथा शेष 30 प्रतिशत भाग परोक्ष प्रभावित क्षेत्रों में व्यय किया जाएगा। इससे खदान के सबसे निकट बसे गांवों को विकास कार्यों में प्राथमिकता मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि पूर्व में डीएमएफ के तहत प्रतिवर्ष वार्षिक कार्ययोजना तैयार की जाती थी। नवीन निर्देशों के अनुसार अब आगामी 5 वर्षों की समेकित भावी कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित विभागों से बेसलाइन सर्वे का डाटा संकलित किया जा रहा है। बेसलाइन डाटा के आधार पर 5 वर्षीय कार्ययोजना तैयार कर उसे डीएमएफ पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसी कार्ययोजना के अनुरूप प्रत्येक वर्ष की वार्षिक कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन किया जाएगा।

कलेक्टर श्री धोटे ने बताया कि नवीन नियमों में कृषि, पशुपालन और आवास जैसे क्षेत्रों को भी प्राथमिकता वाले मदों में शामिल किया गया है। अब डीएमएफ फण्ड की 70 प्रतिशत राशि प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की गतिविधियों पर तथा शेष 30 प्रतिशत राशि अन्य प्राथमिक क्षेत्रों पर व्यय की जा सकेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कलेक्टर श्री धोटे ने समिति के सदस्यों से अनुरोध किया कि डीएमएफ फण्ड से ऐसे प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाएं जिनका जिले के समग्र विकास पर दीर्घकालिक और ठोस प्रभाव हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि बहुत छोटे कार्यों अथवा अन्य विभागीय मदों से कराए जा सकने वाले कार्यों के प्रस्ताव डीएमएफ में न लाए जाएं। फण्ड का उपयोग प्रभावी और बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए किया जाना चाहिए।

 

प्रगतिरत कार्यों की दी गयी जानकारी

 

सीईओ जिला पंचायत एवं न्यास के सदस्य सचिव श्री शाश्वत सिंह मीना ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में जिन कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त नहीं हो सकी थी, उन्हें निरस्त कर दिया गया है। वर्तमान में प्रगतिरत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि नवीन व्यवस्था में यदि संबंधित विभाग द्वारा पोर्टल पर 30 दिवस के भीतर ऑनलाइन अनुमति प्रदान नहीं की जाती है तो वह प्रस्ताव स्वतः स्वीकृत माना जाएगा। इससे कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।

 

जनप्रतिनिधियों ने दिए विकास संबंधी सुझाव

 

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु मोबाइल हॉस्पिटल की सुविधा, जर्जर शासकीय भवनों की मरम्मत तथा जिले की सब्जी मण्डियों को व्यवस्थित करने का सुझाव दिया।

विधायक निवास श्री चैनसिंह वरकड़े ने जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, भवन विहीन शालाओं के लिए नवीन शाला भवन निर्माण तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के लिए वर्किंग शेड बनाए जाने का प्रस्ताव रखा।

विधायक बिछिया श्री नारायण सिंह पट्टा ने वर्ष 2017 में स्वीकृत किए गए किन्तु अभी तक अपूर्ण आजीविका भवनों को पूर्ण कराकर ग्रामीणों को लाभान्वित करने का विषय बैठक में रखा।

बैठक में नगर पालिका परिषद मण्डला के अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, नगर पालिका परिषद नैनपुर की अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी, नगर परिषद बम्हनीबंजर की अध्यक्ष श्रीमती मीना हरदहा, वनमण्डलाधिकारी श्री एमएस मौर्य सहित सभी संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सेफ क्लिक 2.0 अभियान का भव्य समापन, 200 से अधिक गुम मोबाइल लौटाए गए

 

साइबर जागरूकता प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी और सोशल मीडिया क्रिएटर्स सम्मानित

 

मंडला, 8 जुलाई 2026

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 15 दिनों तक संचालित सेफ क्लिक 2.0 साइबर जागरूकता अभियान का भव्य समापन बुधवार को आर.डी. कॉलेज सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी की गरिमामयी उपस्थिति में हुई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, डीएसपी श्री सतीश चतुर्वेदी, आर.डी. कॉलेज के प्राचार्य, विभिन्न थाना प्रभारियों, साइबर सेल, महिला थाना, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा ने अभियान की उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण देते हुए बताया कि 15 दिवसीय अभियान के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, बाजारों, बैंकों, शासकीय कार्यालयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

समारोह में मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल अरेस्ट, सेक्सटॉर्शन, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फिशिंग, फर्जी लिंक, निवेश एवं पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड, ओटीपी और यूपीआई धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे अपराधों से बचने के लिए जागरूकता, सतर्कता और डिजिटल सुरक्षा के नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने विद्यार्थियों एवं युवाओं से साइबर सैनिक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि सेफ क्लिक 2.0 केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज में साइबर सुरक्षा की संस्कृति विकसित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार और समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति सचेत करेगा, तो इन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट एवं त्वरित सेवाओं के लिए डायल-112 के पुलिसकर्मियों, अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश प्रसारित करने वाले यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब साइबर सेल एवं मंडला पुलिस द्वारा खोजे गए 200 से अधिक गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

समापन समारोह में साइबर जागरूकता प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जहां डिजिटल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गईं। कार्यक्रम में पुलिस विभाग, विभिन्न शासकीय विभागों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षक-छात्रों एवं आम नागरिकों सहित 700 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। अंत में सूबेदार श्री योगेश राजपूत ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मानसून के दौरान बाढ़ नियंत्रण कक्ष में ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव

 

मंडला, 8 जुलाई 2026

कलेक्टर कार्यालय मंडला ने मानसून सत्र 2026 के दौरान संभावित बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला स्तरीय बाढ़ आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष की ड्यूटी व्यवस्था में आंशिक परिवर्तन किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, नियंत्रण कक्ष में प्रतिदिन प्राप्त होने वाली आपदा संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान एवं समन्वय कार्य के लिए तैनात कर्मचारी श्री सुरेश कार्तिकेय डाक रनर 10 जुलाई से 11 जुलाई तक अवकाश पर रहेंगे। उनके स्थान पर इन दोनों दिनों के लिए श्री राजकुमार यादव, स्थायी कर्मी, जल संसाधन विभाग मंडला की ड्यूटी लगाई गई है। वे दो पालियों में दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा, ताकि मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो तथा जिले में प्राप्त होने वाली सूचनाओं का त्वरित संकलन एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मलेरिया एवं जापानी एन्सेफेलाइटिस से बचाव को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

 

मंडला, 8 जुलाई 2026

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में मलेरिया एवं जापानी एन्सेफेलाइटिस की रोकथाम एवं नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय एक दिवसीय ओरिएंटेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी श्री राम शंकर साहू ने प्रतिभागियों को मलेरिया एवं जापानी एन्सेफेलाइटिस के लक्षण, बचाव, समय पर जांच तथा उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्षा ऋतु में मच्छरों से फैलने वाले रोगों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय रहते रोकथाम के उपाय अपनाना आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द और अत्यधिक पसीना इसके प्रमुख लक्षण हैं। वहीं जापानी एन्सेफेलाइटिस क्यूलेक्स प्रजाति के मच्छर के माध्यम से फैलता है, जिसके गंभीर मामलों में मस्तिष्क प्रभावित हो सकता है।

विशेषज्ञों ने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की तत्काल जांच कराई जाए तथा पॉजिटिव पाए जाने पर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लोगों को मच्छरों से बचाव, घरों के आसपास जलभराव न होने देने, मच्छरदानी के उपयोग तथा साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाना है, ताकि मलेरिया एवं जापानी एन्सेफेलाइटिस जैसी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम और समय पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

14 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगा दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान,

घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य टीमें

 

मंडला, 8 जुलाई 2026

जिले में 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी तथा डायरिया सहित अन्य बाल्यकालीन बीमारियों की पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान करेंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य शिशु एवं बाल मृत्यु दर में कमी लाना, बच्चों में दस्त रोग से होने वाली मृत्यु की रोकथाम करना तथा अन्य बाल्यकालीन बीमारियों की समय रहते पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना है।

अभियान के दौरान एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीमें समुदाय में घर-घर भ्रमण कर संवेदनशील बच्चों की सक्रिय स्क्रीनिंग करेंगी। पांच वर्ष तक के बच्चों को ओआरएस पैकेट एवं जिंक टेबलेट उपलब्ध कराई जाएगी तथा इनके उपयोग के संबंध में परिवारों को जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयु के अनुसार विटामिन-ए अनुपूरण, गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान एवं आवश्यकतानुसार संस्थागत उपचार के लिए रेफरल किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के दौरान दस्त, निर्जलीकरण एवं अन्य बाल्यकालीन बीमारियों से प्रभावित बच्चों की पहचान कर प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार और रेफरल की व्यवस्था की जाएगी। छह माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को आयरन अनुपूरण भी दिया जाएगा।

जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 31 अगस्त तक कुल 33 कार्य दिवसों में वीएचएनडी एवं अन्य निर्धारित दिवसों पर स्वास्थ्य दल घर-घर जाकर सेवाएं देंगे। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिले में सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

9 जुलाई को जिले में मनाया जाएगा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियानदिवस

 

मंडला, 8 जुलाई 2026

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार जिले में 9 जुलाई को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान करना है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं महिला चिकित्सा अधिकारी अपनी सेवाएं देंगी। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, आवश्यक परीक्षण, परामर्श तथा उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान कर समुचित उपचार एवं रेफरल की व्यवस्था की जाएगी।

अभियान के लिए जिला अस्पताल मंडला सहित बम्हनी बंजर, बिछिया, बीजाडांडी, घुघरी, मवई, मोहगांव, नैनपुर, नारायणगंज, निवास, अंजनिया, मोहनिया पटपरा तथा अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की है कि वे 9 जुलाई को अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निःशुल्क प्रसव पूर्व जांच एवं परामर्श का लाभ अवश्य लें, जिससे सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सके।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

डायरिया रोको अभियान: ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण

फील्ड टेस्ट किट से जल गुणवत्ता जांच, जल शुद्धिकरण की जानकारी एवं आवश्यक सामग्री का किया गया वितरण

 

मंडला, 8 जुलाई 2026

डायरिया रोको अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला द्वारा विकासखंड बिछिया की 71 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायकों के लिए जल गुणवत्ता परीक्षण एवं सुरक्षित पेयजल प्रबंधन विषयक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बिछिया श्री आर.के. मंडावी एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री श्री राजकुमार उइके उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण में जल की गुणवत्ता की नियमित जांच एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि डायरिया रोको अभियान के अंतर्गत जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए ग्राम स्तर पर जल स्रोतों की नियमित निगरानी, जल शुद्धिकरण तथा जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है।

प्रतिभागियों को जल के भौतिक, रासायनिक एवं जीवाणु परीक्षण की विधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पीएच, क्लोराइड, फ्लोराइड, आयरन, अवशिष्ट क्लोरीन, नाइट्रेट, अमोनिया, अल्केलिनिटी तथा टर्बिडिटी सहित विभिन्न जल गुणवत्ता मानकों की जांच का व्यवहारिक प्रदर्शन किया गया। साथ ही सोडियम हाइपो क्लोराइड के माध्यम से पेयजल शुद्धिकरण की प्रक्रिया एवं उसके सुरक्षित उपयोग की जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षण के उपरांत ग्राम पंचायतवार फील्ड टेस्ट किट, सोडियम हाइपो क्लोराइड, रिफिल पैक एवं बैक्टो वॉयल्स का वितरण किया गया, ताकि ग्राम स्तर पर नियमित रूप से जल गुणवत्ता परीक्षण एवं जल शुद्धिकरण की गतिविधियां संचालित की जा सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से विकासखंड समन्वयक श्री जयंत मेश्राम, श्री उमा गणेश लोधी एवं श्री डी.एस. सिरसाम सहित स्वास्थ्य विभाग तथा जनपद पंचायत बिछिया के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

ग्राम पंचायत देवरी में जन-कल्याणकारी शिविर आयोजित, 34 आवेदन प्राप्त

 

मंडला, 8 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश शासन के विशेष अभियान के अंतर्गत बुधवार को ग्राम पंचायत देवरी में खण्ड स्तरीय जन-कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में ग्राम के सरपंच श्री करन सिंह वरकडे, जनपद पंचायत के पीसीओ श्रीमती वंदना विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर के दौरान कुल 34 आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व विभाग के 08 आवेदन, जनपद पंचायत के 22 आवेदन, स्वास्थ्य विभाग के 02 आवेदन, विद्युत विभाग का 01 आवेदन ,महिला एवं बाल विकास विभाग का 01 आवेदन प्राप्त हुआ। सभी प्राप्त आवेदनों को निराकरण हेतु पोर्टल पर दर्ज कर लिया गया है।

Related posts

कलेक्टर ने ली वन अधिकार समिति की बैठक

Reva India News

पीएम किसान योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु फार्मर आईडी अनिवार्य सीएससी सेंटर में जाकर अपनी फार्मर आइडी बनवायें किसान  

Reva India News

सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 14 जुलाई को होगा मंडला आगमन

Reva India News

Leave a Comment