किसानों के साथ खेत में उतरीं मंत्री उईके, रोपा धान
मंडला, 26 जुलाई 2026
प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उईके ने ग्राम पंचायत टिकरवारा पहुंचकर किसानों के साथ खेत में धान रोपाई की। उन्होंने किसानों के बीच समय बिताते हुए धान रोपाई के कार्य में सहभागिता की और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि किसानों का अथक परिश्रम ही प्रदेश और देश की समृद्धि की आधारशिला है। खेत की मिट्टी से जुड़कर कार्य करने का अनुभव आत्मीयता और गर्व का एहसास कराता है। उन्होंने किसानों के परिश्रम की सराहना करते हुए खरीफ सीजन की सफल एवं भरपूर फसल की कामना की।
मंत्री श्रीमती उईके ने कहा कि अन्नदाता के श्रम से ही हर घर तक अन्न पहुँचता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह खरीफ सीजन सभी किसानों के लिए सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
डेयरियों एवं मिठाई दुकानों का निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के लिए नमूने
मंडला, 26 जुलाई 2026
संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. डी.जे. मोहंती के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने डेयरियों, मिठाई एवं बेकरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान पेटेगांव स्थित दिनशा डेयरी प्राइवेट लिमिटेड से गाय के दूध, जलपान बेकरी एंड स्वीट्स से कुंदा एवं मिक्स नमकीन तथा जय हिंद दूध डेयरी से मिश्रित दूध एवं पनीर के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर जलपान बेकरी एंड स्वीट्स को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया गया।
नवाचार प्रोजेक्ट ‘संकल्प’ के तहत प्रथम मूल्यांकन टेस्ट संपन्न
1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने दी ओएमआर आधारित परीक्षा
मंडला, 26 जुलाई 2026
जिला प्रशासन द्वारा जिले के होनहार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरू किए गए नवाचार प्रोजेक्ट ‘संकल्प’ के अंतर्गत शनिवार को प्रथम मूल्यांकन टेस्ट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष परीक्षा में जिले के लगभग 80 विद्यालयों के 1500 से अधिक कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
बीते 11 जुलाई से संचालित इस नवाचार प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य जिले के मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं, जेईई और नीट की निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग प्रतिदिन उपलब्ध कराना है। शनिवार को आयोजित यह परीक्षा शिक्षण के प्रथम चरण का आकलन करने और विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा प्रणाली से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी मुख्य प्रतियोगी परीक्षाओं के वास्तविक माहौल का अनुभव कराने के उद्देश्य से परीक्षा पूर्णतः ओएमआर शीट आधारित आयोजित की गई। परीक्षा की सुचिता, पारदर्शिता और त्वरित परिणाम सुनिश्चित करने के लिए सभी ओएमआर शीट्स का मूल्यांकन एक विशेष मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। मोबाइल ऐप द्वारा मूल्यांकन के पश्चात विद्यार्थियों की ग्रेडिंग तय होगी, जिसके आधार पर पूरे जिले की एक एकीकृत (कंबाइंड) मेरिट व रैंकिंग सूची जारी की जाएगी।
परियोजना की महत्ता पर प्रभारी का वक्तव्य
एपीसी एवं प्रोजेक्ट प्रभारी श्री मुकेश पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षा और जिला स्तरीय रैंकिंग से विद्यार्थियों को जिले में अपनी वास्तविक तैयारी और स्थिति का सटीक आकलन करने का अवसर मिलेगा। इससे छात्रों में आगे बढ़ने की स्वस्थ एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा विकसित होगी। निःशुल्क कोचिंग और नियमित मूल्यांकन की यह व्यवस्था विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के मेधावी बच्चों के सपनों को साकार करने में मील का पत्थर साबित हो रही है।
अवैध मत्स्याखेट पर मत्स्य विभाग की कार्रवाई, 12 किलो मछली जब्त
मंडला, 26 जुलाई 2026
मत्स्य प्रजनन काल के दौरान बंद ऋतु में अवैध मत्स्याखेट एवं मछली विक्रय पर रोक सुनिश्चित करने के लिए मत्स्य विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 जुलाई को विभागीय टीम ने कारीकोन तिराहा, महाराजपुर, आमानाला बायपास एवं झूला पुल क्षेत्र में निरीक्षण एवं जाँच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान लगभग 12 किलोग्राम अवैध मछली जब्त की गई। जब्त मछली की नीलामी कर प्राप्त 1,000 रुपये की राशि शासकीय कोष में जमा कराई गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बंद ऋतु के दौरान अवैध मत्स्याखेट एवं मछली विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
यह कार्रवाई सहायक संचालक मत्स्योद्योग श्री एच.के. भगत, सहायक मत्स्य अधिकारी श्री एस.के. उइके, मत्स्य निरीक्षक श्री पी.आर. वैद्य, मत्स्य जमादार श्री राजेन्द्र सरोते तथा श्री संजय वरकड़े सहित विभागीय अमले की उपस्थिति में संपन्न हुई। बंद ऋतु में अवैध मत्स्याखेट करने वालों के विरुद्ध मत्स्य विभाग ने सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी दी है।
12 सितम्बर को होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियाँ तेज
प्रीसिटिंग बैठक आयोजित
मंडला, 26 जुलाई 2026
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों के तहत शनिवार को जिला न्यायालय मंडला में प्रीसिटिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री कमल जोशी के निर्देशन तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री तपन धारगा के मार्गदर्शन में हुआ। बैठक में सभी न्यायिक अधिकारियों को अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों की पहचान कर उनका निराकरण नेशनल लोक अदालत के माध्यम से कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष रूप से धारा 138 एन.आई. एक्ट (चेक बाउंस), मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण (एमएसीसी), सिविल, आपराधिक, पारिवारिक, भरण-पोषण, श्रम, राजस्व तथा अन्य समझौता योग्य मामलों को प्राथमिकता देते हुए अधिकाधिक प्रकरण चिन्हित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही बैंक, नगरपालिका, विद्युत विभाग और बीएसएनएल से जुड़े प्रीलिटिगेशन मामलों के निराकरण की भी रणनीति बनाई गई।
बैठक में प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री प्रकाशचंद्र आर्य, विशेष न्यायाधीश श्री आर.के. रावतकर, जिला न्यायाधीश श्री रमेश रंजन चौबे, श्री तेजप्रताप सिंह, श्री हेमराज सनोडिया, श्री विवेकानंद त्रिवेदी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद जफर खान, न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा रहमान, डॉ. अल्तमश रहमान, मोहम्मद सैफी, श्रीमती शिवानी अग्रवाल एवं श्रीमती वत्सला प्रजापति उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निवास, नैनपुर एवं भुआबिछिया न्यायालयों के न्यायिक अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री विजय खोब्रागड़े, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अधिवक्ता श्री सत्यनारायण मिश्रा, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल अधिवक्ता श्री एम.वाई. खोखर तथा एन.आई. एक्ट मामलों से जुड़े अधिवक्ता श्री आलोक जैन एवं श्रीमती शक्ति विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया।
बाल योग एवं ध्यान शिविर में बच्चों ने सीखे स्वस्थ जीवन के मंत्र
मंडला, 26 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते एवं परियोजना अधिकारी श्रीमती रेखा सैयाम के मार्गदर्शन में परियोजना नैनपुर में बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विशेष बाल योग एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को भस्त्रिका, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम के साथ तितली आसन, वृक्षासन एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से बच्चों की मानसिक एकाग्रता, स्मरण शक्ति, शारीरिक संतुलन और लचीलापन बढ़ता है। साथ ही भस्त्रिका प्राणायाम शरीर में ऊर्जा का संचार कर तनाव कम करने में सहायक होता है तथा नियमित योग से रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।
