मण्डला 18 फरवरी 2021
19 फरवरी को मनाई जाने वाली नर्मदा जयंती के अवसर पर नर्मदा नदी के घाटों की सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिला मुख्यालय तथा संपूर्ण जिले में स्थित नर्मदा नदी के घाटों की सफाई का वृहद स्तर पर कार्य किया गया। रपटा घाट में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने घाटों की सफाई करते हुए श्रमदान किया। नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला ने उपस्थित जनसमूह को नर्मदा नदी की सफाई में सहयोग तथा अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने शपथ के माध्यम से स्वच्छता कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने तथा स्वच्छता के व्यवहार को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील भी की। कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार जिले भर में स्थित माँ नर्मदा के घाटों की सफाई की गई। इस कार्यक्रम में ग्रामीण जनता एवं स्थानीय ने सक्रियता से भाग लिया और स्वच्छता एवं श्रमदान के कार्य में सहयोग दिया।
कलेक्टर ने किया श्रमदान, दिलाई शपथ
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने रपटा घाट पहुंचकर घाटों की सफाई के लिए पहुंचे जनसमूह एवं जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारियों को श्रमदान के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने जनसामान्य को नर्मदा के घाटों के साथ-साथ अपने मोहल्ले, गांव तथा शहर की सफाई में भी सहभागी बनने की अपील की। श्रीमती सिंह ने सहस्त्रधारा के मंदिर परिसर में झाडू लगाकर श्रमदान भी किया। उन्होंने उपस्थित जनमानस को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। रपटाघाट एवं सहस्त्रधारा में श्रमदान के दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष गिरीश चंदानी, अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, एडिशनल सीईओ श्री मरावी, कमांडेट होमगार्ड, राकेश तिवारी, समाजसेवी, नेहरू युवा केन्द्र के सदस्य, पुलिस तथा प्रशासन के अधिकारी तथा कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
नगरपालिका एवं जवानों ने की साफ-सफाई
नर्मदा जयंती के अवसर पर के दिन पूर्व आयोजित किए गए श्रमदान कार्यक्रम के अंतर्गत नगरपालिका परिषद तथा जवानों द्वारा घाटों पर श्रमदान का कार्य किया गया। श्रमदान के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला सहित पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधियों ने घाटों से कचरा, गाद तथा अपशिष्टों की सफाई की। जवानों ने भी सफाई के कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं मुख्यालय के अलग-अलग घाटों पर सफाई कार्य करते हुए श्रमदान किया।
