मंडला, 11 सितम्बर 2026
जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी निराकरण किया जाए।
बैठक में जनसुनवाई को ग्राम स्तर तक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित दिवसों में ग्राम स्तर पर पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनें तथा प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान समग्र एवं संबंधित अभिलेखों के संधारण, ई-केवाईसी तथा फार्मर रजिस्ट्री सहित आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने हितग्राही एवं विभागीय रजिस्टरों का सही एवं नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित ट्रैकिंग एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनसुलभ बनाना है। अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी जिलाधिकारियों की उपस्थिति में विभागों में लंबित सीएम हेल्पलाइन का भी अवलोकन किया एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
