मंडला, 11 सितम्बर 2026
जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित जनविश्वास शिविर में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में उद्योग संवाद, कृषक संवाद एवं जन संवाद का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को लेकर प्राप्त आवेदनों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।

जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से होगा विकास – सांसद श्री कुलस्ते
सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि जनविश्वास अभियान शासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, किसानों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है। किसानों की आय बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने नागरिकों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं सुझावों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में निरंतर विकास एवं हितग्राहीमूलक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

परंपरागत फसलों के साथ नवाचार और लाभकारी फसलों को बढ़ावा दें – कलेक्टर श्री धोटे
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी निराकरण करना तथा शासन-प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि किसानों को परंपरागत खेती के साथ-साथ ऐसी फसलों एवं गतिविधियों से भी जोड़ा जाना चाहिए, जिनसे उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके।
कृषक संवाद के दौरान कलेक्टर ने किसानों से अश्वगंधा, काली तुलसी सहित अन्य लाभकारी एवं बाजार की मांग के अनुरूप वैकल्पिक फसलों को अपनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले की जलवायु एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नई फसलों और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। संबंधित विभाग किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं।उन्होंने कहा कि उद्योग एवं कृषि क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। जिन प्रकरणों का निराकरण तत्काल संभव है, उनका शीघ्र निराकरण किया जाए तथा अन्य मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवेदकों को प्रकरण की स्थिति से अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती ओमवती उइके, नगरपालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पंजवानी, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम श्री आशुतोष ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

