मंडला, 18 सितम्बर 2026
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मंडला द्वारा जिला आजीविका मिशन के तत्वावधान में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का 11 सितंबर 2026 को समापन हुआ।
प्रशिक्षण में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी एवं गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वाली 23 महिलाओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक कार्यों के साथ व्यक्तित्व विकास, स्वरोजगार की स्थापना तथा व्यवसाय संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों का लिखित एवं मौखिक मूल्यांकन भी किया गया। समापन कार्यक्रम में सेंट-आरसेटी के निदेशक राजेश राय ने बैंक ऋण एवं विभिन्न बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर के.के. अवस्थी, यश मोहन उराठे, आशिष अमावला, अमित यादव, भागवती बाई, अन्नू पटेल सहित अन्य अतिथि एवं संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे।
