मंडला, 16 अक्टूबर 2026
पॉलीक्लीनिक जिला पशु चिकित्सालय मंडला में पशु चिकित्सा दल ने सिजेरियन ऑपरेशन कर गाय के गर्भ से नवजात बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाला। ऑपरेशन के बाद गाय एवं नवजात बछड़ा दोनों स्वस्थ हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पशुपालक श्री वीरेंद्र कुमार कछवाहा की गाय का सिजेरियन ऑपरेशन पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा सफलतापूर्वक किया गया। उपसंचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मंडला के निर्देशन में गठित दल में सर्जरी विंग प्रभारी डॉ. सुमित पटेल, पॉलीक्लीनिक मंडला की डॉ. श्रुति गौर एवं पशु चिकित्सक डॉ. दुरपत मरावी शामिल रहे।
पशु चिकित्सकों की विशेषज्ञता, तत्परता एवं समन्वित प्रयासों से जटिल ऑपरेशन सफल रहा और गाय तथा नवजात बछड़े की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी। इससे पशुपालक को बड़ी राहत मिली।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जिले में पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण, उन्नत पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पशुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
