मंडला, 16 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज आंगनबाड़ी केंद्र बम्हनी बंजर वार्ड क्रमांक 1 में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद परस्ते एवं सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री रोहित बड़कुल ने भ्रमण कर बच्चों से भेंट की और उनके साथ बैठकर भोजन किया। अधिकारियों ने केंद्र में उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनसे आंगनबाड़ी में मिलने वाले भोजन, पढ़ाई और खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करते हुए अधिकारियों ने पोषण आहार की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका से मेनू के अनुसार नाश्ता, गर्म पका भोजन, टेक होम राशन और बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं वजन के संबंध में जानकारी ली।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री परस्ते ने निर्देश दिए कि बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित मेनू के अनुसार गर्म, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन दिया जाए। परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बच्चों के नियमित वजन, टीकाकरण और वृद्धि निगरानी को गंभीरता से करने के लिए कहा। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और स्थानीय अभिभावक उपस्थित रहे।
