Reva India News
Otherऑटोटेकब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर ने ली समय-सीमा बैठक

मण्डला 12 अक्टूबर 2020

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय-सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों का इस सप्ताह अधिक से अधिक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का पूर्ण संतुष्टि के साथ निराकरण करना सुनिश्चित करें। 19 तारीख तक अधिक से अधिक शिकायतों का निराकरण कर जिले की रैकिंग बेहतर करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। श्रीमती सिंह ने 100, 300 तथा इससे अधिक दिवस की शिकायतों वाले विभागों से जवाब मांगे तथा इन शिकायतों को जल्द से जल्द निराकृत करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बैठक में सेम-फ्री मंडला अभियान की समीक्षा करते हुए जिले में कुपोषण की वर्तमान स्थिति का विस्तृत ब्यौरा मांगा। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे से सेमफ्री मंडला अभियान के तहत अब तक वजन वृद्धि होने वाले बच्चों की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने ऐसे बच्चे जिनके वजन में सकारात्मक परिवर्तन नहीं हुआ है के स्वास्थ्य पर निगरानी रखने और सीडीपीओ तथा बीएमओ को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने एनआरसी में बैड ऑक्यूपेंसी के बारे में प्रति 2 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने निरक्षरता से आजादी अभियान के अंतर्गत महिलाओं को अक्षरज्ञान के साथ-साथ वित्तीय साक्षरता की आधारभूत जानकारी लगातार देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले से बाहर जाने वाली लड़कियों को उनकी सुरक्षा के लिए अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने पशुपालन विभाग से बनाए जा रहे किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जीएम सीसीबी को इस संबंध में प्रगति दिखाने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यानिकी विभाग को औषधि पौधों के उत्पादन एवं खेती के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के हर ब्लॉक की भौगोलिक स्थिति के अनुसार अलग-अलग प्लान बनाएं। कलेक्टर ने मनेरी क्षेत्र के लोगों को उनके कौशल के अनुसार रोजगार देने संबंधी कार्यवाही के बारे में संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने आईटीआई ट्रेनिंग, पेंशन प्रकरण, मत्स्य केसीसी तथा बीज वितरण के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

 

मवई क्षेत्र में योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभागों को निर्देशित किया कि मवई क्षेत्र में भ्रमण करते हुए अपने विभागों के माध्यम से कैम्प आयोजित कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी दें तथा उन्हें योजनाओं का लाभ देना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने मवई क्षेत्र में पानी, बिजली, स्वास्थ्य, केसीसी, राजस्व प्रकरण तथा वन विभाग आदि से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को केम्प लगाकर ग्रामीणों को लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में इस कार्य में विशेष प्रगति सुनिश्चित करें।

 

नदी में डूबने से बचाने वाले सम्मानित

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में विगत दिनों नर्मदा नदी में कूदकर जान देने का प्रयास करने वाले महिला एवं उनके बच्चों को बचाने वाले युवकों को सम्मानित किया। होमगार्ड के माध्यम से लाए गए युवकों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सम्मानित होने वाले युवकों में अभिषेक कछवाहा, मुनू झारिया, अभिषेक मरावी, सोनू झारिया, सुनील शामिल रहे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, एडीएम मीना मसराम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

रुद्रकांत ठाकुर के भजनों से सजी भक्ति की महफ़िल

Reva India News

एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केन्द्र में वृक्षारोपण किया गया

Reva India News

जहरमऊ तालाब में श्रमदान व सफाई अभियान, जल संरक्षण का दिया संदेश

Reva India News

Leave a Comment