मण्डला 22 अक्टूबर 2020
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में राजस्व अधिकारियों की विस्तृत बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दिनों में आने वाले पर्वों एवं त्यौहारों के मद्देनजर अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था पुख्ता रखें। सभी राजस्व अधिकारी शांति व्यवस्था बनाए रखने अपने कार्यपालिक अधिकारों का नियमानुसार प्रयोग करें। उन्होंने सभी एसडीएम को उनके क्षेत्र में दशहरे के अवसर पर होने वाले परंपरागत शस्त्र पूजन एवं अन्य रीति-रिवाजों की जानकारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शस्त्र पूजन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था का उल्लंघन न होने पाए। श्रीमती सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र में बैठक करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजस्व बैठक में राजस्व न्यायालयों के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बिछिया क्षेत्र के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के प्रकरणों से संबंधित जानकारी ली। ईईपीडब्ल्यूडी जीपी पटले ने ग्वारा हवाई पट्टी से संबंधित कार्य के बारे में बैठक में जानकारी दी। श्रीमती सिंह ने उपार्जन पर चर्चा करते हुए एसडीएम सहित सभी राजस्व अधिकारियों को संबंधितों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी पंचायत एवं अन्य चुनावों के मद्देनजर जरूरी व्यवस्था पर भी चर्चा की। कलेक्टर ने एसडीएम निवास को मनेरी एवं चुटका क्षेत्र में भूमि के लीज संबंधी चर्चा करते हुए कानून एवं व्यवस्था की दृष्टि से भी सतर्क रहने के निर्देश दिए।
श्रीमती सिंह ने बैठक में सीमांकन, बंटवारा तथा नजूल के प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने तहसीलवार आंकड़ों की समीक्षा करते हुए इस सप्ताह प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आरसीएमएस के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नजूल के तहसीलवार लक्ष्य एवं इसके विरूद्ध की गई वसूली के बारे में जवाब मांगा। उन्होंने राजस्व लक्ष्य पर चर्चा करते हुए इसे प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आरआरसी के अंतर्गत मंडला को लक्ष्य देते हुए इसके शीघ्र पूर्ति के निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागवार चिटफंड कंपनियों के विरूद्ध की गई कार्यवाही एवं प्राप्त आवेदनों पर विस्तृत सवाल किए।
श्रीमती सिंह ने सभी राजस्व अधिकारियों को दुर्गा पूजा एवं दशहरे के दौरान अपने क्षेत्र में कोविड नियंत्रण के लिए जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा उत्सव समितियों के संचालकों से चर्चा कर पंडालों में कोरोना नियंत्रण की जागरूकता प्रसारित करने वाले पोस्टर, बैनर लगाना सुनिश्चित करें। पंडालों में सोशल डिस्टेसिंग तथा मॉस्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने समितियों को सोशल डिस्टेसिंग एवं मॉस्क का प्रयोग सुनिश्चित कराने सोशल वॉलेंटियर्स नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एडीएम मीना मसराम, एसडीएम प्रथम कौशिक सहित एसडीएम एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।
