मण्डला 25 जनवरी 2021
लोकसेवा गारंटी अधिनियम 2010 के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लोकसेवा प्रबंधन विभाग के तत्वाधान में ’’लोकसेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में बढ़ते कदम’’ कार्यक्रम का आयोजन योजना भवन में किया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ’’लोकसेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में बढ़ते कदम’’ कार्यक्रम को संबोधित किया। श्री चौहान के संबोधन का सजीव प्रसारण योजना भवन में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। इस दौरान केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम प्रथम कौशिक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में जिले में लोकसेवा एवं सुशासन के बेहतर क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवक सीडीपीओ घुघरी एसएस ठाकुर, लोकसेवा केन्द्र मंडला के वीरेन्द्र कुमार मिश्रा तथा लोकसेवा केन्द्र निवास के बी. योगेश को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसेवा गारंटी अधिनियम 2010 की सफलता के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अपने संजीव संबोधन में कहा कि इस अधिनियम ने शासन एवं प्रशासन के साथ जनता के रिश्ते को मजबूत किया है। साथ ही जवाबदेहिता भी तय की है। उन्होंने सुशासन की परिभाषा की चर्चा करते हुए सभी शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जनता को उनके हितलाभ एवं उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने की व्यवस्था बनाते हुए लगातार काम करने के निर्देश दिए। लोकसेवा प्रबंधन विभाग के मंत्री श्री अरविंद सिंह भदौरिया ने बताया कि 2010 में अधिनियम के क्रियान्वयन के साथ ही इसे अब तक देश के 24 राज्यों ने अपने-अपने राज्यों में लागू किया है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के विभिन्न विभागों के माध्यम से अब तक 7 करोड़ से अधिक समस्याओं का समाधान किया जा चुका है। समारोह में मध्यप्रदेश शासन द्वारा लोकसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों के तहत् सीएम जनसेवा, सीएम डेशबोर्ड, व्हाट्सऐप्प चैटबोट एवं अन्य नवाचारों का शुभारंभ भी किया गया है।
राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने लोकसेवा प्रबंधन अधिनियम की प्रशंसा करते हुए जिले में अच्छा कार्य करने वाले लोकसेवकों की प्रशंसा की एवं उन्हें बाधाई दी। विधायक मंडला देवसिंह सैयाम ने लोकसेवा गारंटी अधिनियम से लोगों की समस्याओं के निराकरण में समय की बचत को सबसे महत्वपूर्ण बताया। इसी प्रकार जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी ने अधिनियम से ग्रामीण जनता को मिल रहे त्वरित एवं समय सीमा के लाभ की चर्चा की। जिला प्रबंधक लोकसेवा कविता गुप्ता ने जिला प्रशासन मंडला द्वारा लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत् प्रदान की जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोकसेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत जिले में अब तक कुल 962088 आवेदनों का निराकरण किया गया। इसी प्रकार समाधान तत्काल एक दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 105716 आवेदनों का निराकरण किया गया है। जिले में अब तक कुल आय प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र के कुल 678056 आवेदनों का निराकरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।
