मण्डला 9 फरवरी 2021
ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल की कार्यकारिणी की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक बच्चे को शैक्षणिक गतिविधियों से संबद्ध रखा जाए। प्रत्येक बच्चों का फॉलोअप सुनिश्चित करते हुए उनका उपलब्धि स्तर बढ़ाने का प्रयास करें। शिक्षकों का रोस्टर बनाकर उनकी क्षमताओं का समुचित उपयोग किया जाए। बैठक में सोसायटी के मानसेवी सचिव संजय तिवारी सहित अजय खोत, विनोद अग्रवाल, राजेश चौरसिया आदि सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि शिक्षकों के बीच कार्यविभाजन कर बच्चों को शैक्षणिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाए। विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित कर संस्था का रिजल्ट को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाए। इस संबंध में उन्होंने विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि अनुपस्थित एवं अनियमित उपस्थित रहने वाले बच्चों के पालकों को नोटिस जारी करें। शिक्षक तथा पालकों द्वारा सम्मिलित प्रयास कर प्रत्येक बच्चे की कक्षा में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने स्कूल में लगने वाले कक्षाओं में कोविड-19 से बचने के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि खेल शिक्षक के माध्यम से बच्चों को योगा एवं इनडोर गेम्स की गतिविधियां कराएं। शिक्षकों की योग्यता के आधार पर उनका समुचित उपयोग करें। संस्था में कैरियर गाईडेंस, सामान्य ज्ञान आदि के संबंध में साप्ताहिक रूप से स्पेशल सत्र संचालत किए जाएं। दसवी एवं बारहवी की बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे परिणाम देने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि नवीन शिक्षा सत्र के लिए नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करें। बैठक में शाला के प्राचीन भवन की मरम्मत तथा नवीन भवन के निर्माण के संबंध में भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पुराने भवन के मरम्मत के संबंध में तकनीकि अधिकारियों से जांच कराने के उपरांत ही बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही निर्णय लिया जाए।
ट्यूशन फीस प्राप्त कर शिक्षकों को मानदेय भुगतान करें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि विद्यालय में पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे से ट्यूशन फीस अनिवार्य रूप से जमा कराई जाए तथा प्राप्त होने वाली राशि से शिक्षकों के मानदेय का भुगतान करें। उन्होंने विद्यार्थियों की पैंडिंग फीस को जमा कराने के लिए समय सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों को समय पर मानदेय भुगतान किया जाए।
