मण्डला 9 फरवरी 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला योजना भवन में संपन्न हुई जनसुनवाई में लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनके समुचित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनसुनवाई में 79 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन की समीक्षा करते हुए उन आवेदनों को मौके में ही निराकृत कराया जिनमें कोई तकनीकि पक्ष नहीं था, शेष आवेदनों के निराकरण के लिए आवेदन की प्रकृति के अनुसार समय सीमा निर्धारित की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मरावी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि अधिकारी आवेदनों के निराकरण की केवल औपचारिकता न करें, बल्कि संवेदनशीलता से कार्य करते हुए प्रत्येक आवेदन का सकारात्मक निराकरण करने का प्रयास करें। जनसुनवाई में गौंझी, हर्राटोला, बीजा मवई, परसवाह आदि क्षेत्रों से पेयजल से संबंधित समस्याएं आने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम टोला तक पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। किसी भी गांव में पेयजल के लिए दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सड़क निर्माण एवं मरम्मत की आवश्यकता से संबंधित जानकारी एकत्र करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि यात्री बसों में निर्धारित किराए से अधिक किराया न लिया जाए। उन्होंन यात्री वाहनों के आकस्मिक जांच करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने प्रबंधक लोक सेवा को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के आवेदनों में विभागों द्वारा दिए जा रहे जवाबों की समीक्षा कर प्रत्येक टीएल बैठक में विभागवार जानकारी प्रस्तुत करें।
मौके पर निराकृत हुए सावित्री बाई तथा हल्केराम के आवेदन
अहमदपुर निवासी सावित्री में कलेक्टर हर्षिका सिंह को आवेदन देते हुए राष्ट्रीय परिवार सहायता राशि दिलाए जाने की मांग की। सावित्री बाई ने कलेक्टर को बताया कि उसने पंचायत में सभी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं उसके बाद भी आज दिनांक तक उसको किसी भी प्रकार की पेंशन प्राप्त नहीं हो रही है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर मौके पर ही राष्ट्रीय परिवार सहायता पेंशन स्वीकृत कराई। उन्होंने इस प्रकरण में लेटलतीफी के लिए संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार सागर निवासी हल्केराम द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र में प्रतिशत बढ़ाए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने उसे तत्काल एम्बूलेंस से अस्पताल भेजकर उसकी जांच कराई तथा मौके पर ही उसका दिव्यांगता का प्रतिशत बढ़ाकर प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। हल्केराम को व्हीलचेयर प्रदान करने संबंधी प्रक्रिया भी पूर्ण की गई।
मवई के प्रत्येक पंचायतों में शिविर लगाने के निर्देश
जनसुनवाई में मवई विकासखंड से संबंधित शिकायतें आने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एसएस मरावी को निर्देशित किया कि मवई विकासखंड की प्रत्येक पंचायतों में शिविर लगाकर जनसमस्याओं का निराकरण किया जाए। इन शिविरों में विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बुधवार 10 फरवरी को मवई विकासखंड के बैगा टोला कुटरवानी बीजा में शिविर लगाने के निर्देश दिए। शिविर में पेयजल, सड़क, बिजली, खाद्यान्न वितरण, स्वास्थ्य सुविधा, रोजगार, पेंशन आदि से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए इनसे संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल की जाएगी।
प्रकरणों पर त्वरित कार्यवाही करे राजस्व अमला
जनसुनवाई में नकल न मिलने, सीमांकन न होने तथा ऋण पुस्तिका प्रदान न करने से संबंधित आवेदन प्राप्त होने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर आवेदनों के तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व से संबंधित ऐसे प्रकरण जिनके निराकरण में कोई तकनीकि पक्ष नहीं है, उन प्रकरणों का विशेष अभियान चलाकर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समस्त एसडीएम एवं तहसीलदारों को भी इस संबंध में कार्यालयीन टेबिलों की आकस्मिक जांच करने के निर्देश दिए।
