मण्डला 17 फरवरी 2021
केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में योजना भवन में जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री कुलस्ते ने वन, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल तथा कृषि एवं अन्य महत्वपूर्ण विभागों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में पेयजल की योजनाओं को विस्तारित करें। उन्होंने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को जलसंकट से प्रभावित गांवों को चिन्हित कर ऐसे क्षेत्रों में पानी के स्त्रोत का सर्वे करते हुए पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्र जहां जल स्त्रोतों की कमी है या अनुपलब्धता है वहां नलजल योजना एवं अन्य उपायों से पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने जिले में विगत् महीनों में सिंचाई रकबे की वृद्धि की समीक्षा की। उन्होंने मंडला जिले के लिए प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत् किए जा सकने वाले कार्य की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में कोविड वैक्सीनेशन एवं संक्रमण की स्थिति पर विस्तार से जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन का कार्य निर्देशानुसार गंभीरता से पूरा करें। उन्होंने जिले में कोरोना के एक्टिव केस एवं व्यवस्थाओं से संबंधित आंकड़ेवार जानकारी ली। इस्पात राज्यमंत्री ने आंगनवाड़ी एवं पंचायत भवन के निर्माण, राजमार्ग, वन, कृषि तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं विद्युत विभाग की समीक्षा भी की।
कोदो-कुटकी के उत्पादों को प्रोत्साहित करें
केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री ने मंडला जिले को राष्ट्रीय उद्यानिकी मेले में द्वितीय पुरूस्कार मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बैंगलोर में आयोजित इस मेले में जिले के कोदो-कुटकी के उत्पादों की सराहना प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि जिले में अब कोदो-कुटकी की खेती और इसके उत्पादों को और अधिक प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। श्री कुलस्ते ने कहा कि कोदो-कुटकी की खेती के लिए संबंधित विभाग समन्वय से कार्य करते हुए किसानों को इसके लाभ के बारे में परिचित करें।
कलेक्टर ने दी जानकारी
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’’एक जिला एक उत्पाद’’ के अंतर्गत जिले से कोदो-कुटकी फसल के नामांकन एवं जिले में कोदो-कुटकी के उत्पादों के प्रोत्साहन के लिए जिला प्रशासन द्वारा बनाई जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कोदो-कुटकी के उत्पादों को आंगनवाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार के रूप में भी शामिल किया जाएगा। साथ ही आर्थिक लाभ के लिए इनकी प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग एवं ब्रांडिंग की प्रक्रिया पर भी विस्तृत कार्य किया जाएगा। उन्होंने मंडला जिले में आयोजित होने वाले इन्वेस्टर्स मीट के आयोजन संबंधी जानकारी भी दी। श्रीमती सिंह ने आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश अंतर्गत एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के बारे में भी विस्तार से बताया।
बैठक में विधायक बिछिया श्री नारायण पट्टा ने सुरेहली क्षेत्र में ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले स्वास्थ्य अमले के विरूद्ध कार्यवाही करने की मांग की। उन्होंने सफाई कर्मियों के वेतन, सहजपुरी मार्ग का कार्य प्रारंभ करने एवं विद्युत विभाग के अंतर्गत बिछिया संभाग की विद्युत प्रक्रिया प्रारंभ करने पर चर्चा की। विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने जिला चिकित्सालय के आईसीईयू के संचालन को प्रारंभ करने, निवास क्षेत्र में सिंचित रकबे को बढ़ाने, चिकित्सकों की भर्ती तथा अन्य विषयों पर संबंधित विभाग प्रमुख से जवाब मांगे। जिला विकास एवं समन्वय समिति की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, विधायक बिछिया नारायण पट्टा, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, जिले की नगरीय निकायों के अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष मंडला पांचोबाई पदम, जिला अधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।
