मण्डला 28 फरवरी 2021
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने प्रेसवार्ता में आये समस्त मिडिया बन्धुओं को जानकारी दी कि 1 मार्च दिन सोमवार से केन्द्र व राज्य शासन द्वारा कोरोना वैक्सीनेशन का टीका आम जनता को लगने जा रहा है। इसकी विधिवत शुरूआत 1 मार्च 2021 से प्रातः 10ः30 बजे से प्रधानमंत्री द्वारा की जायेगी। मुख्य चिकित्सा व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह द्वारा बताया गया कि 1 मार्च से कोविड टीकाकरण 2.0 की शुरूआत होने जा रही है जिसमें 60 वर्ष के समस्त आम जनता को कोविड का टीका लगाया जाएगा। ऐसे व्यक्ति जिनकी आयु 1 जनवरी 2022 को 60 वर्ष हो रही है वह टीकाकरण के लिए पात्र होंगे, 45 वर्ष से 60 वर्ष के आयु के ऐसे व्यक्ति जिन्हें बीमारियां जैसे डायबिटीज हाइपरटेंशन इत्यादि हैं वह भी मेडिकल प्रमाण लेकर आते हैं तो वह भी इस निःशुल्क टीकाकरण हेतु पात्र होंगे। उसके लिए सरकार द्वारा पंजीयन की सुविधा आनलाईन की गई है जो कि कोविड 2 एवं आरोग्य सेतु ऐप्प से अपने समय के अनुसार स्लॉट बुक कर अपने निकटस्थ टीकाकरण केन्द्र पर लगवा सकते हैं। जो व्यक्ति स्लॉट बुक करने में सक्षम नहीं है वह सीधा निकटस्थ टीकाकरण केन्द्र में जाकर आधार कार्ड एवं अपनी फोटो आईडी ले जाकर कोरोना का टीका लगवा सकते हैं।
टीकाकरण प्रति सोमवार, बुधवार, गुरूवार एवं शनिवार को प्रातः 9 से सायं 5 बजे तक किया जायेगा। लेकिन ऑनलाईन पंजीयन एवं ऑफलाईन टीका लगाने की संख्या प्रतिदिन निर्धारित की जायेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि 3 मार्च 2021 से हेल्थ केअर वर्कर एवं फ्रंटलाईन वर्कर का द्वितीय डोज भी साथ-साथ लगाया जायेगा एवं जो हेल्थर केअर वर्कर एवं फ्रंट लाईन वर्कर टीकाकरण से छूट गए हैं एवं जिनका पंजीयन नही हो पाया है वह भी इस सुविधा का लाभ ले सकते है। कोविड-19 टीकाकरण जिला अस्पताल, समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में लगाये जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने आमजनता से अपील की है कि अधिक से अधिक आयु वर्ग के व्यक्ति कोविड टीका अपने निकटस्थ टीकाकरण केन्द्र में लगायें।
एक मार्च से ’आपके द्वार आयुष्मान’ अभियान में बनेंगे निःशुल्क आयुष्मान कार्ड
मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने बताया 1 मार्च से पूरे मार्च माह में आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत पात्र हितग्राहियों की पहचान कर कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से उनके निःशुल्क कार्ड बनाए जाएंगे ।पूर्व में जो निर्धारित शुल्क 30 रूपए था वह अब नहीं लिया जाएगा आपके द्वार आयुष्मान माह के दौरान इसे अभियान के तौर पर लिया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत कलेक्टर हर्षिका सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा जिला विधिक प्राधिकरण के अधिकारियों की अभियान में भूमिका सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत एवं स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला भी अभियान में भागीदार बनेगा ।
सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत माह मार्च 2021 से चलेगा टीवी जन आंदोलन अभियान जिसके स्तर पर विभिन्न गतिविधियाँ जैसे फार्मासिस्ट का उन्मुखीकरण, निजी क्षेत्र के चिकित्सकों की कार्यशाला, रिलीजियस लीडर कार्यशाला का आयोजन, कॉलेज एवं स्कूलों के कार्यशाला, कम्यूनिटी मीटिंग, आशा एवं आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की कार्यशाला, धार्मिक स्थलों पर कार्यक्रम संबंधी आईईसी, सीएचओ ऑरिएंटेशन, बाल क्षय रोग खोज अभियान, विभिन्न तहशील एवं ब्लॉकों में कार्यक्रम संबंधी वॉल पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक आदि गतिविधियाँ एवं डीबीटी कैम्पेन, सोशल मीडिया कैम्पेन इत्यादि गतिविधियों के माध्यम से जनजागरुकता लाई जायेगी ताकि 2025 तक जिले से टीबी उन्मूलन किया जा सके।
आज के प्रेसवार्ता में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह, डॉ. वाय.के झारिया जिला टीकाकरण अधिकारी, डॉ जे.पी. चीचाम टी.बी. ऑफिसर, डॉ. जय प्रकाश सिंह जिला मीडिया अधिकारी, श्रीमती सुलोचना रजक प्रभारी उप जिला अधिकारी, राजेन्द्र वर्मा एपीडेमियोलॉजिस्ट, राजेश वर्मा मलेरिया सलाहकार करूणा मार्काे सिस्टर ट्यूटर, सैंकी चौरसिया जिला समन्यवक आयुष्मान भारत, हिमांशू मेहरा, जिला पीएमडीटी समन्वयक एनटीईपी, कीर्ति कुशवाहा टी.वी. र्काेडीनेटर एवं समस्त मीडिया बन्धु उपस्थित रहे।
