मण्डला 22 मई 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में जिले में कोविड वैक्सीनेशन को बढ़ाने आदिवासी एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। वीसी के माध्यम से आयोजित इस बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले में कोविड वैक्सीनेशन को बढ़ाने सभी समाज के प्रतिनिधियों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। सभी प्रतिनिधि अपने आसपास के लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी प्रतिनिधि कोविड वैक्सीनेशन अवश्य कराएं। कोविड वैक्सीनेशन कराने के पश्चात अपने आसपास के लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के सकारात्मक पक्षों की जानकारी दें। इसी प्रकार वैक्सीनेशन से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करें। कलेक्टर ने कहा कि कोरोना से बचाव में अब तक टीकाकरण ही सबसे कारगर उपाय है। विभिन्न अध्ययनों से पता चला है कि टीकाकरण कर चुके व्यक्तियों में कोविड संक्रमण कम हुआ है।
श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले में सभी को कोविड वैक्सीनेशन कराना जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाज के प्रतिनिधियों का सहयोग जरूरी है। इसी प्रकार हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी भी है कि हम सभी कोविड टीकाकरण के लिए लोगों को सकारात्मक रूप से प्रेरित करें। बैठक में सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह ने प्रतिनिधियों की टीकाकरण से संबंधित भ्रांतियों को वैज्ञानिक विश्लेषण के साथ दूर किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीणजनों के लिए टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। टीकाकरण के पश्चात किसी भी प्रकार की समस्या होने पर मैदानी अमले को सूचित करें। मैदानी अमला टीकाकरण के पश्चात भी लोगों के स्वास्थ्य पर निगरानी करेगा। डॉ. सिंह ने बताया कि टीकाकरण के पश्चात बुखार आना सामान्य बात है। आमजन इससे घबराएं नहीं बल्कि बुखार आना शरीर की प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का अच्छा संकेत है।
