मण्डला 14 जुलाई 2021
जिले के विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षण सत्र 2020-21 में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में “प्रोजेक्ट नई उड़ान” का शुभारंभ किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। शिक्षण सत्र 2021-22 में भी उक्त प्रोजेक्ट में नवीन नवाचारों को शामिल कर शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने हेतु गतिविधियाँ की जानी हैं। इन गतिविधियों को सम्मिलित रूप से “प्रोजेक्ट नई उड़ान भाग 02” नाम दिया गया है। इसके लिए आवश्यक है कि सर्वप्रथम जिले के हाई एवं हायर सेकेन्डरी विद्यालयों में अध्यापन कर रहे शिक्षकों की अध्यापन कुशलता का उन्नयन किया जाए। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु जिले के हाईस्कूल तथा हायर सेकंडरी विद्यालयों में अध्यापन करने वाले शिक्षकों के विषय शिक्षण आधारित प्रशिक्षण माह जुलाई से प्रतिमाह आरंभ किए जा रहे हैं।
एपीसी मण्डला समग्र शिक्षा अभियान मुकेश पाण्डेय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्येक विषय के दो-दो विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए चयनित किया गया है। शक्ति पटेल, गायत्री शुक्ला, अखिलेश उपाध्याय, चैन सिंह कुशरो, डॉ कमलेश हरदहा, प्रमोद शुक्ला, राकेश चौरसिया, सतीश शुक्ला, नवीन चौरसिया, सुनीता बैरागी, महेंद्र चौधरी एवं लखन लाल शुक्ला को मास्टर ट्रेनर के रूप में नियुक्त किया गया है। इस संबंध में सभी प्राचार्यों व शिक्षकों को आदेश जारी कर दिए गए हैं।
प्रथम चरण में हाईस्कूल में अध्यापन कर रहे शिक्षकों के प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। जुलाई माह में ये प्रशिक्षण 19 जुलाई से 26 जुलाई तक आयोजित होंगे, इसके पश्चात हायर सेकंडरी स्कूलों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जायेगा। प्रशिक्षण पूर्व समस्त शिक्षकों से गूगल फॉर्म के माध्यम से शिक्षकों के डाउट्स सबमिट कराए गए हैं। इन डाउट्स की स्क्रूटनी कर इनके आधार पर समाधान जिले के विषय विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा किया जाएगा। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स शिक्षकों से प्रभावी टीएलएम के माध्यम से छात्रों के अधिगम को सरल बनाने हेतु ट्रिक्स साझा करेंगे।
