मण्डला 3 अगस्त 2021
समय सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से वैक्सीनेशन कराएं। पहली डोज लगवा चुके व्यक्तियों को निर्धारित समयावधि में द्वितीय डोज का वैक्सीनेशन कराया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति वैक्सीनेशन से नहीं छूटना चाहिए। शतप्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य लेकर कार्य करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे, अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में घर-घर संपर्क करते हुए शेष बचे व्यक्तियों का वैक्सीनेशन कराएं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक सभी नगरीय निकायों तथा प्रत्येक तहसील के 75-75 ग्रामों में शतप्रतिशत वैक्सीनेशन कराएं। उन्होंने कहा कि मवई, मोहगांव तथा घुघरी आदि ऐसे क्षेत्रों में जहां वैक्सीनेशन कम हुआ है वहां पर जिला अधिकारियों की सेक्टरवार ड्यूटी लगाई जाए। सभी विभागों के मैदानी अमले को सक्रिय करें। कॉल सेंटर के माध्यम से लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। जिनका द्वितीय डोज लगनी बाकी है उनको फोन के माध्यम से जानकारी दी जाए। सेकंड डोज के लिए पात्र लोगों की सूची सीईओ जिला पंचायत, एसडीएम तथा सीईओ जनपद को उपलब्ध कराएं। उन्होंने विकासखण्ड स्तर पर भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वैक्सीनेशन की 100 प्रतिशत एंट्री नहीं करने वाले खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कोविड-19 की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। आसपास के क्षेत्रों में मिल रहे मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए समय रहते कारगर कदम उठाना आवश्यक है। समस्त एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में व्यापारियों की बैठक लेकर उन्हें मॉस्क लगाने तथा बिना मॉस्क लगाए ग्राहकों को सामान न देने संबंधी समझाईश दें। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि कोविड-19 के संबंध में जारी गाईडलाईन का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों पर चालानी कार्यवाही करते हुए उनकी दुकानें सील की जाए। बगैर मॉस्क लगाए लोगों को डीजल, पेट्रोल न दिया जाए। धर्मस्थलों पर भी एक समय में 6 से अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं होने चाहिए। उचित मूल्य दुकानों में भी मॉस्क तथा सोशल डिस्टेसिंग का विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्ट्रेट सहित किसी भी कार्यालय में कोई भी व्यक्ति बगैर मॉस्क का पाए जाने पर 500 रूपए का जुर्माना किया जाएगा। उन्होंने स्कूलों में कोविड गाईडलाईन का सख्ती से पालन करें अन्यथा की स्थिति में संबंधितों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मंडला-जबलपुर मार्ग में जहां-जहां कार्य शेष बचा है वहां पर स्थलवार निर्माण विभागों के जिलाधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। जिस विभाग में भी निर्माण कार्य चल रहे हैं वहां पर लगे श्रमिकों की जानकारी श्रम विभाग में उपलब्ध कराएं। उन्होंने जिला रोजगार अधिकारी तथा प्राचार्य आईटीआई को रोजगार मेलों के माध्यम से जिले के बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कोविड-19 अनुकंपा नियुक्ति योजना के तहत् प्रत्येक प्रकरण का निराकरण करते हुए कार्यालय प्रमुख इस संबंध में प्रमाण पत्र प्रस्तुत करें। अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का भी एक सप्ताह में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग गुरूवार तक रिक्त पदों की जानकारी अपर कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि विधानसभा प्रश्नों से संबंधित जानकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निर्धारित समयावधि में भेजी जाए। जल-जीवन मिशन के तहत् अधिकारीवार दिए गए लक्ष्यों की पूर्ति करें। बैगा क्षेत्रों में हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत् दिए गए लाभों का प्रतिवेदन प्रत्येक टीएल की बैठक में प्रस्तुत किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि अनुविभाग एवं तहसील स्तर पर प्रत्येक बुधवार को सीएम हेल्पलाईन तथा जनसुनवाई के प्रकरणों के लिए तथा प्रत्येक शुक्रवार को राजस्व मामलों के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में नजूल भूमि के लिए लगाए जा रहे नवीनीकरण शिविरों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि कृषि, सहकारिता, पशुपालन, मत्स्य आदि विभाग प्रत्येक पात्र हितग्राहियों का किसान क्रेडिट कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक उचित मूल्य दुकान से वितरित होने वाले खाद्यान्न का सेंपल अनिवार्य रूप से रखा जाए। उन्होंने खाद, बीज तथा यूरिया की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित विभाग लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करें। चलित प्रयोगशाला के कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें। पुस्तकों का शतप्रतिशत वितरण करते हुए उनकी ऑनलाईन एंट्री करें। जिन क्षेत्रों में शतप्रतिशत नामांकन नहीं हुआ है वहां के बीईओ, बीआरसी, बीएसी को कारण बताओ नोटिस जारी करें। श्रीमती सिंह ने 8 अगस्त को मनाए जाने वाले हरियाली उत्सव के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व, ग्रामीण विकास तथा वन विभाग की टीम संयुक्त रूप से भ्रमण कर पालासुंदर के संरक्षण के लिए कार्ययोजना तैयार करें। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का संतोषजनक निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को कारण बाताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में नामांतरण, सीमांकन, अविवादित बंटवारे, न्यायालयीन प्रकरण तथा टीएल के पत्रों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मॉस्क लगाने से संबंधित ऑनलाईन प्रतियोगिताएं आयोजित करें
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मॉस्क लगाने से संबंधित विषयों पर 15 अगस्त से पहले सभी स्कूल तथा कॉलेजों में ऑनलाईन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाए। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को मॉस्क के प्रति जागरूक करने के लिए वातावरण तैयार करें। उन्होंने कहा कि मॉस्क को लेकर निरंतर जागरूकता अभियान संचालित करें। कचरा गाड़ियों तथा प्रमुख चौराहों में इस संबंध में अनांउसमेंट कराया जाए।
अन्नोत्सव की तैयारियों की दुकानवार समीक्षा करें
अन्नोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि चैकलिस्ट अनुसार दुकानवार समीक्षा करते हुए समयपूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि मौसम को ध्यान में रखते हुए स्थल का चयन किया जाए। इसी प्रकार कार्यक्रम स्थलों में टीवी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हितग्राहियों का चयन, आमंत्रण, नोडल अधिकारी की नियुक्ति तथा दुकानवार मुख्य अतिथि निर्धारित किए जाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
आज 75 खेत तालाबों पर एकसाथ छोड़े जाएंगे मत्स्य बीज
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि बुधवार 4 अगस्त को जिले के चिन्हित 75 स्थानों पर खेत-तालाबों में एकसाथ मछली के बीज छोड़े जाएं। इस संबंध में उन्होंने सहायक संचालक मत्स्य को सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि मछली बीज छोड़ने के उपरांत संबंधितों को मत्स्य पालन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान करें।
