मण्डला 13 अगस्त 2021
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन की समीक्षा करते हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने निर्देशित किया कि चौगान एवं गुरारखेड़ा पंचायतों को भी रूर्बन मिशन में सम्मिलित किया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करते हुए रोजगार की संभावनाएं तलाशें। रामनगर में संपन्न हुई इस बैठक में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, भीष्म द्विवेदी, सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि स्व-सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करें। इसी प्रकार आजीविका के संबंध में समूहों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि गांव के शतप्रतिशत घरों में नल कनेक्शन का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें। श्री कुलस्ते ने कहा कि आदिउत्सव के कार्यक्रम स्थल पर स्थायी स्ट्रक्चर तैयार करें। उन्होंने निर्देशित किया कि बाढ़ के पानी से बचाव के लिए बस स्टेंड के पास रिटेनिंगवॉल का निर्माण कराया जाए। नर्मदा नदी के घाट पर सीढ़ियों के निर्माण के प्रस्ताव तैयार करें। इसी प्रकार रामनगर के आंतरिक मार्गों एवं नालियों के निर्माण के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करें। कार्ययोजनाओं के निर्माण में विषय विशेषज्ञों की राय ली जाए। श्री कुलस्ते ने निर्देशित किया कि आरईएस एवं पीएचई के कार्यपालन यंत्री साप्ताहिक रूप से इस क्षेत्र का भ्रमण कर सीईओ जिला पंचायत को प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। बैठक में चौगान स्थित गेस्ट हाउस के रेनोगेशन के संबंध में भी चर्चा की गई।
स्मार्ट क्लास का किया निरीक्षण
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने अपने रामनगर दौरे के अंतर्गत स्थानीय विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन के अंतर्गत स्मार्ट क्लास बनाई गई है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
