Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 22 अगस्त 2021

कोविड वैक्सीनेशन का महाभियान अधिकारियों के दायित्व  निर्धारित

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जारी किये दिशा-निर्देश

 

मण्डला 22 अगस्त 2021

25 एवं 26 अगस्त को होने वाले वैक्सीनेशन महाअभियान के संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह अधिकारियों के दायित्व निर्धारित करते हुये लक्ष्य के अनुरूप वैक्सीनेशन कराने के निर्देश दिये हैं। महाअभियान के दौरान 25 अगस्त को 21 हजार लोगों को प्रथम डोज तथा 26 अगस्त को 12 हजार लोगों को वैक्सीन की द्वितीय डोज लगाई जायेगी।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया है कि समस्त सीईओ जनपद पंचायत एवं सीएमओ नगरपालिका को लक्ष्य के अनुसार अपना माईकोप्लान तैयार कराएं तथा यह सुनिश्चित करें कि सभी क्षेत्रों में 15-20 सेशन प्वाइंट आनलाईन रखे जाएं, तथा 5-10 मोबाईल यूनिट टीम बीएमओ द्वारा तैयार रखी जावें। सभी बीएमओ स्थाई सेशन एवं मोबाइल टीम हेतु वेरीफायर, कम्प्यूटर एवं आपरेटर की उपलब्धता 24 अगस्त तक पूर्ण करेंगे। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पूर्णतः जिम्मेदार रहेंगे। सेशन प्लानिंग में यह ध्यान रखें कि ऐसे पंचायतों का चिन्हांकन करें जहां आसानी से लोगों का मोबलाइजेशन हो सके। उक्त संबंध में माईकोप्लान ब्लाकवार जारी करें।  माईकामप्लान की मुनादी एवं प्रचार प्रसार सभी ग्रामीण क्षेत्रों में प्रारंभ किया जावे। आमजनों के बीच 25 एवं 26 तारीख के महाअभियान का पर्याप्त प्रचार प्रसार किया जावे। पीओ मनरेगा के द्वारा मनरेगा के हितग्राही, मेट जाबकार्ड धारियों के परिवार जनों हेतु सभी ब्लाक स्तरीय मनरेगा अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा वैक्सीनेशन हेतु मोबलाइजेशन किया जावे। पीओ प्रधानमंत्री आवास योजना द्वारा भी प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों एवं उनके परिवारों के बीच अधिक से अधिक मोबलाइजेशन किया जावे। इसी प्रकार स्वच्छ भारत अभियान के हितग्राहियों एवं लाभार्थियों के परिवारजनों का भी मोबलाइजेशन किया जावे। डीपीएम एनआरएलएम द्वारा अपने स्वसहायता समूह की दीदियों को उक्त कार्य से जोडने हेतु मोटीवेट करें एवं अधिक से अधिक संख्या में वे अपने परिवार के साथ वेक्सीनेशन के महाअभियान से जोडें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सहायक आयुक्त आदिवासी जनजातीय कार्य विभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जिले के सभी शिक्षकों द्वारा उनके सभी एसएमसी के सदस्यों एवं छात्र छात्राओं तथा उनके परिवारजनों को शतप्रतिशत वेक्सीनेशन हेतु मोबलाइज करना सुनिश्चित करें। सहायक आयुक्त सहकारिता विभाग एवं जीएम सीसीबी द्वारा यह सुनिश्चित करें कि सहकारी  समितियों एवं संस्थाओं से जुड़े किसानों एवं उनके परिवारजनों का वैक्सीनेशन कराया जावे।  जिला खाद्य अधिकारी भी यह सुनिश्चित करें कि अपने पीडीएस दुकानों के हितग्राहियों एवं उनके परिवारजनों के शतप्रतिशत वैक्सीनेशन हो जाएं। कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग,पीआईयू ,ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पोलिस हाउसिंग बोर्ड एवं जिला हाउसिंग बोर्ड, पीएमजीएसवाय एवं अन्य निर्माण एजेंसियां यह सुनिश्चित करें कि उनके विभागान्तर्गत कार्य कर रहें श्रमिक एवं उनके परिवारजन शतप्रतिशत वेक्सीनेट हों।  महाप्रबंधक उद्योग विभाग एवं श्रम अधिकारी भी यह सुनिश्चित करें कि जिले के सभी उद्योग एवं प्रतिष्ठानों में कार्य करने वाले श्रमिक कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ भी शतप्रतिशत वैक्सीनेट हो। प्रत्येक पंचायत में सीईओ जनपद पंचायत द्वारा वैक्सीनेशन से छूटे हुए व्यक्तियों की सूची के अनुरूप उस पंचायत के कर्मचारी जैसे सचिव, रोजगार सहायक, आगंनबाडी कार्यकर्ता,सहायिका, कोटवार, पटवारी, कृषि विस्तार अधिकारी के बीच लक्ष्य वितरण कर उन छूटे हुए व्यक्तियों को वैक्सीनेशन हेतु मोबलाइजेशन की जिम्मेदारी तय करें। सीईओ जनपद पंचायत 25 एवं 26 अगस्त को आयोजित वैक्सीनेशन महाअभियान हेतु लगने वाले सेशन प्वाईंट पर अपने स्तर से एक-एक प्रभारी नियुक्त करेंगे जो हो रहे वैक्सीनेशन पर सतत् निगरानी रखते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की स्थिति, डाटा ऐंट्री, मोबलाइजेशन के कार्य हेतु जिम्मेदार रहेगा। किसी भी स्थिति में निर्धारित लक्ष्य प्राप्त नहीं किया जाता है तो संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित करें। सभी तहसीलदार एव नायब तहसीलदार यह सुनिश्चित करें कि अपने क्षेत्रों में उक्त महाअभियान हेतु मुनादी आदि करवाएं एवं राजस्व अमले द्वारा भी अधिक से अधिक लोगों का मोबलाइजेशन कराया जावे। जिला समन्वयक जन अभियान परिषद यह सुनिश्चित करें कि जिले में कार्यरत कोरोना वालेंटियर के माध्यम से अधिक से अधिक मोबलाइजेशन का कार्य कराया जावें तथा डीबीसीसीएम श्री दर्पण द्वारा द्वितीय डोज हेतु लंबित व्यक्तियों की सूची प्राप्त कर लोगों को अपने घरों से सेंटर तक मोबलाईजेशन कराना सुनिश्चित करें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, ईगर्वनेश मैनेजर को निर्देशित करें कि सार्थक लाइट पोर्टल पर नये कोरोना वालेंटियर के पंजीयन की कार्यवाही करें तथा उक्त वालेंटियर के बीच द्वितीय डोज हेतु लंबित व्यक्तियों की सूची उपलब्ध कराकर उन्हें दिनांक 25 एवं 26 अगस्त के महाअभियान हेतु मोबलाईजेशन करवाएं। सभी जिला नोडल अधिकारी माईकोप्लान के अनुरूप अपने-अपने सेक्टर का भ्रमण करें तथा मोबलाइजेशन हेतु 23 अगस्त  को पंचायत स्तर पर गठित काईसिस मैनेजमेंट समिति एवं 24 अगस्त को ग्राम स्तर पर गठित काईसिस मैनेजमेंट समिति के साथ बैठक अनिवार्यतः करते हुए अवगत कराएं। सभी नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके प्रभार की पंचायतों एवं ग्रामों में वैक्सीनेशन से छूटे व्यक्तियों एवं द्वितीय डोज हेतु लंबित व्यक्तियों की सूची अनिवार्यतः प्राप्त करें ताकि उनके मोबलाइजेशन के कार्य अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सके। 25 अगस्त को इस महाअभियान हेतु प्रत्येक सेशन प्वाईंट में दीप प्रज्वलन के साथ वेक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ कराया जावें।

श्रीमति सिंह ने निर्देशित किया है कि सभी सेशन प्वाईंट पर बैठक व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, रोशनी व्यवस्था एवं पोस्ट वैक्सीन बैठक व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किया जावे। नगरीय क्षेत्रों में समस्त नगरपालिका अधिकारी अपने निकायों में वार्डवार प्रथम डोज से छटे व्यक्ति एवं द्वितीय डोज हेतु लंबित व्यक्तियों की सूची अनुरूप माईकोप्लान तैयार कराना सुनिश्चित करें।  जिला स्तर पर जिला कंट्रोल रूम को एक्टिव करने हेतु अपर कलेक्टर मण्डला एवं सहायक कलेक्टर मण्डला जिम्मेदार रहेंगे। द्वितीय डोज हेत लंबित व्यक्तियों की सूची के अनुरूप संबंधित को दूरभाष से सूचित करें तथा एनआईसी के माध्यम से वल्क एसएमएस भेंजे। 25 एवं 26 अगस्त के महाअभियान हेतु जिला पंचायत मण्डला में कंट्रोल रूम बनाया जावेगा जिसमें प्रत्येक 1 से 2 घंटे में वैक्सीनेशन की रिपोर्ट ब्लाकवार प्राप्त की जावेगी तथा आवश्यकतानुसार निर्देश प्रसारित किए जावेंगे। डीबीसीसीएम श्री दर्पण यह सुनिश्चित करेंगे कि द्वितीय डोज हेतु लंबित व्यक्तियों की ब्लाकवार सूची मु०कार्य0अधि0 जन0 पंचायत, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, संबंधित एसडीएम को तत्काल उपलब्ध कराएं। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में काइसिस मैनेजमेंट समिति एवं अन्य मैदानी अमले को समय से उपलब्ध कराया जा सके। सभी एसडीएम महावैक्सीनेशन अभियान में वेक्सीनेट किए जाने वाले लोगों को आवश्यकतानुसार मोबलाइजेशन हेतु ब्लाक स्तर पर वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित रखेंगे। सभी विकासखण्डों में वैक्सीन की उपलब्धता मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी सुनिश्चित करेंगे। सभी बीएमओ निधारित टीकाकरण केन्द्रों में प्रातः 7 बजे से वेक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित करेंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि जिले के किसी भी सेशन मे वेरीफायर एवं कम्प्यूटर आपरेटर की कमी नही होनी चाहिए। सभी नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित लक्ष्य अनुरूप उनकी आवंटित पंचायतों में मोबलाइजेशन, वैक्सीनेशन एवं डाटा एंट्री आदि सभी व्यवस्थाएं  24 अगस्त तक पूर्ण कर ली जावें। उपरोक्त संपूर्ण महाअभियान हेतु ग्रामीण क्षेत्र के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं शहरी क्षेत्रों के लिए अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी रहेंगें।

सुकन्या समृद्धि खाता खोलने विशेष अभियान

 

डाक विभाग द्वारा जिले की बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में मंडला डाक संभाग द्वारा बालिका शक्ति अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत् 10 वर्ष तक की समस्त बालिकाओं के डाकघरों में सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोलकर जिले को संपूर्ण सुकन्या समृद्धि जिला बनाने का संकल्प लिया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे 0 से 10 वर्ष तक की बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् खाते खोलकर बालिका को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहयोग करें।

अधीक्षक डाकघर ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् 0 से 10 वर्ष तक की समस्त बालिकाओं का खाता न्यूनतम 250 रूपए की राशि से खोला जा सकता है। खाता खोलने पर 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर परिपक्वयता व बालिका की आयु 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद 50 प्रतिशत राशि निकाली जा सकती है। योजना के तहत् वर्तमान में 7.6 प्रतिशत का आकर्षक ब्याज प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत् खुलने वाले खातों को आयकर कानून की धारा 80 सी के तहत् छूट प्रदान की जाती है। खाता खोलने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता का फोटो पहचान पत्र, एड्रेस प्रूफ तथा बच्चे और माता-पिता की 2 फोटो आवश्यक है।

जिले में अब तक 676.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 22 अगस्त के दौरान 676.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 910.5 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 233.6 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 22 अगस्त को बिछिया में 6.9, घुघरी में 3.1,मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार 22 अगस्त को जिले में 1.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

कोरोना से बचाव के लिए लोगों को आम जीवन में अनुकूल व्यवहार को अपनाना जरूरी

 

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को आम जीवन में अनुकूल व्यवहारों को अपनाना जरूरी है। कोरोना से बचाव के लिए विशेषज्ञों ने 15 अनुकूल व्यवहार का पालन करने की आम लोगों को सलाह दी है। इन व्यवहारों को अपनाने की सलाह देते हुए लोगों से कहा है कि अभिवादन के लिए आपस में उचित दूरी रखते हुए एक दूसरे का अभिवादन करें, एक दूसरे से उचित दूरी बनाकर रखें, घर पर बना पुनः उपयोग होने वाला फेस कवर, मॉस्क हर समय पहनें, अपनी आँख, नांक या मुँह को छूने से बचें, अपनी श्वास स्वच्छता बनाएं रखें, अपने हाथों को नियमित रूप से और अच्छे से धोएं, अक्सर छुए जाने वाली सतहों को नियमित रूप से साफ और कीटाणुरहित करें।

इसके अतिरिक्त तंबाकू उत्पादों का ना सेवन करें, ना सार्वजनिक स्थानों पर थूकें, अनावश्यक यात्रा ना करें, किसी के साथ भेदभाव ना करें, भीड़-भाड़ से बचें, सुरक्षित रहें, असत्यापित और नकारात्मक जानकारी को सोशल मीडिया पर प्रसारित ना करें, कोविड-19 के बारे में विश्वसनीय स्त्रोतों से जानकारी लें, कोविड-19 से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बरों पर कॉल करें तथा किसी भी तरह के मानसिक तनाव या परेशानी होने पर मनोसामाजिक सहायता सेवाओं का सहयोग लें।

मच्छरों की वृद्धि रोकने अपने घर व आस-पास पानी इकट्ठा न होने दें

मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए जरूरी जानकारी

 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने आमजनों के लिए मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए एडवाईजरी जारी की है। एडवाईजरी में उन्होंने कहा है कि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए मच्छरों की वृद्धि रोकने अपने घर व आस-पास पानी इकट्ठा न होने दें। कबाड़ या पात्रों में बारिश का भरा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें साथ ही मच्छरों से बचाव करें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़, सामान ढंक्कर रखें तथा इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। जैसा कि विदित है कि वर्षाकाल में जगह-जगह पानी इकट्ठा हो जाता है तथा हमारे घर व आसपास पानी कन्टेनर व कबाड़ सामान, टायर, टंकी, मटके, गमले, कूलर इत्यादि में जमा पानी में मच्छर अंडे देकर वृद्धि करते हैं जिनके काटने से मलेरिया डेंगू चिकुनगुनिया बीमारी फैलने की संभावना होती है।

इसी प्रकार ऐसे जलपात्रों में भरा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें जिससे इनमें पनप रहे मच्छर के लार्वा नष्ट हो जाएं तथा मच्छरों की वृद्धि रुक जाए। मच्छर से फैलने वाली बीमारी मलेरिया में सामान्यतः बुखार, कमजोरी हाथ पैर में दर्द, उल्टी आना जैसे लक्षण हो सकते हैं तथा डेंगू, चिकुनगुनिया बीमारी संक्रमित व्यक्ति में सामान्यतः बुखार सिर व आखों में दर्द, हाथ पैर में दर्द, उल्टी आना, शरीर पर चकत्ते आना जैसे लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में मरीज को तत्काल नजदीकि स्वास्थ्य केन्द्र में खून जांच व स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए तथा चिकित्सकीय परामर्श से दवा का पूर्ण सेवन करना चाहिये।

पशुधन संजीवनी योजना

 

उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 1962 पशुधन संजीवनी योजनांतर्गत आकस्मिक एवं घर पहूँच सेवा के माध्यम से पशुपालकों को पशु चिकित्सा सुविधायें जैसे- पशु उपचार, टीकाकरण, बधियाकरण, कृत्रिम गर्भाधान आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। शासन का उद्देश्य है कि पशुपालकों को अब ये सुविधायें घर पर ही प्राप्त हों, जिसके लिए शासन ने 150 रूपए प्रति पशु सेवा शुल्क निर्धारित किया है। उन्होंने जिले के समस्त पशुपालकों से अनुरोध किया है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें। लाभ हेतु टोल फ्री नम्बर 1962 में कॉल कर सकते हैं।

पशु चिकित्सालय, पशु औषधालय खुलने का समय प्रातः 9 बजे शाम 4 बजे तक है, इस अवधि में पशुपालक अपने पशु उपचार के लिए संबंधित संस्था में ला सकता है। यदि औषधालय लाना संभव नहीं है तो विभाग द्वारा संचालित कॉल सेंटर नंबर 1962 पर फोन कर अपने पशुओं का उपचार अपने घर पर करवा सकते हैं। उपचार के लिए विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क 150 रूपए है।

 

Related posts

कोविड काल में अपने परिजनों को खोने वाले बच्चों ने किया कान्हा राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण

Reva India News

डिस्ट्रिक्ट जीआईएस प्लानिंग सिस्टम पर कार्यशाला आयोजित

Reva India News

रेडक्रॉस तथा रोगी कल्याण समिति की बैठक संपन्न

Reva India News

Leave a Comment