Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 20 सितम्बर 2021

27 सितम्बर तक शतप्रतिशत कराएँ प्रथम डोज का टीकाकरण – श्री चौहान

कमिश्नर्स-कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के निर्देश

सोशल मीडिया से प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए मंडला जिले को बधाई

 

मण्डला 20 सितम्बर 2021

20 सितम्बर को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी कमिश्नर्स, कलेक्टर्स सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीएम श्री चौहान ने कोविड संक्रमण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए सराहनीय कार्य के लिए सभी को शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक प्रथम डोज का लगभग् 82 प्रतिशत वैक्सीनेशन किया जा चुका है। हम सभी को आगामी 27 सितम्बर तक प्रदेश में प्रथम डोज के शतप्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना है। इसके लिए सभी को पुनः एकजुट होकर वैक्सीनेशन कार्य को पूर्ण करना है। श्री चौहान ने बैठक में बाढ़ प्रभावित जिलों के प्रशासन एवं राहत दलों को भी सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी। जिला एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक मंडला, एडीएम मीना मसराम, सीईओ जिला पंचायत सुनील दुबे, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

7 अक्टूबर से ’’जनकल्याण से सुराज अभियान’’

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जानकारी दी कि 7 अक्टूबर से ’’जनकल्याण से सुराज अभियान’’ चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राही लाभों से वंचित न रहे। उन्होंने सुराज को परिभाषित करते हुए बताया कि बिना किसी लेन-देन के समय-सीमा में पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ देना ही सुराज है। श्री चौहान ने 15 नवम्बर तक राजस्व कार्यों से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए ’’रेवेन्यू अभियान’’ चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेवेन्यू अभियान के तहत् अशुद्धियों, त्रुटियों का चिन्हांकन कार्य शुरू करें एवं समस्याओं का निराकरण करें। उन्होंने बताया कि 15 नवम्बर जनजातीय गौरव दिवस तक उक्त कार्य पूर्ण करें।

 

21 सितम्बर से जनसुनवाई होगी प्रारंभ

 

श्री चौहान ने गुड गवर्नेंस, सीएम हेल्पलाईन, समाधान के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि 21 सितम्बर से प्रति मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम को शुरू करें। उन्होंने कहा कि जिले के अलावा भी प्रत्येक स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनते हुए उनका प्रभावी निराकरण करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन स्तर से जनसुनवाई की शिकायत निवारण की निगरानी भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सरकार द्वारा आगामी दिनों में जनकल्याण के लिए अलग-अलग योजनाएं प्रारंभ करने के बारे में चर्चा भी की।

 

सोशल मीडिया में प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए जिले को बधाई

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कॉन्फ्रेंस के निर्धारित एजेंडे के तहत् सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार एवं अन्य गतिविधियों की समीक्षा भी की। उन्होंने जिलेवार रैंकिंग, भ्रामक खबरों का खण्डन तथा महत्वपूर्ण अपील एवं संदेशों के बारे में जाना। श्री चौहान ने जिला जनसंपर्क कार्यालय मंडला द्वारा संचालित कलेक्टर फेसबुक एवं ट्वीटर तथा पीआरओ फेसबुक एवं ट्वीटर की जिलेवार रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन की प्रशंसा की तथा प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह को बधाई दी। कलेक्टर ट्वीटर प्रदेश के 52 जिलों में 9वे स्थान पर तथा पीआरओ फेसबुक 8वे स्थान पर है।

 

माफियाओं के विरूद्ध जारी रखें सख्त कार्यवाही

 

श्री चौहान ने भू-माफिया, अतिक्रमण तथा अवैध कब्जों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रशासन एवं पुलिस माफियाओं के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही जारी रखें। इसी प्रकार अवैध शराब, रेत उत्खनन आदि पर भी सख्ती बरतें। उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए महिला अपराध, कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर जुर्माना, खाद्यान्न कालाबाजारी, मिलावट से मुक्ति अभियान, खाद-बीज की उपलब्धता, कमजोर वर्ग के विरूद्ध अपराध, चिटफंड की समीक्षा पर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों पर एफआईआर करते हुए सजा दिलवाने की कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी एसपी एवं अधीनस्थ पुलिस अमला सतत् रूप से मैदानी भ्रमण करें तथा नियमित रूप से शांति समिति की बैठक भी आयोजित करे।

 

कोदो-कुटकी के उत्पाद एवं गौंडी पैंटिंग को बढ़ावा दें

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ’’एक जिला-एक उत्पाद’’ के तहत् मंडला जिले से चयनित कोदो-कुटकी के उत्पादों एवं गोंडी पैंटिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध कराते हुए इनकी मार्केटिंग सुनिश्चित करें। इसी प्रकार गोंडी पैंटिंग को लोकप्रिय बनाते हुए इसकी प्रभावी ब्रांडिंग करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में कोदो-कुटकी के उत्पादों एवं गोंडी पैंटिंग को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तर से किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एक नवम्बर तक कोदो-कुटकी उत्पादों की प्रोसेसिंग यूनिट के संचालन संबंधी जानकारी भी दी।

बैठक में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कोविड कल्याण योजनाओं के तहत् लंबित एवं निराकृत प्रकरणों की आंकड़ेवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बाल कल्याण योजना के तहत् पात्र बच्चों के लिए समुचित इंतजाम कराएं। उन्होंने मनरेगा के कार्यों की समीक्षा, वृक्षारोपण अभियान, स्व-सहायता समूहों को क्रेडिट लिंकेज, राईस मिलिंग एवं खाद्यान्न उठाव की स्थिति, रोजगार मेले तथा नगरीय क्षेत्रों में धारणाधिकार आवंटन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। श्री चौहान ने कहा कि अंकुर अभियान को आगे बढ़ाएं। वैक्सीनेशन की तरह ही वृक्षारोपण का भी महाभियान प्रारंभ करें। उन्होंने आमजनों से विशेष अवसरों पर वृक्षारोपण अवश्य करने की अपील भी की।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आबकारी विभाग द्वारा 4 के विरूद्ध प्रकरण पंजीबद्ध

 

जिला आबकारी अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अवैध, जहरीली मदिरा विनिर्माण, परिवहन व विक्रय के रोकथाम हेतु लगातार कार्यवाही जारी रखते हुए संदिग्ध स्थानों, दुकानों, ढाबों एवं होटलों में छापामार कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान अवैध रूप से संग्रहित 56 पाव देशी मदिरा, 27 पाव विदेशी मदिरा एवं 10 बोतल बीयर के जब्त किये गये। इस अपराध में संलिप्त 4 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) के अन्तर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध, जहरीली शराब के विनिर्माण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम हेतु निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 904.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 20 सितम्बर के दौरान 904.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1512.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 608.5 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 सितम्बर को मंडला में 2.8, नैनपुर में 2.3, निवास में 2.6, घुघरी में 2 एवं नारायणगंज में 1.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 1.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अंश रघुवंशी निवासी ग्राम बूढ़ीमाई वार्ड की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक अनीता रघुवंशी को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए एडवाईजरी

 

बरसात के दिनों में आकाशीय बिजली अक्सर जानलेवा साबित होती है। खेतों में काम करने वाले, पेड़ों के नीचे पनाह लेने वाले, तालाब में नहाते समय बिजली चमकने पर इसकी आगोश में आने की संभावना अधिक रहती है। आकाशीय बिजली से बचाव के कुछ उपाय ऐसे हैं जिससे  बचा जा सकता है। राज्य सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने के लिए दिशा-निर्देश जारी किया गया है।

आकाशीय बिजली कड़कने पर यदि घर के भीतर हों तो बिजली से संचालित उपकरणों से दूर रहें, तार वाले टेलीफोन का उपयोग नहीं करना चाहिए। खिड़कियां व दरवाजे बंद कर दें, बरामदे और छत से दूर रहें। इसके अलावा ऐसी वस्तुएं जो बिजली के सुचालक हैं उनसे भी दूर रहना चाहिए। धातु से बने पाईप, नल, फव्वारा, वॉश बेसिन आदि के संपर्क से दूर रहना चाहिए।

इसी तरह जब आप घर के बाहर हैं तब वृक्ष जो बिजली को आकर्षित करते हैं। बिजली चमकते समय वृक्ष के नीचे न खड़े रहें, ऊंची इमारतों वाले क्षेत्र में आश्रय न लें, समूह में खड़े होने के बजाय अलग-अलग हो जाएं। किसी मकान में आश्रय लेना बेहतर है। सफर के दौरान अपने वाहन में ही रहें। मजबूत छत वाले वाहन में रहें, खुली छत वाले वाहन की सवारी न करें, बाहर रहने पर धातु से बने वस्तुओं का उपयोग न करें। बाइक, बिजली या टेलीफोन का खंभा तार की बाड़ और मशीन आदि से दूर रहें। तालाब और जलाशयों से दूर रहें यदि आप पानी के भीतर हैं, अथवा किसी नाव में हैं तो तुरंत बाहर आ जाएं। सिर के बाल खड़े हो जाएं तो समझिए बिजली गिरेगी। यदि आकाशीय बिजली चमक रही है और आपके सिर के बाल खड़े हो जाएं व त्वचा में झुनझुनी होने लगे तो फौरन नीचे झुककर कान बंद कर लें। क्योंकि यह इस बात का सूचक है कि आपके आस-पास बिजली गिरने वाली है।

 

आकाशीय बिजली गिरने पर क्या करें –

 

बिजली का झटका लगने पर जरूरत के अनुसार व्यक्ति को सीपीआर, कार्डियो पल्मोनरी रेसिटेंशन यानि कृत्रिम सांस देनी चाहिए। तत्काल प्राथमिक चिकित्सा देने की व्यवस्था करनी चाहिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मलेरिया, डेंगू एवं चिकुनगुनिया से बचाव के लिए एडवाईजरी

 

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि वर्षाकाल में मच्छरों की उत्पत्ति बढ़ जाती है एवं मच्छरजन्य परिस्थितियाँ निर्मित होती हैं। मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया के प्रसार की भी संभावना होती है। इसलिए मलेरिया, डेंगू एवं चिकुनगुनिया से बचाव हेतु आवष्यक सावधानियाँ रखी जानी अत्यंत आवष्यक है। मलेरिया के लक्षण में कोई भी बुखार मलेरिया हो सकता है। कपकपी के साथ तेज बुखार, सिर दर्द, उल्टी होना, बेचैनी, कमजोरी, सुस्ती, रुक-रुक्कर बुखार आना, पसीना आकर बुखार उतरना, ठंड गर्मी या तपन का महसूस होना आदि मलेरिया के लक्षण हैं। बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में खून की जांच कराऐं एवं मलेरिया की पुष्टि होने पर पूर्ण उपचार लें। खाली पेट दवा का सेवन कदापि नहीं करना चाहिये। मलेरिया की जांच व उपचार सभी शासकीय अस्पतालों पर निःशुल्क उपलब्ध है।

डेंगू मलेरिया फैलाने वाले मच्छर जहां पैदा होते हैं जैसे- छत पर खुली टंकियां, खाली बर्तन, मटके, गमले, टायर, कूलर, फ्रिज के पीछे भरा पानी, गार्डन, फूलदान, पात्रों में एक सप्ताह से अधिक भरे साफ पानी में मच्छर अंडे देते हैं जिससे लार्वा एवं पूर्ण वयस्क मच्छर बनता है। डेंगू के लक्षण 2-7 दिन तक बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द जोड़ों में दर्द, आंख के पीछे दर्द, खसरा जैसे लाल चकत्ते छाती एवं हाथों पर डेंगू के लक्षण हैं। डेंगू के उपचार के लिए डेंगू की पुष्टि होने पर चिकित्सक के परामर्श अनुसार पूर्ण उपचार लेना चाहिए। रोगी को पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थ जैसे- फलों का रस, पानी, ओ.आर.एस लेना चाहिए एवं आराम करना चाहिए। किसी भी दर्द निवारक गोली का सेवन नहीं करना चाहिए। मच्छरों की उत्पत्ति को रोकने हेतु भरे हुए पानी को हर 3-4 दिन में बदलना चाहिए।

पानी संग्रहण करने वाली टंकी, बाल्टी एवं अन्य, पानी से भरे हुए बर्तन को ढक्कर रखना चाहिए। वॉशबेसिन, बाथरुम में पानी निकासी के स्थान में मच्छररोधी जाली लगवाना चाहिए एवं मच्छर की उत्पत्ति स्थल पर मिट्टी का तेल या जला हुआ ऑइल डालना चाहिए। यह आवश्यक है कि घरों के आस-पास सफाई रखें, अनावश्यक पानी जमा न होने दें। सोने के लिए हम मच्छरदानी का उपयोग करें, घरों में मच्छर निरोधक जालियों, मच्छर निरोधी क्रीम, कॉइल का उपयोग करें। अपने घरों में मच्छर निरोधक पौधे जैसे- लेमनग्रास, लहसुन, लेवेंडर, गेंदा, तुलसी, सिट्रोनेला इत्यादि लगायें।

 

 

 

 

 

 

 

कोरोना वारियर्स एवं समाजसेवियों का किया गया सम्मान
मंडला। कलेक्ट्रेट के पास स्थित झंकार भवन में कोरोना वारियर्स एवं समाजसेवियों के सम्मान में पत्रकारों द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडला दर्पण द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से निवास विधायक डॉ अशोक मर्सकोले, कांग्रेस जिला अध्यक्ष एड. राकेश तिवारी, नगर अध्यक्ष अनुराग बिट्टू चौरसिया, पूर्व नगर अध्यक्ष जयदत्त झा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिलाध्यक्ष कमलेश तेकाम, संभागीय महासचिव राधेश्याम ककोड़िया, वरिष्ठ समाजसेवी इन्द्रजीत भण्डारी, पीएल डोंगरे, सहित कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह आयोजन किया गया।

 

 

इस अवसर पर जिले की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। आयोजकों में शामिल आलोक जैन, सीमा मरावी, शंभू प्रसाद शुक्ला, ओम प्रकाश बरमैया ने बताया कि जिले में उभरती कलाकार आर्या सोमेश शुक्ला, गायन में अवनी वर्मा, वुशू खिलाड़ी पूर्णिमा रजक, गौ सेवक दिलीप चंद्रौल, रेणु कछवाहा, नीरज अग्रवाल, उमा यादव, सुनील कुमार मिश्रा, इन्द्रेश खरया, जाकिर भाईजान, रंजीत कछवाहा, किशोर कछवाहा, अजय खोत, मधुर अग्रवाल, आकाश क्षत्री, गुड्डू सिंधिया, सुचि उपाध्याय, अवनी वर्मा, पंकज उसराठे, समीर बाजपेयी, शैलेष दुबे, अखिलेश उपाध्याय, सालिनी सुनेहरी, मधु तिवारी, पारस असरानी, बाल सिंह ठाकुर, नंदराम बैगा, मंजू कछवाहा, प्रिया पाठक, दीपा श्रीवास, पुष्पा ज्योतिथि, शशिकांत मिश्रा, आशीष सेठ आदि को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्व. संतोष तिवारी, स्व. सलिल राय, स्व. मदन पराते को दो मिनिट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंच संचालन नीरज अग्रवाल ने किया। आभार प्रदर्शन ओमप्रकाश बरमैया ने किया।

 

Related posts

एफएसटी संबंधी प्रशिक्षण आज

Reva India News

28 तक रेलवे के प्रशिक्षु अधिकारी जिले के भ्रमण पर योजना भवन में हुई चर्चा

Reva India News

प्रतिबंधित अवधि में विभागीय दल द्वारा जप्ती की कार्यवाही

Reva India News

Leave a Comment