मण्डला 1अक्टूबर 2021
शांति समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आग्रह किया कि कोरोना की संभावित तीसरी को ध्यान में रखते हुये दुर्गाेत्सव एवं ईद-मिलाद-उन-नवी सहित अन्य सभी त्यौहार सांकेतिक रूप से मनायें। जिले को कोरोनामुक्त बनाये रखने के लिये पर्वों के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, अपर कलेक्टर मीना मसराम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि निकटवर्ती जिलों में कोविड का बढ़ता संक्रमण चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि सभी लोग मॉस्क तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुये इसके लिये अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने आव्हान किया कि दुर्गाेत्सव में हर्बल रंगों से युक्त मिट्टी से बनी प्रतिमाओं की स्थापना की जाये। उन्होंने कहा कि संकुचित क्षेत्रों में प्रतिमाओं की स्थापित नहीं करें। दुर्गा पंडालों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिये समुचित मार्किंग सुनिश्चित करें। झांकी सुरक्षित स्थानों पर बनायें जिससे आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। दुर्घटना को रोकने की दृष्टि से पंडालों में सेनेटाईजर नहीं रखा जाये, हाथ धोने के लिये समिति अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगी। बैठक में ईद- मिलाद – उन- नवी के आयोजन के संबंध में भी सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
जुलूस, गरबा, सांस्कृतिक आयोजन, भंडारा, लंगर तथा सामूहिक भोज नहीं होंगे
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान विसर्जन जुलूस एवं गरबा सहित किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन नहीं किये जा सकेंगे। इसी प्रकार छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम भी नहीं होंगे। पर्व के दौरान भंडारा, लंगर तथा सामूहिक भोज का आयोजन प्रतिबंधित रहेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग रात्रि 10 बजे के बाद नहीं किया जा सकेगा। निर्धारित क्षमता से तेज बजाने वाले ध्वनि विस्तारक यंत्र जब्त होंगे। कलेक्टर ने कहा कि दशहरा का कार्यक्रम भी सांकेतिक रूप से आयोजित करें। उन्होंने पर्व के दौरान विद्युत की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश दिये। विद्युत बाधित होने की स्थिति में विद्युत मंडल तथा नगर पालिका संयुक्त रूप से जिम्मेदार रहेंगे। विद्युत के रखरखाव के लिये अतिरिक्त दल बनायें। पर्व के दौरान एक एंबुलेंस पुलिस थाने में रखी जाये। उन्होंने संबंधित विभागों को साफ सफाई तथा सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने उपस्थित लोगों से ज्ञानदान योजना के तहत पुस्तकें दान करने का आग्रह भी किया।
विसर्जन में 10 सदस्यों की रहेगी अनुमति
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि त्यौहारों के दौरान किसी प्रकार के चल समारोह, विजर्सन जुलूस, जलसा एवं रैली आदि का आयोजन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि दुर्गा समिति के सदस्यों की सूची संबंधित एसडीएम कार्यालय में जमा करें जहां से सभी को पास जारी किये जायेंगे। विसर्जन कार्यक्रमों सहिम अन्य चल समारोह में एक मात्र वाहन की अनुमति रहेगी, एक से अधिक वाहन रहने की स्थिति में जिला परिवहन अधिकारी द्वारा वाहनों को जब्त करने की कार्यवाही की जायेगी। विसर्जन के लिये प्रशासन द्वारा विस्तृत आदेश जारी किये जा रहे हैं जिनका पालन कराना संबंधित एसडीएम की जिम्मेदारी होगी।
हर पंडाल पर तैनात रहेगा प्रशासनिक अमला
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान धारा 144 का सख्ती से पालन कराने के लिये प्रत्येक पंडाल पर प्रशासनिक अमला तैनात किया जायेगा। उन्होंने प्रत्येक पंडाल पर एक राजस्व निरीक्षक तथा तीन पटवारी की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये। नियुक्त अमला स्थल पर कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने के लिये जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम समितियों की बैठक लेकर उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था से अवगत करायें। एसडीएम आदेश उल्लंधन की स्थिति में समिति के सदस्यों की जिम्मेदारी निर्धारित करेंगे।
