मण्डला 7 अक्टूबर 2021
राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें। अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही केवल आदेश जारी करने तक सीमित न रहे, इसके परिणाम भी परिलक्षित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि की सुरक्षा करना राजस्व विभाग की जिम्मेदारी है। कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम तथा तहसीलदार उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ग्वारा हवाईपट्टी के निकट के अतिक्रमण तत्काल हटाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्हांेने कहा कि सभी शासकीय भूमि पर पंचायत के सहयोग से सूचना पटल लगायें। सूचना पटल में स्पष्ट रूप से लिखा जाए कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं वहां भी बोर्ड लगाएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकृत करें। मोबाईल न्यायालयों को सक्रिय करते हुए फौती एवं नामांतरण के प्रकरणों का मौके पर ही सुनवाई कर समुचित निराकरण करें। किसी भी न्यायालय में 6 माह से अधिक कोई प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। विशेष सुनवाई करते हुए 6 माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का निराकरण अक्टूबर माह में करें। इस संबंध में उन्होंने दैनिक प्रतिवेदन भेजने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व अधिकारी न्यायालयीन कार्यों को प्राथमिकता प्रदान करें। पीठासीन अधिकारी तथा रीडर के पास लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए उनमें नियमानुसार सुनवाई करें।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सारा ऐप्प में लंबित प्रकरणों का निराकरण 15 दिन में कराएं। सारा ऐप्प अपडेट कराएं, सभी पटवारी अपडेट खसरा की प्रति अपने पास रखें। राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान दें, लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें जिनके आधार में सुधार होना है तत्काल कराएं। जिन पटवारियों के क्षेत्र में किसानों को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करें। इसी प्रकार अपात्र हितग्राही को लाभ मिलने की स्थिति में संबंधित पटवारी पर कार्यवाही करें। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत् सत्यापन कार्य भी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को यूरिया का उपयोग कम करने तथा उन्नत बीज का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। बैठक में स्वामित्व योजना, सीएम हेल्पलाईन, जनसुनवाई, गिरदावरी सत्यापन, वैक्सीनेशन, कोदो-कुटकी तिहार सहित अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
राजस्व कैम्प को परिणाममूलक बनाएं
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर लगने वाले राजस्व शिविरों को परिणाममूलक बनाएं। कोटवारों के माध्यम से नामांतरण, बंटवारा तथा फौती आदि के प्रकरणों की सूची तैयार करवाएं तथा शिविर के दौरान मौके पर ही सुनवाई करते हुए उनका समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। नामांतरण एवं बंटवारा के प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करें। उन्होंने इस संबंध में पटवारीवार साप्ताहिक समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निराकृत प्रकरणों की जानकारी पोर्टल पर तत्काल अपलोड करें। सभी एसडीएम प्रत्येक सोमवार की अपरान्ह में तहसीलदारों की बैठक लेते हुए लंबित तथा निराकृत प्रकरणों की समीक्षा करें। भूमि रिकार्ड के शुद्धिकरण के प्रकरणों का निराकरण गंभीरता से करें।
ईटीएस मशीन से ही करें सीमांकन
सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सीमांकन प्रकरणों का अधिक समय तक लंबित रहना संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली को प्रदर्शित करता है। सीमांकन प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाएं। सीमांकन संबंधित पक्षों की उपस्थिति में ही कराएं। उन्होंने कहा कि सीमांकन ईटीएस मशीन के माध्यम से कराया जाए। नैनपुर तथा नारायणगंज में सीमांकन के प्रकरण अधिक संख्या में लंबित होने पर उन्होंने अपर कलेक्टर तथा एसडीएम को भ्रमण कर गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पंचायतवार राजस्व शिविर आयोजित कर प्रकरणों का निराकरण करें। शिविर के लिए जिला स्तर से कैलेंडर जारी करें।
पटवारी के पास संधारित कराएं शिकायत पंजी
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि जन समस्याओं का मौके पर ही समुचित निराकरण के लिए क्लस्टर तथा पंचायत स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जाएगी जिसमें सभी विभागों से संबंधित समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्रकरणों का निराकरण करें तथा बचे हुए प्रकरणों का निराकरण शिविर के माध्यम से करें। संबंधित पटवारी शिकायत पंजी संधारित करेगा। उन्होंने इस संबंध में जिला स्तर से कैलेंडर जारी करने तथा टीम गठित करने के निर्देश दिए।
रोको-टोको अभियान संचालित करें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपस्थित राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए कोविड गाईडलाईन का सख्ती से पालन कराएं। सार्वजनिक स्थानों पर मॉस्क न लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं करने वालों पर कार्यवाही करें। मॉस्क न लगाने वाले शासकीय कर्मचारियों पर भी कार्यवाही करें। इसी प्रकार मॉस्क तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर भी सख्त कार्यवाही करें। किसी भी जगह में भीड़ एकत्र न होने दें, लोगों को दशहरा सहित अन्य पर्व सांकेतिक रूप से मनाने के लिए समझाईश दें।
