Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

शिक्षा से वंचित बच्चों के घर-घर संपर्क कर उन्हें प्रवेश दिलाएं- हर्षिका सिंह कलेक्टर ने स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

मण्डला 21 अक्टूबर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्कूल शिक्षा विभाग की विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में प्रवेश संख्या को बढ़ाएं। कोई भी बच्चा अप्रवेशी अथवा शालात्यागी नहीं रहना चाहिए। उन्होंने जनपदवार कक्षा छठवीं, सातवीं, आठवीं, नवमी, दसवीं एवं कक्षा 11वीं में प्रवेश की आकडे़वार समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिक्षा से वंचित बच्चों को चिन्हित करें। घर-घर जाकर उनके अभिभावकों को शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए बच्चों को प्रवेश दिलाएं।

 

सभी बच्चों का समग्र मैपिंग आगामी 48 घंटे में सुनिश्चित करें

 

कलेक्टर ने जनपदवार समग्र मैपिंग की आंकड़ेवार समीक्षा की। समग्र मैपिंग में संतोषजनक प्रदर्शन नही करने वाले मोहगांव ब्लॉक को उन्होंने नोटिस देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्रवृत्ति, पुस्तक वितरण, भवन स्थिति की समीक्षा करते हुए जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में पुस्तक वितरण का कार्य गंभीरता से सुनिश्चित करें। प्राप्त पाठ्यपुस्तक सामग्री का शत-प्रतिशत वितरण करें। इसी प्रकार वितरण को विमर्श पोर्टल पर भी अपडेट कराएं।

 

लेब तथा लाइब्रेरी की करें समुचित व्यवस्था

 

कलेक्टर ने सभी बीइओ एवं बीआरसी को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के स्कूलों में लैब एवं लाइब्रेरी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी जरूरी सामग्री प्राप्त कर प्रायोगिक अध्ययन की ओर विशेष ध्यान दें। श्रीमती सिंह ने कहा कि बच्चों को लैब का समय-समय पर परिचय एवं लाइब्रेरी में रखी पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित करें।

 

स्कूलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई करायें

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि नए प्रवेश के साथ ही सभी शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी अपने क्षेत्र के स्कूलों एवं भवनों की मरम्मत करते हुए उसमें पानी, बिजली एवं रंगाई पुताई की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में बिजली, पीने के पानी की व्यवस्था समुचित रूप से सुनिश्चित हो। साथ ही शौचालय का उपयोग नियमित रूप से हो एवं वहां पर पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिसंबर तक सभी स्कूल एवं आंगनवाडी भवनों में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन एवं जल उपलब्धता सुनिश्चित होना चाहिए।

 

नवागत शिक्षकों को बधाई

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में नई शिक्षक भर्ती के तहत पद स्थापित हुए सभी शिक्षकों की बैठक ली। उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अपनी तरफ से सभी सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। साथ ही अपनी प्रतिभा का सर्वाेत्तम उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के भविष्य को सवारें। कलेक्टर ने कहा कि नवागत शिक्षक पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए भी प्रयास करें तथा बच्चों को बाहरी दुनिया एवं सामान्य ज्ञान से भी परिचित कराएं। उन्होंने नवागत शिक्षकों से अपना काम पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से करने का आव्हान किया।

 

अभिभावक अपने बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि व्यक्ति के समग्र विकास के लिए शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में सभी अभिभावक अपने बच्चों को निरंतर रूप से शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करें। उन्हें सकारात्मक माहौल दें तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर ने ऐसे अभिभावकों से भी अपील की है कि जिनके बच्चे अभी तक स्कूल में प्रवेश नहीं प्राप्त किया है, उन्हें भी स्कूलों में दाखिला देते हुए नियमित रूप से स्कूल भेजें।

 

स्कूलों में कराए कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन

 

कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को निर्देशित किया कि अपने अधीनस्थ सभी स्कूलों में बच्चों के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन कराएं। कोविड प्रोटोकॉल से संबंधित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें। बच्चों को मॉस्क, सोशल डिस्टेंसिंग एवं नियमित रूप से हाथ देने के लिए प्रेरित करें। इसी प्रकार साफ-सफाई तथा कोविड प्रोटोकॉल के संबंध में जागरूक भी करें।

 

सेकंड डोज वैक्सीनेशन महाभियान में सहयोग करें सभी शिक्षक

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी बीईओ, बीआरसी एवं जिले के समस्त शिक्षकों को निर्देशित किया है कि 22 एवं 23 अक्टूबर को समस्त मंडला जिले में कोविड वैक्सीनेशन के सेकंड डोज के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में सभी शिक्षक अपने गांव में जाकर बच्चों के माध्यम से अभिभावकों को प्रेरित करें एवं स्वयं भी उनसे मिले। इसी प्रकार वेक्सीनेसन में मैदानी अमले का सहयोग करते हुए जन जागरूकता का कार्य करें। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक अपने स्तर पर भी जन जागरूकता का कार्य करें। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों से उनके अभिभावकों को कोविड के सेकंड डोज के लिए आग्रह पत्र जरूर लिखायें।

 

सभी ब्लॉकों में कराए स्मार्ट क्लास की व्यवस्था

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मंडला जिले के समस्त विकासखंडों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस स्मार्ट क्लास के साथ-साथ विद्यार्थियों में उत्सुकता एवं रुचि विकसित करने के लिए इंटरनेट, ग्राफिक्स एवं प्रयोग आधारित शिक्षण पद्धति को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि जिले के शिक्षा के समाजसेवी या जिलाधिकारी अपने विषय से संबंधित शिक्षा सेवाएं देना चाहते हैं तो जिला प्रशासन एव शिक्षा विभाग का सहयोग कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे व्यक्तियों का प्रशस्ति पत्र के माध्यम से सम्मान किया जाएगा। बैठक के अंत में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिथि शिक्षकों की अपने स्तर पर पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसी प्रकार स्कूलों में सभी आवश्यक व्यवस्था बिजली, पानी, सफाई की व्यवस्था बनायें। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, डीपीसी, एपीसी मुकेश पांडे, शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।

Related posts

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

Reva India News

रोजगार स्वरोजगार अप्रेंटिसशिप (युवा संगम) मेला 18 नवंबर को

Reva India News

कान्हा प्रबंधन और पत्रकारों के बीच बनी सहमति नौ दिन से चल रहे धरने पर लगा विराम 14 सूत्रीय मांगो पर सौंपा ज्ञापन

Reva India News

Leave a Comment