जल जीवन मिशन का कार्य समय-सीमा में पूरा करें – श्री कुलस्ते
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 3 नवम्बर 2021
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में योजना भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यों पर विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जल जीवन मिशन का कार्य समय सीमा में पूरा करें। इसी प्रकार दिसम्बर तक सभी सरकारी स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में शतप्रतिशत नलजल कनेक्शन सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने मैदानी भ्रमण के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा अवश्य करें। टेंडर की शर्तों एवं समय सीमा के अनुसार कार्य नहीं करने वाले संबंधित ठेकेदारों पर कार्यवाही करें।
श्री कुलस्ते ने बैठक में पिछली बैठक के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से जवाब मांगे। बैठक में श्री कुलस्ते ने स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं के विस्तार पर जानकारी ली। उन्होंने रिक्त तथा नए पदों की भर्ती की जानकारी तथा डॉक्टर्स की उपलब्धता पर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सालयों में डॉक्टरों की नियमित रूप से उपलब्धता सुनिश्चित करें। बैठक में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, विधायक बिछिया नारायण पट्टा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसीईओ श्री मरावी, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत अध्यक्ष मंडला, नगरीय निकायों के अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने वन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी वनग्रामों में सड़क मार्ग सुनिश्चित करें। साथ ही वन विभाग क्लस्टर स्तर पर वनधन केन्द्रों का निर्माण करें। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि वन ग्रामों में शतप्रतिशत बिजली सुनिश्चित करते हुए इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक में वनधन केन्द्रों की गतिविधियों के संबंध में जिला प्रशासन की योजना रखी। श्री कुलस्ते ने वृक्षारोपण, वन सुधार, वन उत्पादों की प्रोसेसिंग एवं मार्केटिंग के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वन विभाग नियमित रूप से अपने कार्यों की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधि को भी उपलब्ध कराएं। उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत लेबर बजट, भूमि सुधार कार्य तथा भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। श्री कुलस्ते ने मोहगांव क्षेत्र में बांस उत्पादन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए एवं कहा कि इस क्षेत्र में नई प्रजाति के बांसों का उत्पादन प्रायोगिक तौर पर शुरू करें। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, बैगा माताओं को राशि वितरण सहित सड़क, मत्स्य पालन एवं अन्य बिन्दुओं की समीक्षा की।
बैठक में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने कहा कि बैगा विकास से संबंधित कार्यों को संबंधित विभाग गंभीरता से एवं प्राथमिकता से पूर्ण करें। बैगा माताओं को मिलने वाली सहायता राशि नियमित रूप से उपलब्ध कराएं। साथ ही पात्र बैगा माताओं को नियमानुसार सहायता राशि प्रदान करने की कार्यवाही करें। विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले ने स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, सड़क उन्नयन कार्य तथा जिले में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए सुझाव दिए। विधायक बिछिया नारायण पट्टा ने वनग्रामों में बिजली, मनरेगा कार्य तथा पलायन से संबंधित मुद्दे रखे। इसी प्रकार विधायक देवसिंह सैयाम ने वन विभाग द्वारा नियमित रूप से बैठकें आयोजित कर वन विभाग तथा वन समितियों के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों की जानकारी साझा करने की बात कही। बैठक में उपस्थित नगरीय निकायों, जिला पंचायत तथा जनपद प्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्र से संबंधित समस्या एवं सुझाव रखे।
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने प्रभावी इंतजाम करें – श्री कुलस्ते
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
मण्डला 3 नवम्बर 2021
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए श्री कुलस्ते ने कहा कि जिले की अगल-अलग सड़कों एवं क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को रोकने प्रभावी इंतजाम करें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थलों पर संकेतक एवं अन्य मानकों के अनुसार कार्य सुनिश्चित करें। श्री कुलस्ते ने जिले मे हेलमेट जागरूकता, लायसेंस वितरण के दौरान जागरूकता कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक निवास डॉ. अशोक मर्सकोले, विधायक बिछिया नारायण पट्टा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसीईओ श्री मरावी, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में शहर का यातायात दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए इसे सख्ती से हटाने की कार्यवाही करें। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता ने विगत् बैठक के पालन प्रतिवेदन पर चर्चा की तथा यातायात सुधार के संबंध में की जा रही कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। यातायात थाना प्रभारी श्री राजपूत ने यातायात विभाग द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के चिन्हांकन एवं ग्रामीण स्तर पर यातायात जागरूकता के संबंध में किए जा रहे कार्यों का ब्यौरा दिया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सड़कों पर रहने वाले मवेशियों एवं उनके मालिकों पर आवश्यक कार्यवाही, आगामी शादी एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान यातायात बाधित करने से संबंधित नोटिस एवं अन्य उपयोगी सुझाव दिए। बैठक में स्कूल बसों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश तथा शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रतिबंध के समय पर भी चर्चा हुई। इस दौरान शहर के पार्किंग व्यवस्थीकरण पर भी जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव रखे।
कलेक्टर ने जिलेवासियों को दी दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं
मण्डला 3 नवम्बर 2021
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह ने सभी जिलेवासियों को दीपोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा है कि आगामी त्यौहारों के दौरान भी हम सभी कोविड प्रोटोकॉल का विशेष ध्यान रखें। इसी प्रकार मॉस्क का उपयोग तथा सोशल डिस्टेसिंग का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना होगा। श्रीमती सिंह ने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल के साथ-साथ ऐसे सभी व्यक्ति जिन्होंने अब तक वैक्सीनेशन नहीं कराया है तथा ऐसे व्यक्ति जो द्वितीय डोज के लिए पात्र हो गए हैं वे सभी टीका जरूर लगाएं।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति नवीनीकरण के आवेदन 15 नवम्बर तक होंगे
मण्डला 3 नवम्बर 2021
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 वर्ष 2020-21 नवीन व नवीनीकरण छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाईन पोर्टल को 15 नवम्बर 2021 तक पुनः खोला गया है। आवेदन भरने की अंतिम तिथि 15 नवम्बर 2021 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि समस्त संस्थाएं अपनी संस्था में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि तक आवेदन भरने हेतु सूचित करें। यदि कोई विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रहता है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी।
जिला पेंशन फोरम की बैठक 10 नवम्बर को
मण्डला 3 नवम्बर 2021
जिला पेंशन अधिकारी अखिलेश नेटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर कलेक्टर मण्डला की अध्यक्षता में जिला पेंशन फोरम मण्डला की बैठक 10 नवम्बर दिन बुधवार को जिला योजना भवन सभाकक्ष में दोपहर 3 बजे आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि बैठक में संबंधित अधिकारियों को पेंशन प्रकरणों से संबंधित विभागीय जानकारी तथा पूर्व की बैठक कार्यवाही विवरण सहित उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
शासकीय आईटीआई में सीएलसी राउण्ड के लिये च्वाईस फिलिंग 7 नवम्बर तक
मण्डला 3 नवम्बर 2021
प्राचार्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की समस्त शासकीय आईटीआई में सीएलसी राउण्ड के लिये च्वाईस फिलिंग एवं नये रजिस्ट्रेशन 7 नवंबर 2021 तक किये जा सकते हैं। शासकीय आईटीआई के प्राचार्य आर.एस. बरकड़े ने बताया कि रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु नये रजिस्ट्रेशन व रजिस्ट्रेशन में त्रुटि सुधार, नवीन च्वाईस फिलिंग, च्वाइस फिलिंग में सुधार करा सकते हैं। यह प्रवेश हेतु लगभग आखिरी मौका होगा, इच्क्षुक महिला एवं पुरूष आवेदक एमपी ऑनलाईन के पोर्टल से रजिस्ट्रेशन, च्वाइस फिलिंग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिये निकटस्थ आईटीआई में संपर्क किया जा सकता है।
30 नवम्बर तक निर्वाचक नामावली के संबंध में दावे आपत्ति आमंत्रित
मण्डला 3 नवम्बर 2021
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पनरीक्षण-2022 कार्यक्रम के अंतर्गत 1 नवम्बर 2021 को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मण्डला की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम से अवगत कराते हुए जिले की तीनों विधान सभा क्षेत्रों के सभी 940 मतदान केन्द्रों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन हो जाने की जानकारी दी गई। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतगर्त 1 नवम्बर 2021 से 30 नवम्बर 2021 तक दावे आपत्तियां प्राप्त की जायेंगी। उक्त अवधि में कोई भी पात्र मतदाता जिसका नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, वह अपने बी.एल.ओ. से संपर्क कर अपना नाम जुड़वाने हेतु आवेदन कर सकता है।
अपर कलेक्टर ने बताया कि उपस्थित दलों के प्रतिनिधियों को आयोग से अनुमोदित विधान सभा क्षेत्र 105 बिछिया (अजजा) के एवं 107-मण्डला (अजजा) के शिफ्ट मतदाताओं एवं मतदान केन्द्र के भवन परिवर्तन से भी अवगत कराया गया। बैठक में उपस्थित सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को प्रारूप निर्वाचक नामावली की एक-एक प्रति (फोटो सहित) एवं प्रारूप निर्वाचक नामावली की एक-एक डी.व्ही.डी. (फोटो रहित) निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से यह भी अपेक्षा की गई कि वे सभी पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में जोड़ने के कार्य में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। नियुक्ति हेतु शेष बी.एल.ए. की शीघ्र नियुक्ति कर जानकारी उपलब्ध कराने हेतु भी राजनैतिक दलों से कहा गया।
खाद की दरें निर्धारित एवं कालाबाजारी पर उचित कार्यवाही के निर्देश
मण्डला 3 नवम्बर 2021
उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास से प्राप्त जानकारी के अनुसार रबी सीजन के लिए जिले में फिलहाल पर्याप्त खाद (उर्वरक) उपलब्ध हैं। दीवाली त्यौहार के बाद बोवनी के काम में तेजी आएगी और खाद की आवश्यकता पड़ेगी। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा सभी प्रकार के खाद उर्वरक के भाव सूची जारी की गई है ताकि किसान उक्त भाव देखकर ही खरीदी करें और यदि कोई उनसे ज्यादा भाव लेता है या किसी प्रकार की गड़बड़ी करता है, तो किसान शिकायत कर सकता है। इस साल जिले में अच्छी बारिश के साथ अक्टूबर माह के तीसरे सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहा है। ऐसे में कृषि विभाग द्वारा अभी से स्टॉक की जानकारी प्रतिदिन अपडेट करने के साथ खाद के भाव की सूची भी सार्वजनिक की है। विभाग द्वारा जारी रासायनिक उर्वरकों की निर्धारित दर उर्वरक यूरिया 266.50 रू. प्रति बैग, डीएपी 1200 रू. प्रति बैग, एमओपी 1000 रू. प्रति बैग, सिंगल सुपर फॉस्फेट (पावडर) 274.50 रू. प्रति बैग एवं दानेदार 304.50 रू. प्रति बैग, एनपीके 1470 रू. प्रति बैग, एनपीके (12:32:16) 1185 रू. इफको, एनपीके (10:26:26) 1474 रू. कोरोमंडल, एनपीके (10:26:26) 1175 रू. इफको, एनपीके (14:35:14) 1550 रू., एनपीके (28:28:0) 1550 रू., अमोनियम फास्फेट (20:20:0) 1150 रू. इफको, अमोनियम फास्फेट (20:20:0) 1225 रू. आईपीएस, पीपीएल, कोरोमंडल तथा बोरोनेटेड सिंगल सुपर फास्फेट (पाउडर) 305.75 रू. एवं बोरोनेटेड सिंगल सुपर फास्फेट (दानेदार) 372.90 रू. दर निर्धारित किया गया है।
रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक पटाखों का उपयोग प्रतिबंधित
मण्डला 3 नवम्बर 2021
माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देश के पालन में मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा दीपावली पर्व के अवसर पर ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों पर रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संबंधित अधिकारियों को उक्त आदेश का पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
