वाहन नियम विरूद्ध संचालन करने वालों पर की गई कार्यवाही
मण्डला 4 दिसम्बर 2021
जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिण्डोरी रोड एवं पुरवा में जिले में ऑटो रिक्शा एवं अन्य वाहनों की चैकिंग की गई। वाहनों में ओव्हरलोडिंग, फिटनेस, परमिट, लायसेंस, बीमा आदि दस्तावेजों की जांच की गई। नियम विरूद्ध वाहन संचालन करने वालों पर कार्यवाही करते हुए 5 ऑटोरिक्शा जब्त किया गया। साथ ही कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिये चालक सहित प्रत्येक यात्री को मॉस्क अनिवार्य रूप से लगाने एवं सोशल डिस्टेशिंग का पालन करने हेतु समझाईश भी दी गई। इस दौरान जिला परिवहन अधिकारी बिमलेश कुमार गुप्ता, आर.एस. तेकाम एवं राहुल उइके उपस्थित रहे।

जिला पंचायत के अध्यक्ष पदों का आरक्षण
मण्डला 4 दिसम्बर 2021
मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 32 एवं मध्यप्रदेश पंचायत निर्वाचन नियम 1995 के अनुसार अध्यक्ष जिला पंचायत के पदों के आरक्षण की कार्यवाही 14 दिसम्बर 2021 दिन मंगलवार नियत की गई है। यह कार्यवाही जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान वाल्मी संस्थान भोपाल के ओडिटोरियम में प्रातः 12 बजे से प्रारंभ होगी। संचालक पंचायत राज संचालनालय ने यह जानकारी कलेक्ट्रेट तथा जिला पंचायत के सूचनापटल पर चस्पा कर दिए हैं।
स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को बकरीपालन हेतु भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
मण्डला 4 दिसम्बर 2021
संस्था द्रोणाचार्य शिक्षण समिति द्वारा राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के आजीविका उद्यम विकास कार्यक्रम अंतर्गत मंडला जिले के मोहगांव विकासखण्ड के ग्राम झीना, पलहेरा और चोगान के स्व-सहायता समूहों की 150 सदस्यों को बकरी पालन हेतु प्रशिक्षण देकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी श्रखंला में चयनित ग्रामों से 15 सदस्यों का भ्रमण कार्यक्रम ब्लॉक नारायणगंज के फार्म मंडला गोट फार्म में आयोजित किया गया। गोट फार्म के संचालक श्री धुर्वे जो कि खुद एक सफल उद्यमी हैं के द्वारा बहुत ही सरल भाषा में बकरी पालन को एक व्यवसाय के रूप् में कैसे किया जाए जैसे कि बकरी की खरीदी के समय ली जाने वाली सावधानियाँ, स्वास्थ्य एवं उपयोगी बकरियों का चयन, आवास प्रबंधन एवं फार्म उपकरण, बकरी की बिक्री एवं मार्केटिंग तथा फार्म प्रबन्धन क्रियाकलाप एवं उसके लाभ के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। इस परियोजना के शुरुआत में सभी 150 सदस्यों को मंडला पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सकों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद संस्था द्वारा आजीविका मिशन के सहयोग से सभी समूहों को बैंक ऑफ महाराष्ट्र से सीसीएल ऋण दिलाया गया जिससे कि सदस्यों ने 2 से 3 बकरियाँ अपने ग्राम स्तर पर ही खरीद कर बकरी पालन शुरू किया। अब इन सदस्यों को बैंक सीसीएल अथवा मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक और नाबार्ड के जेएल कार्यक्रम के माध्यम से अधिक ऋण लेकर बकरियों की संख्या बढ़ाने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।
बकरी पालन के तहत प्रशिक्षण के पश्चात भगवती पन्द्रो ग्राम पलेहरा ने बताया कि हम बकरी पालन तो कर रहे पर अभी यह छोटे स्तर पर है। प्रशिक्षण के पश्चात हमें इसे व्यवसाय की तरह अपनाने हेतु प्रेरणा एवं हिम्मत मिली है और अब हम 3 से 4 बकरियों की जगह 15 से 20 बकरियों के साथ बकरी पालन करने के लिए सक्षम हैं। भ्रमण के दौरान संस्था द्रोणाचार्य शिक्षण समिति से राजूलाल यादव एवं सतीश कुमार मोंगरे उपस्तिथ रहे।

पी.एम.ई.जी.पी. योजना के तहत हितग्राहियों का ई.डी.पी. प्रशिक्षण 6 से प्रारंभ
मण्डला 4 दिसम्बर 2021
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम अंतर्गत, खादी और ग्रामोद्योग आयोग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड मंडला द्वारा विभिन्न बैंकों को प्रेषित एवं बैंकों द्वारा स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक 10 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के परिसर में 6 से 15 दिसम्बर तक आयोजित किया जा रहा है। ऐसे समस्त हितग्राही जिनकों बेंकों के द्वारा ऋण प्रकरण में स्वीकृति प्राप्त हो गई है एवं बैंकों द्वारा पीएमईजीपी पोर्टल में स्वीकृति पत्र अपलोड कर दिया गया है वे समस्त हितग्राही 6 दिसम्बर को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र मंडला में प्रातः 10:30 बजे उपस्थित होकर प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं।
