Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में सेक्टर अधिकारी महत्वपूर्ण कड़ी – हर्षिका सिंह कलेक्टर ने ली सेक्टर अधिकारियों की बैठक

मण्डला 6 दिसम्बर 2021

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों की बैठक में कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में सेक्टर अधिकारी महत्वपूर्ण कड़ी है। सभी सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों एवं मतदान केन्द्रों का भ्रमण करें। अपने क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों की संपूर्ण जानकारी रखें। इसी प्रकार अपने क्षेत्र के क्रिटीकल एवं वल्नरेवल मतदान केन्द्रों की जानकारी भी रखें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे सहित सभी सेक्टर अधिकारी एवं संबंधित उपस्थित थे।

श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मजिस्ट्रियल पावर दिए गए हैं। सभी सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के आरओ तथा एआरओ से समन्वय बनाते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत् शासकीय संपत्ति से राजनैतिक प्रचार-प्रसार सामग्री को हटाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार अपने क्षेत्रों में एमसीसी उल्लंघन, उनकी शिकायतें प्राप्त करने तथा उनके समाधान संबंधी कार्यवाही के निर्देश दिए।

 

अपने क्षेत्र का नक्शा तैयार करें सेक्टर अधिकारी

 

जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के सभी मतदान केन्द्रों का नक्शा तैयार करेंगे, साथ ही रूटप्लॉन भी तैयार करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों के सड़क मार्गों की जानकारी भी रखेंगे, साथ ही महत्वपूर्ण अधिकारियों तथा मैदानी अमले के साथ अपना मोबाईल नंबर साझा करते हुए जरूरी समन्वय बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारियों के पास उनके क्षेत्र के क्रिटीकल एवं वल्नरेवल मतदान केन्द्रों की सूची, कारण तथा चिन्हांकन सुस्पष्ट रूप में होना चाहिए।

 

एमसीसी उल्लंघन की जानकारी तत्काल दें

 

कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता का पालन सुनिश्चित कराने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी सेक्टर अधिकारी के क्षेत्र में एमसीसी उल्लंघन का मामला संज्ञान में आता है तो इसे तत्काल संबंधी क्षेत्र के आरओ तथा जिला निर्वाचन कार्यालय को सूचित करें। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को अवैध गतिविधियों के नियंत्रण में भी सहयोग करने के निर्देश दिए।

 

मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ चलाएँ

 

श्रीमती सिंह ने कहा कि सेक्टर अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान को सुनिश्चित करने सक्रिय मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ चलाएं। अपने क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों का भ्रमण सुनिश्चित करें। मतदान केन्द्रों में पानी, बिजली, साफ-सफाई सहित कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराएं। उन्होंने कहा कि सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों के भ्रमण के दौरान स्थानीय मतदाताओं से बात करते हुए उन्हें मतदान के लिए प्रेरित भी करें। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को अपने क्षेत्र के दिव्यांग मतदाताओं की जानकारी भी संधारित करने के निर्देश दिए।

Related posts

राज्यपाल श्री पटेल ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश

Reva India News

जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास मंडल की बैठक आयोजित  

Reva India News

मुस्कान पुनर्वास केंद्र के विशेष बच्चों ने किया कान्हा टाइगर रिज़र्व का भ्रमण वन और वन्य प्राणियों को नज़दीक  रोमांचित हुए बच्चे

Reva India News

Leave a Comment