Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

मण्डला 27 दिसम्बर 2021रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार

सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का प्रतिदिन निराकरण करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने की समाधान, सीएम हेल्पलाईन सहित अन्य विषयों की विस्तृत समीक्षा

 

मण्डला 27 दिसम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने योजना भवन में समय सीमा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरण, समाधान ऑनलाईन कार्यक्रम तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आगामी 4 जनवरी को समाधान कार्यक्रम प्रस्तावित है। समाधान कार्यक्रम से जुड़े सभी विभाग अपने प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन से जुड़े विभागों के अधिकारियों से जवाब मांगे। श्रीमती सिंह ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों का प्रतिदिन निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि इस माह के अंत तक सीएम हेल्पलाईन के अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें अन्यथा वेतन रोकने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे, एसीईओ श्री मरावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने समाधान कार्यक्रम के तहत चिन्हित विषयों का प्रभावी रूप से निराकरण नहीं करने के कारण तहसीलदार नैनपुर एवं निवास को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं अवैतनिक करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी एवं कारणों की समीक्षा करते हुए ब्यौरा तैयार करें। यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाते हुए सड़क दुर्घटनाओं को कम करने एवं जागरूक करने के लिए कार्ययोजना बनाएँ। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभागों से सेवानिवृत्त हो चुके शासकीय सेवकों का पीपीओ बनाकर तैयार रखें। आगामी सप्ताह में सभी को पीपीओ वितरण किया जाएगा।

श्रीमती सिंह ने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि बड़े रपटा पुल का परीक्षण करें तथा आवश्यक होने पर सुधार करते हुए इसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह को निर्देशित किया कि जननी सुरक्षा से जुड़े सभी भुगतान करें। भुगतान में लापरवाही बरतने वाले बीएमओ का वेतन रोकें। कलेक्टर ने स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में बनाए गए शौचालय एवं अन्य निर्माण कार्यों का सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीओ डूडा को निर्देशित किया कि नगरीय पथ विक्रेता एवं एनएलयूएम की दैनिक समीक्षा करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। जन्म-मृत्यु के प्रमाण पत्र समय पर जारी करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि एसएचजी लिंकेज के लिए विशेष कैम्प आयोजित करें। शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कक्षा दसवी एवं बारहवी परीक्षा के आयोजन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त प्रयास करें। इस संबंध में शिक्षकों की बैठक आयोजित करें। इसी प्रकार शिक्षकों की गणित, अंग्रेजी एवं विज्ञान विषयों की कठिन अवधारणाओं के निराकरण के लिए डाईट में उपचारात्मक प्रशिक्षण आयोजित करें। उन्होंने कहा कि प्रति मंगलवार को नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित होगी। सभी जिला अधिकारी जनसुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित होना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में स्वच्छता अभियान, जल-जीवन मिशन, उपार्जन, स्वामित्व योजना, राशन आपके ग्राम योजना, पुस्तक एवं गणवेश वितरण आदि योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

किसी भी योजना का बजट लेप्स न हो

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने विभागीय बजट की समीक्षा करते हुए नियमानुसार राशि का उपयोग सुनिश्चित करें। ध्यान रहे किसी भी योजना के तहत स्वीकृत बजट लेप्स नहीं होना चाहिए। वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है अतः मासिक लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ति का प्रयास करें। कलेक्टर ने कहा कि किसी भी योजना के तहत श्रमिकों के भुगतान लम्बित नहीं रहने चाहिए।

 

वैक्सीनेशन के लिए घर-घर सर्वे कराएँ

 

वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी वैक्सीनेशन कार्य को अपनी प्राथमिकता में सम्मिलित करें। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में घर-घर सर्वे कराते हुए बचे हुए लोगों का वैक्सीनेशन कराएं। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नगरीय क्षेत्र में वैक्सीनेशन के लिए अतिरिक्त दल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों से भी फीडबैक प्राप्त करें, जो लोग बच गए हैं उनका भी वैक्सीनेशन कराएं। इसी प्रकार 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नवीन मतदाताओं को चिन्हित कर उनका भी वैक्सीनेशन कराएं।

 

 

 

 

 

 

 

 

उपार्जन की समीक्षा बैठक संपन्न

 

मण्डला 27 दिसम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उपार्जन कार्य से संबंधित विभागों की नियमित समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी केंद्र एवं सोसायटीवार उपार्जन के आंकड़ों से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ट्राँसपोर्ट के कार्य को लगातार बढ़ाएं। श्रीमती सिंह ने ट्रांसपोर्टर्स को निर्देशित किया कि प्रत्येक केंद्र में नियमित रूप से परिवहन के लिए अतिरिक्त वाहनों को लगाएं एवं परिवहन की गति को बढ़ाएं। बैठक में खाद्य, सहकारिता, नान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं ट्रांसपोर्टर्स उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया जामगांव, चिरईडोंगरी एवं बम्हनी बंजर के खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण

डीएम नान को उपार्जन के परिवहन को बढ़ाने दिए सख्त निर्देश

 

मण्डला 27 दिसम्बर 2021

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में चल रहे उपार्जन कार्य का जायजा लेने जामगांव, चिरईडोंगरी तथा बम्हनी बंजर के उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन के कार्य तथा अन्य प्रक्रियाओं पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने उपार्जन परिवहन की गति धीमी होने के चलते कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने डीएम नान को सख्त निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों की फसल का तत्काल परिवहन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र में प्रतिदिन 10 से 15 अतिरिक्त ट्रकों के माध्यम से उपार्जन परिवहन कार्य सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र में आए किसानों से चर्चा करते हुए भुगतान तथा उपार्जन के लिए प्राप्त होने वाले एसएमएस के संबंध में जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने उपार्जन केंद्रों में धान का अपने समक्ष वजन कराया तथा फसल की नमी भी जाँची। उन्होंने कहा कि पहले उपार्जित की गई फसल का पहले परिवहन कराएं। साथ ही किसानों को नियमित रूप से सूचना देते हुए उपार्जन कार्य को व्यवस्थित रूप से चलाएं।

कलेक्टर ने सहकारिता विभाग को निर्देशित किया कि धान के बोरों पर प्रिंटिंग कार्य साफ-सुथरा एवं पठनीय हो। श्रीमती सिंह ने केंद्र प्रभारियों से प्रतिदिन के उपार्जन, गुणवत्तापूर्ण फसल एवं अन्य जरूरी जानकारी ली। उन्होंने एसडीएम नैनपुर को निर्देशित किया कि प्रत्येक केंद्र में आरआई एवं पटवारी की तैनाती करें तथा उनकी निगरानी में प्रत्येक दिवस पर परिवहन का कार्य सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि केंद्रों की मैपिंग उचित रूप से कराएँ तथा किसानों के लिए एसएमएस आदि की व्यवस्था सुचारू रूप से संपादित करें। निरीक्षण के दौरान खाद्य, सहकारिता, नान एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

संपूर्ण मण्डला जिले में रात्रि 11 से प्रातः 5 बजे तक रहेगा नाईट कर्फ्यू

कोरोना संक्रमण से संबंधित नवीन दिशा-निर्देश जारी

जिला दण्डाधिकारी ने जारी किए आदेश

 

मण्डला 27 दिसम्बर 2021

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह ने म.प्र. शासन गृह विभाग से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में दण्ड प्रकिया संहिता 1973 की धारा 144 में प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए नवीन दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो अग्रिम आदेश पर्यंन्त तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होंगे। जारी आदेश के तहत सम्पूर्ण मण्डला जिले में रात्रि 11 से प्रातः 5 बजे तक नाईट कर्फ्यू रहेगा। किन्तु अन्य राज्यों एवं जिलों से तथा जिले के भीतर माल तथा सेवाओं एवं यात्रियों का आवागमन बाधित नहीं होगा। औद्योगिक गतिविधियों का संचालन नाईट कर्फ्यू के प्रतिबंधों से मुक्त रहेगा। समस्त सिनेमा हॉल, मल्टीप्लैक्स, थियेटर, जिम, कोचिंग क्लासेस, स्वीमिंग पूल, क्लब, स्टेडियम में 18 वर्ष से अधिक आयु के केवल उन लोगों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी जिन्होंने कोविड-19 के दोनों टीके लगवाये हैं। समस्त शासकीय सेवकों से अपेक्षा है कि वह कोविड-19 टीके की दोनों डोज लें। समस्त विभागाध्यक्ष, कार्यालय प्रमुख ऐसे शासकीय सेवकों के नाम सूचीबद्ध करेंगे जिनके द्वारा दोनों टीके नहीं लगाये गये हैं तथा उन्हें दोनो टीके लगवाना सुनिश्चित करें। समस्त स्कूलों, कॉलेजों, होस्टलों में कार्यरत प्राचार्य, शिक्षक, संचालक, स्टॉफ तथा अध्ययनरत 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्र-छात्राओं से अपेक्षा है कि वे कोविड-19 के टीके की दोनो डोज लें। ऐसे स्टॉफ, कर्मियों, छात्र-छात्राओं जिनके द्वारा दोनों टीके नहीं लगाए गए हैं उन्हें दोनों टीके लगवाना प्राचार्य, संचालक सुनिश्चित करें। समस्त मार्केट प्लेस एवं मॉल के दुकानदारों तथा मेलों में दुकान लगाने वाले दुकानदारों से अपेक्षा है कि वे कोविड-19 टीके की दोनों डोज लें। जिन दुकानदारों द्वारा दोनों टीके नहीं लगाए गये हैं उन्हें दोनों टीके लगवाना मार्केट एसोसिएशन, मॉल प्रबन्धन, मेला आयोजक सुनिश्चित करें। समस्त सिनेमाहाल, मल्टीप्लैक्स, थिएटर, जिम, कोचिंग क्लासेस, स्वीमिंग पूल स्टॉफ को दोनों टीके लगवाना आवश्यक होगा। हॉस्पिटल, नर्सिंग होम्स, मेडिकल दुकानें नाईट कर्फ्यू के दौरान खुली रहेंगी। कोविड उपयुक्त व्यवहार जैसे मॉस्क का उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग आदि का पालन सुनिश्चित कराया जाये। जिले के समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार (कार्यपालिक दण्डाधिकारी), मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरपालिका परिषद, नगर पंचायत को आदेशित किया गया है कि मॉस्क नहीं लगाने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार जुर्माना वसूली की कार्यवाही की जाये।

आदेश के उल्लंघन पर भारतीय दण्ड संहिता 1860 की धारा 188 व अन्य प्रासंगिक धाराओं तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

 

 

 

 

 

 

कुपोषण से मुक्त हुए 36 बच्चे

 

मण्डला 27 दिसम्बर 2021

जिला प्रशासन की पहल पर चलाए जा रहे सेमफ्री मंडला अभियान तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। जिले की बीजाडांडी परियोजना के 36 बच्चे कुपोषण के अभिशाप से मुक्त हुए।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार परियोजना बीजाडांडी में 1 अप्रैल 2021 से 30 सितंबर 2021 तक कुल 41 सेम बच्चे और 77 मेम बच्चे पंजीकृत किए गए। कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में सेम, मेम बच्चों की लगातार मॉनिटरिंग की गई जिनसे बच्चों में सुधार परिलक्षित हो रहा है। इसके लिए लगातार सीडीपीओ सुपरवाइजर द्वारा सेम, मेम बच्चों के यहाँ गृह भेंट, सेम बच्चों को कार्यकर्ताओं द्वारा घर जाकर मिक्स अनाज पंजीरी खिलाई जा रही है साथ ही पोषण वाटिका की सब्जियों का उपयोग किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर समय-समय पर बच्चों की स्वास्थ्य जाँच कराई जा रही है। इसी का परिणाम है कि वर्तमान में सेम के 36 बच्चे सामान्य श्रेणी में और मेम के 64 बच्चे सामान्य श्रेणी में आ गए हैं।

 

 

 

 

आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 27 दिसम्बर 2021

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सोना बाई निवासी ग्राम बुजबुजिया की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान विपत्तिग्रस्त घंसराम को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

पीएम किसान योजना के हितग्राही ई-केवाईसी कराएँ

 

मण्डला 27 दिसम्बर 2021

अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि पी.एम. किसान योजना के हितग्राहियों हेतु ई.के.वाई.सी की सुविधा पी.एम. किसान पोर्टल पर फार्मर कॉनर एवं पी.एम. किसान ऐप पर निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा के माध्यम से आधार लिंक मोबाईल पर ओटीपी के माध्यम से ई.के.वाई.सी की कार्यवाही पूर्ण की जा सकती है। उक्त के अतिरिक्त सी.एस.सी केन्द्रों के माध्यम से भी ई.के.वाई.सी की कार्यवाही हितग्राही द्वारा ओटीपी व बायोमेट्रिक से भी पूर्ण की जा सकती है। सी.एस.सी केन्द्र के माध्यम से ई.के.वाई.सी. की दर 15 रूपये निर्धारित की गई है। ई.के.वाई.सी की कार्यवाही 31 मार्च 2022 तक पूर्ण करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यक्ता है।

 

 

 

मृतक के परिवार को मिली तात्कालिक आर्थिक सहायता

 

मण्डला 27 दिसम्बर 2021

25-26 दिसम्बर की मध्य रात्रि मनेरी अंतर्गत निर्माणाधीन फैक्ट्री मेसर्स इंटरनेशन कम्फोर्ट टेक्नालॉजीस प्राईवेट लिमिटेड में घटित घटना में मृतक श्रमिक के परिजनों को तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस संबंध मंे निवास तहसीलदार से प्राप्त जानकारी के अनुसार औद्योगिक विकास केन्द्र मनेरी अंतर्गत निर्माणाधीन फैक्ट्री मेसर्स इंटरनेशन कम्फोर्ट टेक्नालॉजीस प्राईवेट लिमिटेड में 25 से 26 दिसम्बर 2021 को रात्रि में निर्माण कार्यों के समय घटित हुई घटना के श्रमिक स्व. फूलसिंह झारिया निवासी झुरकी तहसील निवास जिला मण्डला की मृत्यु हो गई थी। चौकी प्रभारी मनेरी, श्रम अधिकारी मण्डला एवं तहसीलदार निवास के द्वारा घटना स्थल पर मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में शासन द्वारा अन्तेष्टि सहायता सचिव ग्राम पंचायत झुरकी के द्वारा 5 हजार रूपये प्रदान की गई। साथ ही निर्माणाधीन कंपनी के स्थल पर उपस्थित सुपरवाईजर द्वारा 60 हजार रूपये तात्कालिक सहायता के रूप में प्रदान की गई। मौके पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नियमानुसार मुआवजा मृतक के परिजनों को श्रम कानूनों एवं अन्य विधिक प्रावधानों के तहत् न्यायिक निर्णय के पश्चात देय भुगतान के अतिरिक्त संबल योजना के तहत 4 लाख रूपये शीघ्र भुगतान कराये जाने संबंधी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। इस कार्यवाही के दौरान प्रभारी तहसीलदार राकेश खम्परिया, श्रम अधिकारी श्री मेश्राम एवं चौकी प्रभारी पंकज विश्वकर्मा मय स्टॉफ एवं मृतक के परिजन तथा ग्रामवासी उपस्थित थे।

Related posts

मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत की जा रही खाद्य पदार्थों की जांच

Reva India News

राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना

Reva India News

ज्ञानदीप स्कूल मंडला के नवनिर्मित भवन का उदघाटन 31 अक्टूबर को

Reva India News

Leave a Comment