Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

11 फरवरी से बच्चों के सभी प्रकार के टीकाकरण के लिए होगा वृहद अभियान प्रारंभ – हर्षिका सिंह

मण्डला 31 जनवरी 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने महिला बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों की विस्तृत बैठक ली। बैठक में उन्होंने बताया कि जिले में पांच फरवरी से 11 फरवरी तक नर्मदा जयंती सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग दिनों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 फरवरी से जिले में बच्चों के नियमित टीकाकरण सहित अन्य सभी प्रकार के टीकाकरण के लिए वृहद टीकाकरण अभियान प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि एनीमिया, कुपोषण शिशु तथा मातृ मृत्यु दर पर नियंत्रण हमारी सर्वोच्‍च प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य तथा महिला बाल विकास विभाग समन्वित प्रयास के साथ यह कार्य करें। श्रीमती सिंह ने बताया कि नियमित टीकाकरण हमारी सर्वोच्‍च प्राथमिकता है। नियमित टीकाकरण के सभी लक्ष्य को अनिवार्य प्राप्त करें।

कलेक्टर ने बताया कि 11 फरवरी से प्रारंभ हो रहे वृहद टीकाकरण अभियान के तहत हर गांव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, एएनएम तथा आशा को मिलाकर एक टीम का गठन करें। उन्होंने बताया कि जून 2020 के बाद से 31 जनवरी 2022 तक जिले के सभी गांव में जन्म लेने वाले बच्चों की जानकारी, उनके माता-पिता का नाम, पंचायत का नाम तथा उनके टीकाकरण की डिटेल एक्सल शीट तैयार करें। एक्सल शीट सभी के साथ शेयर करते हुए 11 फरवरी से वृहद टीकाकरण अभियान प्रारंभ करें। कलेक्टर ने सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक पंचायत की महिला जनप्रतिनिधियों की एक टीम गठित करें। उन्हें ’बाल स्वास्थ्य मित्र’ के नाम से घोषित करें। इन महिला प्रतिनिधियों के माध्यम से उनके क्षेत्र के टीकाकरण से छूटे बच्चों को चिन्हित करते हुए उन्हें टीकाकरण कराएं। उन्होंने बताया कि शत प्रतिशत टीकाकरण करने वाली माताओं का इस दौरान सम्मान किया जाएगा।

 

जन जागरूकता अभियान चलाएं

 

कलेक्टर ने बताया कि 11 फरवरी से जिले भर में बच्चों के सभी प्रकार के टीकाकरण के लिए प्रारंभ हो रहे वृहद टीकाकरण अभियान के बारे में पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। उन्होंने दीवार लेखन के माध्यम से बच्चों के टीकाकरण के महत्व, समय-समय पर लगाए जाने वाले टीकाकरण की जानकारी का प्रचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला घर-घर स्वास्थ्य सर्वे करते हुए पूर्ण तथा अपूर्ण टीकाकरण की जानकारी संधारित करें तथा मंगलवार तथा शुक्रवार को छूटे बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर चर्चा करते हुए कहा कि इसके नियंत्रण की हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिला बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग अमला गर्भवती महिला का ब्यौरा तैयार करेंगे। इस में गर्भवती माताओं के एएनसी रजिस्ट्रेशन, समय-समय पर किए जाने वाले चेकअप का डाटा तथा जनवरी 2021 से जनवरी 2022 तक होने वाली होम तथा संस्थागत डिलीवरी की जानकारी रखें। श्रीमती सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर जानकारी संधारित करते हुए ऐसी पंचायतों का चिन्हांकन भी सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जननी सुरक्षा योजना सहित अन्य प्रकार के भुगतान को समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि जिले से कुपोषण को दूर करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अनेक अभियान चलाया जा रहे हैं। उन्होंने समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया कि कुपोषण दूर करने के लिए सभी सक्रिय रहे। कुपोषित बच्चों को चिन्हित करते हुए उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराए। सैम तथा मैम बच्चों को वर्गीकृत करते हुए उन्हें आवश्यक होने पर एनआरसी में भर्ती कराये। बैठक में स्वास्थ्य तथा महिला विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री का 19 नवंबर को मंडला आगमन

Reva India News

मतदान केन्द्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें – डॉ. सिडाना मण्डला विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर अधिकारियों की बैठक संपन्न  

Reva India News

25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा

Reva India News

Leave a Comment